कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 2029 के चुनाव में भाजपा की हार का दावा किया है. कोच्चि में रैली के दौरान अभिजीत दीपके ने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता से बाहर हो जाएगी. उन्होंने लोगों से केंद्र में सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया.
दीपके ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉजपा के ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ अभियान के तहत आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार में बदलाव केवल चुनाव के जरिए ही संभव है. उन्होंने देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली की अपनी मांग भी दोहराई.
नरेंद्र मोदी के सत्ता में बने रहने के भाजपा के दावे पर दीपके ने कहा, “2029 के लिए तैयार रहिए. वह निश्चित रूप से सत्ता से बाहर होंगे.” उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से बार-बार पूछा कि क्या 2029 में मोदी सत्ता गंवा देंगे, इस पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन जताया. दीपके ने कहा, “सरकार में बदलाव केवल चुनाव के जरिए ही होगा.”
ज्ञानेश कुमार को जाना होगा: दीपके
उन्होंने निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को जरूरी बताया. दीपके ने कहा, “ज्ञानेश कुमार को जाना होगा. अगर वह जाते हैं, तो नरेन्द्र मोदी भी सत्ता से बाहर हो जाएंगे.” उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को बचाने के लिए सरकार देश के युवाओं के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है. उन्होंने सवाल किया कि ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री के लिए इतने महत्वपूर्ण क्यों हैं.
हालांकि, जब वह कोच्चि से मुंबई वापस लौट रहे थे तो उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. दीपके ने एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गवांडे के ट्वीट का जवाब देते हुए बताया कि उन्हें पूरी रात एयरपोर्ट पर ही बितानी पड़ी.
गवांडे लिखते हैं, ‘मुझे दिवाली पर एयरपोर्ट जाना बहुत अच्छा लगता है. सबको उनके सबसे बेहतरीन पारंपरिक कपड़ों में सजे-धजे देखना और एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराते हुए देखना बहुत प्यारा लगता है. मैं तो भूल ही गया था कि जब आपका मूड अच्छा हो तो एयरपोर्ट पर घूमना कितना मजेदार हो सकता है! वैसे आप लोग एयर इंडिया की चाहे जितनी बुराई कर लें, लेकिन पूरी दुनिया में यह मेरी सबसे पसंदीदा एयरलाइन है. फ्लाइट में क्रू की एक प्यारी सी मुस्कान से बेहतर कुछ नहीं, जो आपको बिल्कुल घर जैसा महसूस कराती है.’
इसे रिपोस्ट करते हुए दीपके ने लिखा, ”मैंने एक रात एयरपोर्ट पर बिताई. नींद पूरी नहीं हुई थी और मैं अपनी लेट कनेक्टिंग फ्लाइट का इंतजार कर रहा था. कोच्चि के विरोध-प्रदर्शन से बस किसी तरह घर पहुंचने की कोशिश में था ताकि दिवाली मिस करने पर मेरी मां मुझे जान से न मार दें. त्योहार का कितना प्यारा अनुभव रहा!” एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने दीपवली की शुभकामनाएं दी. दीपके ने लिखा, ‘आप सभी को कलह-मुक्त दिवाली की शुभकामनाएं.’