दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया है. विशेष बात यह है कि तीनों को विमान से उतरने ही नहीं दिया गया, बल्कि पुलिस ने विमान के अंदर घुसकर ही तीनों को घेरा और डिटेन किया. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रमुख अभिजीत दीपके अपने साथियों सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ आज सुबह मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, लेकिन एयरपोर्ट पर लैंड करते ही उन्हें डिटेन करके जंतर-मंतर जाने से रोक दिया गया. वहीं डिटेन होते समय अभिजीत ने कहा कि मैं डरने वाला नहीं हूं, हक के लिए आवाज उठाता रहूंगा.
दिल्ली पुलिस ने हजारों प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए
बता दें कि अभिजीत दीपके ने आज जंतर-मंतर पर CJP कार्यकर्ताओं को जुटने का आदेश दिया है, ताकि वे मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर सके. लेकिन आज CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली को छावनी बना दिया गया है और दिल्ली पुलिस सुबह से हजारों लोगों को हिरासत में ले चुकी है. दिल्ली और आस-पास के इलाकों में धारा 163 लागू है और इंटरनेट, ट्रेनें, मेट्रो स्टेशन तक बंद कर दिए गए हैं. वहीं दिल्ली से सटे बॉर्डर पर हर आने जाने वाले की चेकिंग की जा रही है और लोगों को जंतर-मंतर की ओर जाने से रोका जा रहा है.
दीपके की हिरासत का CJP ने विरोध किया
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज दिल्ली में विमान से उतरते ही पार्टी नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की है. पार्टी का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने पहले से योजना बनाकर यह कार्रवाई की, ताकि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने से पहले ही पार्टी के नेतृत्व को कमजोर किया जा सके. CJP ने इसे आवाजाही की स्वतंत्रता का खुला उल्लंघन बताया है. अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की है.
AAP सांसद मनीष सिसोदिया का बड़ा बयान
आम आदमी पार्टी के सांसद मनीष सिसोदिया ने CJP अधिकारियों को हिरासत में लिए जाने की निंदा की और कहा कि एक घबराई हुई और भयभीत सरकार और क्या कर सकती है. एक कायर रीढ़ की हड्डी विहीन नेता बस यही कर सकता है. बेहद शर्मनाक!