केरल में कोरोनावायरस की स्थिति को लेकर राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा है कि इसे लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमने कोविड के मामलों में थोड़ा सा इजाफा देखा है। इसे लेकर एक राज्य स्तरीय और मंत्रिस्तरीय बैठक की गई है। हमने नवंबर में ही जीनोमिक सीक्वेंसिंग शुरू करने का पैसला लिया था। नवंबर में 79 साल की एक महिला JN.1 से संक्रमित पाई गई थी और अब वह ठीक है। दूसरे राज्यों की तुलना में केरल में जांच की संख्या ज्यादा है। हमें अभी और मामले सामने आने की उम्मीद है क्योंकि सिंगापुर एयरपोर्ट पर हुए सर्विलांस में भारत के 19 यात्री JN.1 पॉजिटिव मिले हैं।
गुरुवार को सेना के वाहनों पर हुए हमले में सेना ने डेरा की गली के कुछ स्थानीय संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सुरक्षा अधिकारी यहां के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि आने वाले त्योहारों और नए साल को देखते हुए केंद्र सरकार ने कर हस्तांतरण की अतिरिक्त किस्त के रूप में राज्यों को 72,961.21 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्षी गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा है कि विपक्ष को बाहर भेजना, बिना चर्चा बिल पारित कराना और संसद की घटना पर जवाब मांगने वालों को मौन कराने में लोकतंत्र कहां है? उन्होंने कहा कि अगर वह चीन और पाकिस्तान पर बयान ही नहीं देना चाहते तो यह देश कैसे चलेगा? सरकार को सैनिकों की चिंता नहीं है वह केवल इसे लेकर चिंतित है कि कैसे सांसदों को बाहर कर सकते हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारे संविधान के तहत सभी को बोलने का अधिकार है। जब हमने संसद में नोटिस दिया तो हमें नोटिस पढ़ने तक का मौका नहीं दिया गया। क्या मुझे यह कहना चाहिए कि भाजपा सरकार एक दलित को बोलने नहीं दे रही है। आप हमसे हमारा बोलने का अधिकार नहीं छीन सकते। यह आजादी में जवाहरलाल नेहरू और महात्मा गांधी ने दी थी। आपने विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया और बिना विरोध कानून पारित कर दिए। उन्होंने विपक्षी नेताओं से अपील की कि हमें एकजुट होकर लड़ना होगा।
उधर, विपक्ष के प्रोटेस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने लोकतंत्र को कुचला है। सांसदों के निलंबन के बाद हमने संसद में सत्याग्रह किया। भाजपा की सरकार एक दलित को बोलने तक नहीं देती है।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर आप यह समझते हैं कि आप देश के युवा को डरा लेंगे तो आप इस देश को नहीं समझ पाए हैं। उन्होंने कहा कि आप नफरत फैलाते रहिए हम उससे ज्यादा मोहब्बत फैलाएंगे।
जंतर-मंतर पर ‘सेव डेमोक्रेसी’ प्रोटेस्ट के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि कुछ दिन पहले कुछ युवा संसद में आ गए थे। उन्होंने धुंआ फैलाया। भाजपा के सब सांसद भाग गए थे। जो खुद को देशभक्त कहते हैं उनकी हवा निकल गई थी। सवाल यह है कि ये युवा अंदर कैसे आए। वह संसद के अंदर गैस का सिलेंडर ले आए। अगर गैस सिलेंडर ले आए तो कुछ और भी ला सकते थे। लेकिन युवाओं के इस कदम का कारण बेरोजगारी था।
विपक्षी गठबंधन के ‘सेव डेमोक्रेसी’ प्रोटेस्ट को लेकर शशि थरूर ने कहा कि दुनिया में लोकतंत्र का इतिहास देख लीजिए, 146 सासंद कभी निलंबित नहीं किए गए। लोगों को पता होना चाहिए कि लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि यह प्रोटेस्ट लोगों को यह बताने के लिए है कि जो भी हो रहा है वह देश के भविष्य के लिए गलत है।
सासंदों के निलंबन के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन ‘सेव डेमोक्रेसी’ की शुरुआत हो गई है। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी प्रमुख शरद पवार और राहुल गांधी समेत I.N.D.I.A. के कई नेता हिस्सा ले रहे हैं।
दिल्ली की रोज एवेन्यू कोर्ट ने प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत को सुनवाई की अगली तारीख 19 जनवरी 2024 तक के लिए बढ़ा दिया है।
न्यूजक्लिक के खिलाफ यूएपीए मामले में दिल्ली पुलिस की याचिका पर दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। अदालत आज इस पर फैसला सुनाएगी। अपनी याचिका मनें दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के लिए और समय की मांग की थी।
छत्तीसगढ़ में बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखन देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी रजवाड़े को मंत्री पद दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में दयालदास बघेल ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। अब केदार कश्यप शपथ ले रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट में नौ मंत्री होंगे। इन मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत हो गई है। ब्रजमोहन अग्रवाल पद की शपथ ले चुके हैं। वहीं रामविचार नेताम शपथ ले रहे हैं।
दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने लोकसभा में घुसपैठ करने वाले आरोपी ललित झा की रिमांड 5 जनवरी तक बढ़ा दी है। ललित झा संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों में पांचवा आरोपी है।
सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्षी गठबंधन आज राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेंगे। इसे लेकर वहां तैयारियां शुरू हो गई हैं।
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को मुख्य अतिथि के तौर पर न्योता भेजा गया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मैक्रों ने फ्रांस की बैस्टिल डे परेड में मुलाकात की थी। यहां पीएम मोदी गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शामिल हुए थे।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 328 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 2997 हो गई है। पिछले 24 घंटों में एक मरीज की मौत भी हुई है। केरल के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गुरुवार को राज्य में कोविड के 265 मामले सामने आए थे।
संसद से विपक्षी सांसदों के निलंबन को लेकर इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा है कि हम इसमें हिस्सा लेंगे और जनता को बताएंगे कि देश में क्या चल रहा है। सांसदों का निलंबन न केवल लोकतंत्र के खिलाफ है बल्कि ऐसा भाजपा के एक सांसद का नाम छिपाने के लिए किया गया है।