Aaj Ki Taaza Khabar: कल गुजरात जाएंगे पीएम मोदी, 34200 करोड़ रुपये की देंगे सौगात

Aaj Ki Taaza Khabar : अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप आज चीन के साथ टिकटॉक को लेकर डील कर सकते हैं. आज सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली दंगा केस के आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है. आज कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणनीति पर भी दिल्ली में मंथन करेगी.

Breaking News LIVE Updates

Credit- News24 GFX

Aaj Ki Taaza Khabar: नमस्कार, आज 19 सिंतबर दिन शुक्रवार को खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है. आज की प्रमुख खबर की बात करें तो दिल्ली पुलिस ने कुख्यात अपराधी को एनकांउटर करके पकड़ा है. बदमाश के खिलाफ रेप और मर्डर समेत कई केस दर्ज हैं. आज दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन चुनाव के परिणाम घोषित होंगे और यूनियन की नई कार्य कारिणी का ऐलान हो जाएगा.

विज्ञापन

दूसरी ओर, दिल्ली दंगा केस में आज सुप्रीम कोर्ट में शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी. आज दिल्ली में कांग्रेस ने बिहार के लिए चुनावी रणनीति बनाने के लिए अहम बैठक बुलाई है. वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का निरीक्षण करेंगे. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से टिकटॉक डील पर बातचीत करेंगे.

विज्ञापन

इसके अलावा आज दिनभर की देश-दुनिया की खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…

LIVE UPDATES

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों से मुठभेड़

किश्तवाड़ के सामान्य क्षेत्र में एक खुफिया-आधारित अभियान में, व्हाइट नाइट कोर के सैनिकों ने आतंकवादियों को घेर लिया है, मुठभेड़ जारी है. अब सेना के जवान अभियान चला रहे हैं.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: कल गुजरात जाएंगे पीएम मोदी, 34200 करोड़ रुपये की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री 20 सितंबर को गुजरात का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री 'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में हिस्स लेने वाले हैं। प्रधानमंत्री भावनगर में 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: 20 सितंबर को बिहार दौरे पर जाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल 20 सितंबर को बिहार के गया दौरे पर जाएंगी. इस दौरान वह श्री विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: कोलकाता में बेकाबू चार पहिया वाहन ने 6 लोगों को मारी टक्कर

कोलकाता के भूतनाथ इलाके में बेकाबू चार पहिया वाहन ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: बटला हाउस एनकाउंटर के खिलाफ लेफ्ट छात्र संगठन AISA का "इंसाफ मशाल जुलूस"

जामिया मीलिया इस्लामिया की सेंट्रल कैंटीन से मशाल जुलूस शुरु होकर बटला हाउस चौक होते हुए खलीउल्लाह मस्जिद तक इस मशाल जुलूस को जाना था लेकिन यूनिवर्सिटी के मेन गेट से बाहर निकलते दिल्ली पुलिस ने मार्च को रुकवाया. दिल्ली पुलिस ने नारे लगाते हुए एक छात्र को डिटेन करके ले गई तो वहीं दूसरे छात्र जो प्रदर्शन कर रहे थे उनको यूनिवर्सिटी के गेट के अंदर किया. बता दें कि 17 साल पहले 19 सितंबर 2008 को बटला हाउस एनकाउंटर हुआ था.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट पर FIR दर्ज

महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट पर विजिलेंस थाने में एफआईआर दर्ज हुई है. उत्तर प्रदेश शासन ने विजिलेंस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे. पूरा मामला 2016 का है, जो प्रियदर्शनी जानकीपुरम भूखंड आवंटन योजना से जुड़ा है।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: सऊदी-पाकिस्तान रक्षा समझौता पर विदेश मंत्रालय का बयान

सऊदी-पाकिस्तान रक्षा समझौता पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि सऊदी के साथ हमारी साझेदारी बहुआयामी है. हमें उम्मीद है कि सऊदी की पाकिस्तान के साथ हुए समझौते के अलोक में हमारी आपसी संबंधों की संवेदनशीलता पर ध्यान रखा जायेगा.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: राजस्थान कैबिनेट की तरफ से बड़ा फैसला

राजस्थान कैबिनेट की तरफ से बड़ा फैसला लिया गया है. सरकारी कर्मचारी की मृत्यु पर माता-पिता को मिलने वाली पेंशन की रकम बढ़ाई गई है. बता दें कि राजस्थान सरकार के किसी कर्मचारी की सेवा काल के दौरान मृत्यु होने पर, उसके परिवार को पारिवारिक पेंशन, मृत्यु उपदान (डेथ ग्रेच्युटी) और सामान्य भविष्य निधि (GPF) के तहत कुछ लाभ मिलते हैं.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: ग्रीस और पीएम मोदी के बीच हुई बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि आज प्रधानमंत्री मित्सोटाकिस (ग्रीस के प्रधानमंत्री) से बात करके बहुत खुशी हुई। उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाओं के लिए आभारी हूं. भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी व्यापार, निवेश, संपर्क, रक्षा, सुरक्षा और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्र में निरंतर बढ़ रही है. हमने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को शीघ्र पूरा करने और क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दिल्ली के नांगलोई रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, ट्रेन की चपेट में आईं दो बच्चियां

नांगलोई रेलवे स्टेशन के पास सुखी नहर (KM पोल नंबर 18/03–05, बहादुरगढ़ साइड, अप लाइन) पर शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. ट्रेन संख्या 12485 की चपेट में आने से दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं.

घायल बच्चियों की पहचान रोनक खातून (7 वर्ष), पिता मोहम्मद सगीर, निवासी प्रेम नगर द्वितीय, दिल्ली और सहिस्ता (8 वर्ष), पिता आलम खान, निवासी प्रेम नगर तृतीय, दिल्ली के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ (लगभग 500–700 लोग) मौके पर जमा हो गई और रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया। इससे रेल यातायात बाधित हो गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. भारी भीड़ को समझा-बुझाकर हटाया गया और ट्रेनों की आवाजाही को सामान्य कराया गया. दोनों घायल बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया गया है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मणिपुर में 6 उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने 6 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. मणिपुर में सुरक्षा बलों ने इंफाल घाटी के 3 जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारियां गुरुवार को की गईं थी. प्रतिबंधित संगठन पीआरईपीएके (पीआरओ) के एक सक्रिय सदस्य को थौबल जिले के इचन खुनौ से गिरफ्तार किया गया.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: उमर अंसारी की हाईकोर्ट से जमानत मंजूर

मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी की जमानत याचिका इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मंजूर कर ली है. उमर अंसारी की तरफ से अधिवक्ता उपेन्द्र उपाध्याय ने पक्ष रखा, वहीं कासगंज जेल में बंद उमर अंसारी ने जमानत के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. गाजीपुर कोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद उमर अंसारी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मैसूर के दशहरा समारोह की मुख्य अतिथि बुकर पुरस्कार विजेता होंगी

मैसूर के प्रसिद्ध दशहरा समारोह में बुकर पुरस्कार विजेता बानू मुश्ताक मुख्य अतिथि होंगी. सुप्रीम कोर्ट ने बानू मुश्ताक को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के कर्नाटक सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया है. याचिकाकर्ता की दलील थी कि दूसरे धर्म के व्यक्ति के लिए हिंदू धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेना उचित नहीं होगा, जिनमें पवित्र दीप जलाना, देवी-देवता को फल और फूल अर्पित करना और वैदिक मंत्रों का जाप करना शामिल है. हाई कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी. हाईकोर्ट ने कहा था कि उत्सव में किसी गैर-हिंदू व्यक्ति की भागीदारी किसी भी संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन नहीं करती है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मुंबई हाई कोर्ट को फिर मिली धमकी

मुंबई हाई कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने कि धमकी मिली है. धमकी ईमेल के जरिए दी गई है, जिसके बाद एक बार फिर मुंबई पुलिस और ATS की टीम हाई कोर्ट परिसर में पहुंच गई है और अलर्ट मोड पर आ गई है. डॉग और बम स्क्वाड की टीम भी मौके पर पहुंची.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दिल्ली में गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ा अभियान

दिल्ली में गैंगस्टरों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान पुलिस ने शुरू किया है. इस अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने 58 ठिकानों पर छापेमारी की है, इसमें 820 पुलिसकर्मी शामिल हैं. इस दौरान 36 संदिग्ध पकड़े गए और 6 गैंगस्टर गिरफ्तार किए गए हैं.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड की भारत को धमकी

पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के खूंखार आतंकी ने भारत के खिलाफ जहर उगला है. सैफुल्लाह कसूरी ने कहा है कि भारत सरकार कान खोलकर सुन ले और अपने जालिम समाज को भी बता दे कि वक्त आने वाला है, जब यह दरिया, डैम और सारा जम्मू-कश्मीर हमारा होगा. जो कुछ आज हो रहा है, उसका बदला लिया जाएगा. ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा. हम अपनी जान पर खेलेंगे और अपने वतन के हर हिस्से की रक्षा करेंगे. बता दें कि सैफुल्लाह कसूरी लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ है और आतंकी हाफिज सईद का बेहद करीबी माना जाता है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: विधायक अर्जुन लाल जीनगर के खिलाफ केस दर्ज

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में विधायक अर्जुन लाल जीनगर के खिलाफ केस दर्ज हुआ है. विधायक के खिलाफ एक युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली और पानी को लेकर वीडियो बनाया. कुछ नकाबपोश लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी. युवक ने कपासन से BJP विधायक अर्जुन लाल जीनगर पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करवाई है. युवक का आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट करने के कारण उसके साथ मारपीट की गई है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दिल्ली एयरपोर्ट पर वीजा रैकेट का पर्दाफाश

दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस ने नकली वीजा रैकेट का पर्दाफाश किया है। इमिग्रेशन जांच के दौरान एक महिला यात्री, अमरजीत कौर (22 वर्ष) के पासपोर्ट पर लगा यूके का वीजा नकली पाया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने पंजाब के सरवन सिंह उर्फ कोहली (52 वर्ष) को 22 लाख रुपये देने की डील की थी, जिसमें से 5 लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे। पुलिस टीम ने सरवन सिंह को पंजाब के कपूरथला से गिरफ्तार कर लिया है। वह नकली वीजा लगवाकर लोगों को विदेश भेजने के गोरखधंधे में शामिल था।

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मुंबई में आईफोन-17 के लिए हाथापाई

भारत में Apple के iPhone 17 सीरीज के फोन की बिक्री शुरू हो गई है और इस फोन के लिए शुक्रवार (19 सितंबर) की सुबह मुंबई के BKC जियो सेंटर स्थित Apple स्टोर के बाहर भारी भीड़ लगी. लोग रात में ही लाइनों में लग गए थे, लेकिन उत्साह उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब कतार में खड़े कुछ लोग आपस में भिड़ गए, जिससे स्टोर के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: शिमला और किन्नौर में लैंडस्लाइड

हिमाचल प्रदेश के शिमला के सेंट एडवर्ड स्कूल के पास देर रात भारी लैंडस्लाइड होने के बाद मलबा और पानी आया, जिससे स्कूल भवन के ढहने का खतरा पैदा हो गया है, इसलिए उपायुक्त शिमला के आदेशानुसार सेंट एडवर्ड स्कूल को सुरक्षा की दृष्टि से 19 और 20 सितंबर के लिए बंद कर दिया गया है. वहीं हिमाचल प्रदेश के किन्नौर के थाच गांव में देर रात बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बादल फटने के बाद आई बाढ़ में 2 गाड़ियां बह गईं ओर जमीन को नुकसान हुआ है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: बैरक छोड़कर निजी आवास पहुंचे ओली

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली 9 दिन से सेना की सुरक्षा में थे, लेकिन वे आज अपने निजी आवास पर पहुंच गए हैं. जेन-जी के हिंकस विरोध प्रदर्शन के चलते उन्होंने 9 सितंबर को पद से इस्तीफा दे दिया था. उसके बाद सेना ने अपनी बैरक में काठमांडू के उत्तर में शिवपुरी वन क्षेत्र में पनाह दी थी.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: दिल्ली में कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर

दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट में कुख्यात अपराधी को एनकाउंटर करके पकड़ा गया है. अपराधी की पहचान गुड्डू के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ शालीमार बाग इलाके में हत्या का केस दर्ज है और मामले में वह फरार चल रहा था. गुड्डू पर बलात्कार, हत्या और हत्या के प्रयास समेत आर्म्ड एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. डीसीपी नॉर्थ वेस्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने सतर्कता का परिचय देते हुए अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया था. बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद स्पेशल स्टाफ टीम ने बहादुरी का परिचय देते हुए इस अपराधी को गोली मारकर घायल कर दिया और इलाज के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ