हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CJP ProtestGyanesh KumarSIRBigg Boss 20

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: नेपाल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहायता लेने से इनकार की खबरों का किया खंडन

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: आज देश-दुनिया में कई अहम गतिविधियों पर हमारी नजरें रहेंगी. भारत में आज रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जा रहा है, वहीं पड़ोसी देश नेपाल एक भीषण त्रास्दी का असर झेल रहा है. मृतकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, वहीं लापता लोगों की तलाश जारी है.

विज्ञापन

Live Updates

23:24 (IST) 28 Aug 2026

दिल्ली के सूरजमल विहार में सड़क धंसने से गड्ढे में गिरे युवक की करंट लगने से मौत

पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई. दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को बिजली के खंभे के पास सड़क का एक छोटा सा हिस्सा अचानक धंस गया. गड्ढे में गिरने के बाद युवक कमर तक उसमें फंस गया और इसी दौरान उसका हाथ वहां मौजूद एक जिंदा बिजली के तार (लाइव वायर) से छू गया. करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

23:21 (IST) 28 Aug 2026

नेपाल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहायता लेने से इनकार की खबरों का किया खंडन

नेपाल सरकार ने उन खबरों का स्पष्ट रूप से खंडन किया है जिनमें मित्र देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से राहत सहायता लेने से इनकार करने की बात कही गई थी. रसुवा और मध्य नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ से मची तबाही में अब तक 579 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 1,000 लोग लापता हैं. इस संकट की घड़ी में भारत सहित कई देशों ने मदद की पेशकश की है. विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार ने विदेशी मदद ठुकराई नहीं है, बल्कि शुरुआती चरण में अपने सुरक्षा बलों की अधिकतम तैनाती को प्राथमिकता दी जा रही है क्योंकि वे स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम इलाकों से भली-भांति परिचित हैं.

22:51 (IST) 28 Aug 2026

झारखंड: JSSC-CJL परीक्षा में ‘अनियमितता’ मामले में चार सफल अभ्यर्थी गिरफ्तार

झारखंड पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने शुक्रवार को वर्ष 2024 में आयोजित जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में सफल रहे चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत की गई। राज्य की जांच एजेंसी ने इस मामले में एक दिन पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा उसने मामले के मुख्य आरोपी अभय तिवारी, उसकी पत्नी और भाई को जुलाई के अंत और अगस्त की शुरुआत में गिरफ्तार किया था।

झारखंड सरकार ने इससे पहले नौकरी पाने के इच्छुक अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ किए गए विरोध-प्रदर्शन को शांत करने के लिए जेएसएससी-सीजीएल-2023 सहित कई भर्ती परीक्षाएं रद्द करने की घोषणा की थी। जेएसएससी-सीजीएल-2023 परीक्षा 21 और 22 सितंबर, 2024 को आयोजित हुई थी।

22:23 (IST) 28 Aug 2026

बिहार : नदी में नहाने गई दो सगी बहनों सहित तीन लड़कियों की डूबने से मौत

बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार को नदी में नहाने के दौरान तेज धारा की चपेट में आने से दो सगी बहनों समेत तीन लड़कियों की डूबकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान करिश्मा कुमारी (18), चंदा कुमारी (16) और उनकी आठ वर्षीय चचेरी बहन अभिलाषा कुमारी के रूप में हुई है. अधिकारियों के अनुसार, यह घटना पीरपैंती प्रखंड के मरगंग घाट पर हुई, जहां तीनों लड़कियां नदी में स्नान कर रही थीं. इसी दौरान वे तेज धारा में बह गईं. स्थानीय लोगों ने तत्काल तलाश अभियान चलाकर दो शव बरामद किए. बाद में एसडीआरएफ की टीम और पीरपैंती के अंचल अधिकारी चंद्रशेखर कुमार मौके पर पहुंचे तथा अभियान जारी रखते हुए तीसरा शव भी बरामद कर लिया.

21:53 (IST) 28 Aug 2026

भारत लौटे तमिलनाडु के 21 तीर्थयात्रियों को नेपाली सेना ने बचाया

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को बताया कि एक समूह के रूप में कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए तमिलनाडु के 21 लोगों को पड़ोसी देश में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद नेपाली सेना ने बचाया. दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे बचाए गए लोगों के इस समूह से केंद्रीय मंत्री ने मुलाकात की और बचाव अभियान के दौरान उनके सामने आई मुश्किलों के बारे में जानकारी ली. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नेपाल में बाढ़ से बचाए गए तमिलनाडु के 21 तीर्थयात्रियों के एक समूह से मुलाकात की. उनके अनुभव सुनकर भावुक हो गया. इस बचाव अभियान के लिए नेपाली सेना और नेपाल सरकार का धन्यवाद. भारत लौटने में उनकी सुगम मदद के लिए नेपाल स्थित भारतीय दूतावास की सराहना करता हूं.” इससे पहले, एक अलग पोस्ट में उन्होंने हवाई अड्डे पर तीर्थयात्रियों के साथ ली गई तस्वीरें साझा की थीं.

19:54 (IST) 28 Aug 2026

सूडान के कोरडोफान क्षेत्र में ड्रोन हमलों में आठ नागरिकों की मौत

सूडान के कोरडोफान क्षेत्र में ड्रोन हमलों में आठ नागरिकों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए. एक मानवाधिकार संगठन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. सूडान में अत्याचारों का दस्तावेजीकरण करने वाले स्वतंत्र संगठन ‘इमरजेंसी लॉयर्स’ ने बताया कि बृहस्पतिवार को उत्तर कोरडोफान राज्य के रेगिस्तानी शहर सौदारी में यात्रा कर रहे नागरिकों के एक समूह को ड्रोन से निशाना बनाया गया. संगठन के अनुसार जब अन्य लोग पीड़ितों की मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, तभी दूसरे ड्रोन से हमला किया गया.

19:14 (IST) 28 Aug 2026

छड़ी मुबारक के पवित्र गुफा मंदिर पहुंचने के साथ अमरनाथ यात्रा संपन्न

दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में भगवा वस्त्रों से सजी भगवान शिव की पवित्र छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ के विशेष पूजा के लिए पहुंचने के साथ ही वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुक्रवार को औपचारिक रूप से संपन्न हो गई. तीन जुलाई से शुरू हो कर 57 दिनों तक चली अमरनाथ यात्रा का समापन रक्षाबंधन के त्योहार के दिन हुआ. मार्ग क्षतिग्रस्त होने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण नौ अगस्त को इस वर्ष की तीर्थयात्रा स्थगित किए जाने के करीब तीन सप्ताह बाद इसका औपचारिक समापन हुआ. अधिकारियों ने बताया कि छड़ी मुबारक के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में साधुओं का एक दल इसे लेकर शुक्रवार तड़के पवित्र गुफा पहुंचा. साधुओं का दल शेषनाग पड़ाव से करीब छह किलोमीटर की पैदल यात्रा कर गुफा मंदिर तक पहुंचा.

16:51 (IST) 28 Aug 2026

उन्नाव में दो मंजिला मकान ढहने से एक ही परिवार के सात सदस्य मलबे में दबे

उन्नाव जिले के पुरवा क्षेत्र में दो मंजिला मकान ढह जाने से एक ही परिवार के सात सदस्य मलबे में दब गए. हालांकि, प्रशासन और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार के अनुसार, घटना पुरवा कोतवाली क्षेत्र के धीरजीखेड़ा गांव की है. जहां बृहस्पतिवार अधी रात लगातार बारिश की वजह से एक मकान ढह गया और उसमें रह रहे एक ही परिवार के सात सदस्य मलबे में दब गए. उन्होंने बताया कि मलबे में दबे लोगों में पांच महिलाएं, एक पुरुष और छह माह का एक बच्चा शामिल था.

15:15 (IST) 28 Aug 2026

अमेरिका से जेवलिन टैंक रोधी निर्देशित मिसाइल प्रणाली खरीदेगा भारत

भारत ने भारतीय सेना की युद्ध क्षमता बढ़ाने के लिए अमेरिका से जेवलिन टैंक रोधी निर्देशित मिसाइल प्रणाली खरीदने के लिए समझौता किया है. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह समझौता दिखाता है कि दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी लगातार "और प्रगाढ़, अधिक ठोस और अधिक महत्वपूर्ण" होती जा रही है. अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि भारत कितनी जेवलिन टैंक रोधी निर्देशित मिसाइल प्रणाली खरीद रहा है और इस खरीद की कुल लागत कितनी है. अमेरिका ने कहा है कि वह भारतीय सेना द्वारा अमेरिकी विदेशी सैन्य बिक्री प्रक्रिया के तहत जेवलिन टैंक रोधी निर्देशित मिसाइल प्रणाली खरीदने के लिए सुरुचि पत्र (एलओए) पर हस्ताक्षर किए जाने का स्वागत करता है.

15:08 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: LoC के पास आर्मी ने मनाया रक्षाबंधन

लाइन ऑफ कंट्रोल के पास जम्मू-कश्मीर के उरी में स्थानीय महिलाओं ने आर्मी के जवानों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया.

12:38 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: बाढ़ को लेकर नेपाल पीएम की मीटिंग

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह द्वारा बुलाई गई कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है. ये मीटिंग 'सिंह दरबार' में पीएम और मंत्रिपरिषद के कार्यालय में हो रही है. प्रधानमंत्री ने ये बैठक इस महीने रसुवा के भोटे कोशी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद हुए नुकसान, बचाव, राहत और पुनर्निर्माण कार्यों से जुड़े जरूरी और अहम फ़ैसले लेने के लिए बुलाई है. बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों को और बेहतर बनाने और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण को आगे बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा.'

12:12 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: नेपाल में एक और जल प्रलय की आशंका

नेपाल में एक और फ्लैश फ्लड आने की आशंका जताई जा रही है. रेस्क्यू टीम को नदी से 1 किलोमीटर पीछे हटने की सलाह दी गई है. नोवाकोट इलाके में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है.

11:26 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: चीन के सिचुआन में भूकंप के झटके

शुक्रवार दोपहर 1:13 बजे (बीजिंग टाइम) दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत के लॉन्गचांग शहर में 5.1 तीव्रता का जलजला आया. भूकंप का केंद्र 29.23 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 105.22 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया. ये भूकंप 13 किलोमीटर की गहराई पर आया.

11:19 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: राजनाथ ने मनाया रक्षाबंधन

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेशनल कैडेट कोर (NCC) कैडेट्स के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया.

09:19 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: 'होर्मुज से ईरानी माइंस साफ'

यूएस सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की कि अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से ईरानी समुद्री माइंस को पूरी तरह क्लियर कर दिया है. कमांडर कूपर ने कहा कि ये खदानें कुछ महीने पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गॉर्ड कॉर्प्स (IRGC) की तरफ से रखी गई थीं और इंटरनेशनल वाटरवेज से हटाई गईं. कूपर ने ये भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त ट्रांज़िट रूट अब ईरानी समुद्री माइंस से फ्री हैं, और ये काम अमेरिकी सेना की काबिलियत का नतीजा है.

09:16 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: ट्रंप ने बदला Lake Ontario का नाम

डोनाल्ड ट्रंप ने Lake Ontario का नाम बदलकर 'Lake America”' कर दिया और इसे अमेरिका में आधिकारिक नाम के रूप में बदलने का आदेश भी दिया. ये कदम अमेरिका–कनाडा ट्रेड वॉर की नई कड़ी है, जो बातचीत टूटने और टैरिफ बढ़ने के बाद और तेज हुई. Lake Ontario एक शेयर्ड इंटरनेशनल वाटरेवे है, इसलिए कनाडा और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां इस नाम बदलने को मानने के लिए बाध्य नहीं हैं. ये प्रतिकात्मक राजनीतिक कदम है, लेकिन इससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.

09:10 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: चीन ने दी नए फ्लैश फ्लड की चेतावनी

नेपाल में लगातार हो रही बारिश ने पहले से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कल शाम से ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के चलते कई प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य रोकना पड़ा है. खास तौर पर नुवाकोट और बिदुर इलाके में फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन को रोक दिया गया है. सबसे बड़ी चिंता अब नेपाल-चीन सीमा से लगे ऊपरी इलाकों में बन रही नई झील को लेकर है. चीन की ओर से नेपाल को चेतावनी दी गई है कि सीमा के पास एक बैरियर लेक यानी मलबे से नदी का रास्ता रुकने के कारण बनी झील तेजी से भर रही है. चीन के मुताबिक अगले कुछ दिनों में इसमें बड़ी मात्रा में पानी पहुंच सकता है, जिससे इसके टूटने पर दोबारा अचानक बाढ़ आने का खतरा है.

09:08 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: मुस्कान की हत्या का आरोपी पुलिस फायरिंग में घायल

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में स्पेशल स्टाफ की टीम और मुस्कान की हत्या के वांटेड बदमाश के साथ मुठभेड़. पुलिस की गोली लगने से आरोपी बदमाश हुआ घायल. बदमाश के पैर में लगी गोली. स्पेशल स्टाफ को आरोपी बदमाश इमरान के आने की सूचना मिली थी जिसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम ने ट्रैप लगाया था कैसे बदमाश राजौरी गार्डन के नाला रोड पर आया उसी दौरान बदमाश में पुलिस को देखते ही फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में दिल्ली पुलिस ने बदमाश के पैर में गोली मार कर उसे काबू में किया है घायल हालत में अस्पताल लिया गया है.

08:30 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: नेपाल में अब तक 469 मौतें

नेपाल की त्रासदी में मौत का आंकड़ा 469 पहुंच गया है, हेलीकॉप्टर से 1196 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, हालांकि 1500 लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें काफी तादाद में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं.

08:26 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: महाराष्ट्र से दिल्ली पहुंची प्याज की खेप

दिल्ली में प्याज की कीमतें 60 से लेकर 70 प्रति रुपये किलो बिक रही है, महाराष्ट्र से प्याज की खेप लेकर 'कांदा एक्सप्रेस' आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पहुंची. केंद्र सरकार ने दिल्ली में 35 रुपये प्रति किलोग्राम की सब्सिडी वाली कीमत पर प्याज की खुदरा बिक्री शुरू कर दी है.

07:13 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: रक्षाबंधन के दौरान मिलावटखोरों पर कार्रवाई

रक्षाबंधन के मौके पर लोगों को शुद्ध और अच्छी क्वालिटी वाला खाना मिल सके, इसके लिए यूपी के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, 20 अगस्त 2026 से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में अब तक 18 एफआईआर दर्ज की गई हैं. इस दौरान खाद्य पदार्थों के 182 सैंपल भी लिए गए हैं. अभियान में 13440.25 किलोग्राम और 14561 लीटर खाद्य सामग्री जब्त की गई. इसके अलावा 18607 किलोग्राम और 7630 लीटर खराब, असुरक्षित या गंदे खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए. जब्त की गई खाद्य सामग्री की कीमत करीब 26.09 लाख रुपये बताई गई है. वहीं नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 27.89 लाख रुपये है.

06:55 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: ट्रंप ने की मदद की पेशकश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेपाल में आई भीषण तबाही के बीच हर मुमकिन मदद देने की पेशकश की है. उन्होंने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को बेहद भयावह बताया और कहा कि वॉशिंगटन लगातार नेपाल के नेताओं के संपर्क में है. ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि अमेरिका ने नेपाल को मदद की पेशकश की है. साथ ही, उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित नेपाल के लिए राहत सहायता मुहैया कराने की तैयारियां की जा रही हैं.

06:52 (IST) 28 Aug 2026

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: नेपाल में मौत का आंकड़ा 392 पहुंचा

नेपाल में आई भारी तबाही में अब तक 392 लोगों की जान जा चुकी है, और अब तक 1500 से भी ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मौत का आंकड़ा अभी और ज्यादा बढ़ सकता है.

Aaj Ki Taaza Khabar LIVE Updates: तिब्बत सीमा के पास नेपाल के रसुवा में भोटेकोशी नदी में आए खतरनाक फ्लैश फ्लड में मौत का आंकड़ा 400 के करीब पहुंच गया है, जबकि 1500 से ज्यादा लोग अब भी लापता है, प्रशासन इनकी तलाश कर रहा है, साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है. कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

नेपाल में कई इंडियन टूरिस्ट भी लापता हैं, भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक बीते गुरुवार को तमिलनाडु के 21 निवासियों को रेस्क्यू कर लिया है, ये सभी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे और नेपाल में बाढ़ के कारण फंस गए थे. MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार को रास्ते के चीन के हिस्से में फंसे कई भारतीय तीर्थयात्रियों के बारे में भी जानकारी मिली है. उनके मुताबिक वहां मौजूद तकरीबन 200 भारतीय नागरिकों ने सुरक्षित निकलने के लिए भारत से मदद मांगी है. भारत इस त्रासदी में नेपाल की हर संभव मदद कर रहा है.

आज भारत में भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है. इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना करती हैं. भाई भी बहनों की रक्षा का वचन देते हुए उन्हें तोहफे देते हैं. रक्षाबंधन परिवार के साथ खुशियां बांटने और रिश्तों में प्यार औकर अपनापन बढ़ाने का खास मौका है. इस दिन घरों में खास पकवान भी बनाए जाते हैं. प्रशासन ने भी इस मौके पर अपनी कमर कस ली है, खासकर नकली मिठाइयां बनाने वालों पर कार्रवाई और जांच जारी है, ताकि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ न हो सके.

विज्ञापन

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेपाल में मची भयानक तबाही को लेकर हर तरह की मदद देने की बात कही है. ओवल ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार नेपाल के नेताओं के साथ सीधे संपर्क में है. ट्रंप ने भरोसा दिलाया कि अमेरिका इस मुश्किल वक्त में नेपाल की मदद के लिए पूरी तरह से तैयार है.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola