Aaj Ka Mausam : देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। पहाड़ों में बर्फबारी के साथ मूसलाधार बारिश होगी तो मैदानी इलाकों में जमकर बादल बरसेंगे। इसके बाद तेजी से तापमान गिरेगा, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इसके पीछे की वजह दो पश्चिमी विक्षोभ है। साथ ही तेज गरज और आकाशीय बिजली के साथ ओले भी गिरेंगे। कई राज्यों में ठंड के साथ घना कोहरा का अलर्ट जारी किया गया है। इसे लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है।
IMD के मुताबिक, पश्चिमी ईरान पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 1 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे जम्मू कश्मीर और लद्दाख में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और बर्फबारी भी होगी। हिमाचल प्रदेश में 29 जनवरी से 3 फरवरी तक जमकर बादल बरसेंगे। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा में 29 जनवरी से 3 फरवरी के दौरान बरसात होगी, जबकि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में 3 फरवरी को, मध्य प्रदेश में 2-3 फरवरी को हल्की से मध्यम बरसात होगी।
इन राज्यों में बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी बांग्लादेश पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 28 जनवरी को, अरुणाचल प्रदेश में 28-30 जनवरी के दौरान बारिश होने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में 30 जनवरी को भारी बारिश के साथ ओले भी गिरेंगे। असम, मेघालय में 29-30 जनवरी को गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बरसात होगी। कर्नाटक में 1 फरवरी को, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल में 30-31 जनवरी को भारी वर्षा होने की संभावना है।
जानें कहां कितना है तापमान?
आईएमडी के अनुसार, देश के मैदानी इलाकों में मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के फतेहपुर सीकर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिम भारत और उससे सटे उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4-10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी भारत में पारा 10-18 डिग्री सेल्सियस के बीच है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, जबकि महाराष्ट्र में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा, उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
कोल्ड वेव का भी अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश और पंजाब में शीत लहर से लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति है, जबकि राजस्थान और हरियाणा में शीत लहर चली। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में आने वाले दिनों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी है। पिछले 24 घंटे में यूपी, बिहार और ओडिशा के कुछ भागों में घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाया रहा और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में घना कोहरा रहा। उत्तर प्रदेश में रात और सुबह के समय 31 जनवरी तक, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 29 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29-31 जनवरी के दौरान ओडिशा में 30 जनवरी तक, बिहार में 31 जनवरी तक घनी धुंध छाए रहेगी।
दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी ने दिल्ली एनसीआर में मौसम का पूर्वानुमान किया। पिछले 24 घंटे में राजधानी में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। पश्चिम दिशा से 12 से 16 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल रही हैं। आसमान में 29-30 जनवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। 31 जनवरी को मौसम साफ रहेगा।