26/11 अटैक में 20 प्रेग्नेंट लेडीज को बचाने वाली नर्स कौन? जानें कैसी बचाईं जान
मुंबई 26/11 हमले के दौरान आंतकवादियों से 20 गर्भवती महिलाओं की जान नर्स अंजलि विजय कुलथे ने बचाई थी।
Edited By Deepti Sharma

national news
Edited By Deepti Sharma

national news
मुंबई के 26/11 आतंकी हमले को 17 साल गुजर चुके हैं, लेकिन इसकी घटना आज भी लोगों को याद है। एक ऐसी घटना कामा एंड अल्बलेस अस्पताल से जुड़ी है, जहां पर आतंकियों ने अस्पताल पर हमला किया था और एक बहादुर नर्स ने जान जोखिम में डालकर 20 गर्भवती महिलाओं की जान बचाई थी। ऐसी ही एक नायिका हैं नर्स अंजलि कुलथे, जिन्होंने मुंबई के कामा अस्पताल में भर्ती 20 गर्भवती महिलाओं की जान बचाई और उनमें से एक, हाई ब्लड प्रेशर की हाई रिस्क फैक्टर वाली मरीज थी, उसका सुरक्षित प्रसव कराया। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर की रात करीब 9.30 बजे उन्हें सूचना मिली कि सीएसटी स्टेशन पर हमला करने वाले आतंकवादी कामा अस्पताल की ओर बढ़ रहे हैं। कुछ ही मिनटों बाद, उन्हें अस्पताल के पीछे की गली से गोलियों की आवाज सुनाई दी।
उन्होंने कहा कि खिड़की से बाहर देखा कि 2 आतंकवादी भाग रहे हैं और पुलिस उन पर गोलियां चला रही है। फिर आतंकवादी निचले गेट से कूदकर अस्पताल परिसर में घुस गए। उन्होंने दो सुरक्षा गार्डों को गोली मार दी, जो ढेर में पड़े हुए थे। जब उन्होंने हमें खिड़की पर देखा, तो उन्होंने गोलियां चला दीं और इसमें एक कर्मचारी घायल हो गया। वो उसे अस्पताल ले गईं और सभी को बताया कि आतंकवादी अस्पताल में घुस आए हैं।
नर्स ने वापस आते ही वार्ड के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए और 20 मरीजों को पेंट्री में ले गईं। मोबाइल फोन और लाइट्स बंद कर दी गईं और वे अंधेरे में बैठ गए। कुछ ही देर बाद हाइपरटेंशन की मरीज को लेबर पेन शुरू हो गया। डॉक्टर ने वार्ड में आने से मना कर दिया, क्योंकि तब तक अस्पताल के अंदर गोलीबारी शुरू हो चुकी थी। कुलथे ने बताया कि वह मरीज को सीढ़ियों से लेबर रूम ले गईं, एक-एक कदम ऊपर चढ़ते हुए, दीवार के पास खड़ी रहीं। सुबह तक उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया, जिसका नाम उस रात की याद में ‘गोली’ रखा गया।
उस रात अस्पताल पर 5 घंटे तक हमला हुआ। दो सुरक्षा गार्डों के अलावा एक और अस्पताल कर्मचारी की मौत हो गई। कुलथे ने बताया कि अस्पताल में काम करने वाले हम में से कोई भी- डॉक्टर, नर्स या अन्य कर्मचारी, उस रात को कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उन्होंने गोलियां चलाईं, लोगों को मारा, कोई भी इसे कभी नहीं भूल सकता। पूरे देश के लिए यह दुख और डर की रात थी।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: