पटना के चर्चित इंडिगो स्टेशन इंचार्ज रूपेश हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला आया है। इस हत्याकांड के चारों आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है। हत्याकांड के चारों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था। कोर्ट ने आज फैसला देते हुए कहा कि चारों के खिलाफ पुलिस के पास कोई सबूत नहीं है। आरोपियों को बरी किया जाता है। पटना सिविल कोर्ट ने यह बड़ा फैसला सुनाया है। पटना के पुनाई चक इलाके में 12 जनवरी 2021 को इंडिगो मैनेजर रूपेश की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह हत्याकांड चर्चित हुआ था। पीएमओ तक मामला गया था। मामले में 350 पेजों का आरोप पत्र पुलिस ने दाखिल किया था। चारों आरोपियों ऋतुराज, सौरभ, पुष्कर और आर्यन जायसवाल को बरी कर दिया गया है।
दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर हादसे का मामला राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंच गया है। गिरफ्तार कोचिंग सेंटर के मालिकों ने बेल के लिए याचिका दाखिल कर दी है। मामले को जांच के लिए दिल्ली हाई कोर्ट ने सीबीआई को सौंप दिया था। बता दें कि कोचिंग हादसे में 3 छात्रों की जान गई थी। जिसके बाद गिरफ्तारियां की गई थीं।
योग गुरु बाबा रामदेव ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार को रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ हो रही है। सरकार को इसमें दखल देना होगा। हिंदू व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए पूरे देश को एकजुट होने की जरूरत है। मुझे यह देख खुशी हो रही है कि पहली बार पूरा विपक्ष केंद्र सरकार के साथ खड़ा हुआ है। भारत की नीति यही होनी चाहिए।
सांसद और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने निशिकांत दुबे पर निशाना साधा है। उन्होंने संसद में स्पीकर से कहा कि वे निशिकांत दुबे को हर बार बोलने की इजाजत देते हैं। लेकिन वे हमेशा झूठ ही बोलते हैं। प्रियंका गांधी के बारे में भी उन्होंने संसद में गलत जानकारी दी। जो सदन की सदस्य ही नहीं हैं। अंबानी की शादी में शामिल होने की निशिकांत दुबे की बात गलत है।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में सुरक्षाबलों को आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की है। कई देर से सेना और आतंकियों में मुठभेड़ चल रही है।
विदेश मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। 2016 से भारतीयों की लीबिया यात्रा पर लगे बैन को हटा दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हमने लीबिया की आंतरिक सुरक्षा का आकलन किया है। जिसके बाद ये सलाह दी जाती है भारतीय लीबिया की गैर जरूरी यात्रा से बचें। अगर कोई भारतीय वहां है तो वह एहतियात बरतें। वहां कभी सड़क मार्ग से न चलें और हमेशा भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें। 2016 में भारतीयों के लीबिया जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी।
एससी-एसटी आरक्षण में कोटा के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर कांग्रेस नेताओं की शाम 6 बजे बैठक होगी। बैठक में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निवास पर सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। जिसमें सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर पार्टी के रुख पर चर्चा होगी।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि निशिकांत दुबे ने लोक सभा में सफेद झूठ बोला कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अंबानी के विवाह कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। यह बिलकुल गलत है, वे वहां कतई नहीं गई थीं। वे तो देश में भी नहीं थीं, आपके गृह मंत्री को तो यह पता ही होगा।
दिल्ली के गाजीपुर इलाके में एक नाले में गिरने से महिला और उसके बच्चे की मौत हो गई थी। इस मामले में सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने MCD अधिकारियों के काम करने के तरीके पर नाराजगी जाहिर की है। हाई कोर्ट ने कहा कि MCD की लापरवाही का आलम ये है कि अब हमें सरकार को इसे भंग करने के लिए कह देना चाहिए। अगर MCD के अधिकारी काम नहीं करेंगे, तो हम ऐसे अधिकारियों को सस्पेंड करना शुरू कर देंगे। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में हालात ये हैं कि सरकार की कैबिनेट मीटिंग नहीं हो रही है। स्टैंडिंग कमेटी भी नहीं है। अगर कैबिनेट या स्टैंडिंग कमेटी की मीटिंग ही नहीं होगी तो बजट को मंजूरी कैसे मिलेगी। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से कहा कि वो सिविक एजेंसियों के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक लापरवाही का मुकदमा दर्ज करें। कोर्ट ने MCD को नाले की सफाई कर उसके आसपास बैरिकेडिंग करने को कहा, ताकि फिर कोई ऐसा हादसा न हो। कोर्ट ने एमसीडी और दिल्ली पुलिस को 10 दिनों के अंदर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी की तबियत अचानक बिगड़ गई। उनको दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूत्रों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा है। जिसमें मांग की गई है कि बांग्लादेश में सिख गुरुद्वारों और मंदिरों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जाएं। उन्होंने विदेश मंत्री से यह मुद्दा बांग्लादेश के समक्ष उठाने को कहा है।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने लंदन आने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि UK के कुछ हिस्सों में हाल ही में हुई अशांति के बारे में पता होगा। लंदन में भारतीय उच्चायोग स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है। भारत से आने वाले पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वे यू.के. में यात्रा करते समय सतर्क रहें और सावधानी बरतें। स्थानीय समाचारों और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी की गई सलाह का पालन करें और उन क्षेत्रों से जाने से बचे जहां विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं।
मोदी सरकार ने ब्रिटेन जा रहे भारतीयों के नई एडवाइजरी जारी की है। भारतीयों को निर्देश दिया गया है कि वे दंगे वाली जगहों पर जाने से बचे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर बांग्लादेश के हालात को लेकर दोपहर साढ़े 3 बजे लोकसभा और दोपहर 2ः30 बजे राज्यसभा में जानकारी देंगे।
कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज किसानों के साथ संसद भवन में उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा करेंगे। जानकारी के अनुसार पिछले लंबे समय से किसान MSP पर कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं। इससे पहले किसानों के मुद्दे पर लोकसभा में सोमवार को जमकर बहस हुई थी।
राजस्थान में भारी बारिश कहर जारी है। सोमवार को प्रदेश में भारी बारिश के कारण 9 लोगों की मौत हुई थी। वहीं आज मंगलवार को प्रदेश में 5 लोगों की मौत हो गई। बता दें कि पिछले सप्ताह प्रदेश में बारिश के कारण 18 लोगों की मौत हुई थी।
एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने अजित पवार को गद्दार कहा है। उन्होंने कहा कि वे चाचा शरद पवार की मौत का इंतजार कर रहे थे। क्या हम किसी बुजुर्ग की मौत का इंतजार करते हैं? जिस बच्चे को चलना सिखाया और उस बच्चे ने चाचा को ही बाहर का रास्ता दिखा दिया।
बांग्लादेश की स्थिति पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा बांग्लादेश की स्थिति संवेदनशील है। यह एक गंभीर स्थिति है जो दक्षिण एशिया और पूर्वी एशिया के लिए चिंताजनक है। मुझे उम्मीद है कि संसद के दोनों सदनों में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा होगी और सरकार इस चर्चा को सुगम बनाने में अपनी भूमिका निभाएगी।
इंडिया एलायंस के नेताओं ने जीएसटी वापस लेने की मांग को लेकर संसद के मकर द्वार के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने बांग्लादेश की राजनीतिक स्थिति और भारत पर इसके संभावित प्रभाव पर चर्चा के लिए राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया।