Morning Drink: सुबह उठते ही खाली पेट अगर कुछ हैवी पी लिया जाए या मान लीजिए चाय पी ली जाए तो इससे ना सिर्फ सेहत को नुकसान होता है बल्कि यह पेट साफ करने के बजाय एसिडिटी और अपच का कारण बन सकता है. लेकिन, अगर सही ड्रिंक के साथ दिन की शुरुआत हो तो सेहत को एक नहीं बल्कि कई फायदे मिलते हैं. ऐसे में यहां जानिए सुबह उठते ही क्या पीने पर सेहत अच्छी रहती है और पेट साफ (Stomach Clean) होने में भी मदद मिलती है.
सुबह उठते ही क्या पीना चाहिए
गुनगुना पानी और नींबू
सुबह उठकर सबसे पहले पानी में नींबू का रस मिलाकर पिया जा सकता है. इससे दिन का बेहतर किकस्टार्ट होता है. नींबू मिलाकर गुनगुना पानी पिया जाए तो इससे शरीर डिटॉक्स होता है और पेट आसानी से साफ हो जाता है. इसके फैट बर्निंग गुण भी शरीर को मिलते हैं जिससे वजन घटाना आसान हो जाता है.
सुबह की शरुआत जीरा और अजवाइन का पानी पीकर की जा सकती है. इससे पेट में गैस और भारीपन की शिकायत नहीं रहती. यह ड्रिंक उन लोगों के लिए अच्छी है जिन्हें सुबह के समय पेट ठीक तरह से साफ ना होने की शिकायत रहती है. अजवाइन में थायमोल होता है जो पाचक रसों को सक्रिय करता है. आप रात के समय आधा चम्मच अजवायन और आधा चम्मच जीरा को एक गिलास पानी में भिगोकर रख सकते हैं. सुबह उठकर इस पानी को हल्का गर्म करके पीने पर फायदा मिलता है.
सुबह ठीक तरह से पेट साफ हो इसके लिए आंवला और एलोवेरा का जूस पिया जा सकता है. आंवला और एलोवारा जूस में नेचुरल लैक्सेटिव गुण होते हैं. जिन लोगों को कब्ज (Constipation) की शिकायत रहती है उन्हें खासतौर से आंवला और एलोवेरा का जूस पीकर दिन की शुरुआत करनी चाहिए.
पीले मेथी के दाने फाइबर से भरपूर होते हैं और यह मल को नर्म करने का काम करते हैं. ऐसे में सुबह मेथी का पानी पिया जाए तो पेट को इसका फायदा मिलता है. वहीं, मेथी का पानी वजन कम करने में भी मदद करता है. इस पानी को बनाने के लिए रात के समय एक चम्मच मेथी के दानों को एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें और अगली सुबह इस पानी को गर्म करके पी लें. सुबह एक गिलास पानी में एक चम्मच मेथी को पकाकर भी पिया जा सकता है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.