Cough Syrup Side Effects: कई लोग हल्की सी खांसी में तुरंत बाजार के कफ सिरप खरीदकर उनका सेवन करने लगते हैं. यह सामान्य लगता है, लेकिन अक्सर लोग यह नहीं समझते कि जरूरत से ज्यादा दवा लेने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है. हैरानी तो तब हो जाती है, जब घर में मौजूद किसी कम उम्र के बच्चे को अगर खांसी हो जाती है, तो माता-पिता डॉक्टर से बिना किसी सलाह के बच्चे को सिरप पिला देते हैं, जिसका नतीजा यह होता है कि बच्चे की तबीयत बहुत बिगड़ जाती है और बाद में अस्पताल जाने तक की नौबत आ जाती है.
इतना ही नहीं, कई लोग ऐसे भी हैं, जो सिर्फ नींद आने या रिलैक्स होने के लिए खांसी की सिरप पी लेते हैं, जबकि बिना खांसी के कफ सिरप लेना घातक साबित हो सकता है. आज की स्टोरी में हम आपको खांसी के सिरप से जुड़ी की अहम बातों के बताएंगे, जिसकी जानकारी होना आपके और आपके परिवार वालों के लिए बहुत जरूरी है.
कफ सिरप में मौजूद होते हैं खतरनाक तत्व
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट के अनुसार कई कफ सिरप में डाइएथिलीन और एथिलीन ग्लाइकॉल जैसे हानिकारक तत्व पाए जाते हैं. यह तत्व कड़वी खांसी की दवा के स्वाद को कम करने के लिए मिलाए जाते हैं, लेकिन ज्यादा मात्रा में सेवन करने पर शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए बिना डॉक्टर की निगरानी के कफ सिरप का इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है.
कफ सिरप पीने के साइड इफेक्ट्स
जरूरत से ज्यादा कफ सिरप लेने पर कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं. आमतौर पर इसके साइड इफेक्ट्स में दिल की धड़कन बढ़ना, चक्कर आना, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, मितली, उल्टी, नींद में दिक्कत और मानसिक अस्थिरता शामिल हैं. अगर यह लक्षण लंबे समय तक बने रहें या गंभीर हों, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए, क्योंकि कई बार गलत दवाई का सेवन गंभीर बीमारियों की ओर धकेल देते हैं.
- कफ सिरप का सुरक्षित इस्तेमाल करने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है:
- हमेशा दवा के पैकेज पर लिखी निर्देशों को पढ़ें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही सेवन करें.
- खुद से डोज बढ़ाने या बदलने से बचें.
- प्राकृतिक राहत के लिए गर्म पानी के साथ भाप लें, हल्का गुनगुना शहद मिलाकर पानी पिएं और तुलसी या अदरक वाली चाय का सेवन करें.
- अगर खांसी 7 दिन में ठीक नहीं होती, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें.
- सिर में दर्द, चक्कर, सांस लेने में दिक्कत, घबराहट या तेज दिल की धड़कन होने पर दवा बंद करें और डॉक्टर को दिखाएं.
यह भी पढ़ें: सुबह उठते ही मतली या उल्टी जैसा लगता है? जानिए इसके असली कारण
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.