PTI
Read More
---विज्ञापन---
क्या घर में रह रही बिल्ली या कुत्ते को भी बर्ड फ्लू हो सकता है? तो जवाब है, हां. हालांकि अभी तक ऑस्ट्रेलिया में पालतू जानवरों में H5 बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है और ज्यादातर बिल्लियों और कुत्तों के लिए इसका खतरा बहुत कम है. लेकिन दूसरे देशों में सामने आए मामलों ने विशेषज्ञों की चिंता को बढ़ा दिया है. बिल्लियों के लिए यह मामला खास तौर पर गंभीर हो सकता है. विदेशों में कुछ संक्रमित बिल्लियों की हालत इतनी तेजी से बिगड़ी कि कुछ ही दिनों में उनकी मौत हो गई. कुत्ते भी इस वायरस से संक्रमित हो सकते हैं, हालांकि उनमें गंभीर बीमारी के मामले कम मिले हैं.
बिल्लियों में वायरस बीमारियों पर रिसर्च करने वाली पशु चिकित्सक सैली कॉगिन्स के मुताबिक, पालतू जानवरों के मालिकों के लिए यह समझना जरूरी है कि वायरस घर तक कैसे पहुंच सकता है और इससे कैसे बचा जाए. ऑस्ट्रेलिया में करीब 77 लाख घरों में पालतू जानवर हैं. ऐसे में चिंता सिर्फ इस बात की नहीं है कि बर्ड फ्लू पक्षियों में कितना फैल रहा है, बल्कि यह भी है कि कहीं पालतू जानवर अनजाने में इसके संपर्क में तो नहीं आ रहे.
H5 बर्ड फ्लू संक्रमित जंगली पक्षियों या दूसरे संक्रमित जीवों के सीधे संपर्क से पालतू जानवरों तक पहुंच सकता है. संक्रमित जगह पर जाने, संक्रमित पशु उत्पाद खाने या पीने से भी संक्रमण हो सकता है. इसके अलावा वायरस इंसानों के जूते, कपड़ों या सामानों की वजह से भी घर में आ सकता है. पोलैंड, दक्षिण कोरिया और बेल्जियम में सामने आए मामलों से पता चला है कि बिल्लियों के लिए यह वायरस कितना गंभीर हो सकता है.
शुरुआत में बर्ड फ्लू के लक्षणों को पहचानना मुश्किल हो सकता है. बर्ड फ्लू होने से पालतू जानवर सुस्त हो सकता है, उसे बुखार आ सकता है और वह खाना छोड़ सकता है. खांसी, सांस लेने में परेशानी और आंख या नाक से पानी आना इसकी निशानी है. बिल्लियों में वायरस ज्यादा होने पर कंपकंपी, दौरे और अचानक दिखाई देना बंद होने जैसे इसके लक्षण हैं. अगर पालतू जानवर में ऐसे लक्षण दिखाई दें, तो उसे सीधे पशु चिकित्सालय ले जाने से पहले डॉक्टर को फोन करना बेहतर है. इससे डॉक्टर जांच और इलाज की सुरक्षित व्यवस्था कर सकेंगे.
पालतू जानवरों के लिए H5 बर्ड फ्लू का कोई टीका फिलहाल उपलब्ध नहीं है. यह भी साफ नहीं है कि मौजूदा फ्लू की दवाएं बिल्लियों और कुत्तों के लिए कितनी सुरक्षित और असरदार हैं. इसलिए विशेषज्ञों के मुताबिक, इस समय वायरस से बचाव ही सबसे बेहतर तरीका है.
विशेषज्ञों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में इस समय ज्यादातर पालतू जानवरों के लिए H5 बर्ड फ्लू का खतरा बेहद कम है. लेकिन कम खतरे का मतलब यह नहीं है कि जोखिम बिल्कुल खत्म हो गया है. अगर आपको कोई बीमार या मृत जंगली जानवार दिखाई दे तो उसे छूने से बचें और उससे दूरी बनाए रखें. इसकी जानकारी ‘इमरजेंसी एनिमल डिजीज हॉटलाइन‘ पर दें. पालतू जानवरों को बर्ड फ्लू से बचाने का सबसे आसान तरीका है कि उन्हें वायरस वाले पक्षियों और खराब चीजों से रखें और जूतों, कपड़ों या सामान के जरिए वायरस को घर तक पहुंचने नहीं दें.
न्यूज 24 पर पढ़ें Health, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।