Jio और Airtel ने क्यों बंद किए एंट्री लेवल प्लान, यूजर्स पर क्या असर

टेलीकॉम कंपनी पहले जियो और अब एयरटेल ने अपने लोकप्रिय सबसे सस्ते एंट्री लेवल प्लान बंद कर दिए हैं। फिलहाल केवल वोडाफोन आइडिया पर 249 plan उपलब्ध है। टेलीकॉम सेक्टर में यह बदलाव ग्राहकों की जेब पर असर डालेगा।

Airtel-jio entry level plan discontinued

Credit-News 24 Graphics

देश के टेलीकॉम सेक्टर में लगातार बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पहले जियो ने अपने शुरुआती प्लान में बदलाव किया और अब एयरटेल ने भी उसी रास्ते पर चलते हुए अपना 249 रुपये वाला लोकप्रिय प्रीपेड पैक बंद कर दिया है। इस कदम से लाखों ग्राहकों को अब नए विकल्प ढूंढने पड़ेंगे।

क्यों हो रहे हैं ये बदलाव

टेलीकॉम एक्सपर्ट्स का कहना है कि एयरटेल और जियो जैसी कंपनियां अब लो-कॉस्ट पैक्स पर फोकस करने के बजाय हाई-वैल्यू प्लान्स पर ध्यान दे रही हैं। इसका मकसद उनका ARPU (Average Revenue Per User) बढ़ाना और 5G नेटवर्क जैसी महंगी तकनीक में इन्वेस्ट करना है। यही वजह है कि अब एंट्री-लेवल पैक्स की कीमत धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है।

क्यों खास था 249 रुपये का पैक

एयरटेल का यह पैक उन यूजर्स के बीच बेहद पसंद किया जाता था, जो कम कीमत में डेटा और कॉलिंग का सही बैलेंस चाहते थे। इसमें ग्राहकों को हर दिन 1GB हाई-स्पीड डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 SMS मिलते थे। इसकी वैधता 24 दिन थी। इसके अलावा, यूज़र्स को स्पैम कॉल अलर्ट, Airtel Xstream का फ्री एक्सेस और Hellotunes जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलती थीं।

अब मिलेगा नया 299 रुपये का ऑप्शन

कंपनी ने अपनी वेबसाइट और Airtel Thanks ऐप से इस पैक को हटा दिया है। अब इसके बदले सबसे सस्ता डेली डेटा प्लान 299 रुपये से शुरू होता है। इस पैक में भी 1GB डेटा प्रतिदिन, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 SMS मिलते हैं, लेकिन इसकी वैधता 28 दिन है। यानी 249 रुपये के मुकाबले 50 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे, हालांकि ग्राहकों को 4 दिन अतिरिक्त वैलिडिटी भी मिलेगी।

जियो ने भी उठाया ऐसा कदम

सिर्फ एयरटेल ही नहीं, जियो ने भी हाल ही में अपना 249 रुपये वाला पैक बंद कर दिया था। जियो का यह पैक भी 1GB डेटा प्रतिदिन और 28 दिन की वैधता देता था। अब जियो में भी सबसे सस्ता पैक 299 रुपये से शुरू होता है। यानी दोनों बड़ी कंपनियां अब एंट्री-लेवल सस्ते पैक्स को हटाकर मिड-रेंज पर ध्यान दे रही हैं।

Vi अब भी दे रहा 249 रुपये का पैक

दिलचस्प बात यह है कि फिलहाल Vodafone Idea (Vi) ही एकमात्र ऐसी कंपनी है, जो अभी भी 249 रुपये वाला पैक दे रही है। इस पैक में 1GB डेटा प्रति दिन, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 SMS की सुविधा मिलती है। ऐसे में, कम बजट वाले ग्राहक के लिए Vi फिलहाल एक विकल्प बचा हुआ है।

यूजर्स पर असर

एयरटेल और जियो के 249 रुपये का पैक बंद करने का सीधा असर लाखों यूजर्स पर पड़ेगा। खासतौर पर वे यूजर्स प्रभावित होंगे, जो हर महीने कम खर्च में डेटा और कॉलिंग की सुविधा चाहते थे। अब उन्हें कम से कम 299 रुपये खर्च करने होंगे। हालांकि कंपनियों का दावा है कि नए पैक में ज्यादा वैल्यू दी जा रही है, क्योंकि वैलिडिटी और डिजिटल सर्विसेज बढ़ा दी गई हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ