मौजूदा वक्त में आई-फोन दुनिया के सबसे पॉपुलर स्मार्टफोन ब्रांड्स में शामिल है. हर साल एप्पल कंपनी के नए मॉडल का इंतजार करोड़ों यूजर्स करते हैं. भारत में भी इसको लेकर दीवानगी लगातार बढ़ी है. लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब एप्पल का पहला आईफोन भारत के बाजार में आया ही नहीं था. आइए जानते हैं कि दुनिया के पहले iPhone की कीमत कितनी थी और भारतीय यूजर्स को इसके लिए इंतजार क्यों करना पड़ा?
2007 में आया था पहला iPhone
Apple ने पहली बार iPhone को जनवरी 2007 में दुनिया के सामने पेश किया था. कंपनी के तत्कालीन सीईओ ने मैकवर्ल्ड कॉन्फ्रेंस में इस डिवाइस को लॉन्च किया था. उस वक्त फोन को अमेरिका में 2 स्टोरेज ऑप्शंस के साथ पेश किया गया था. 4GB मॉडल की शुरुआती कीमत 499 डॉलर, जबकि 8GB वर्जन की कीमत 599 डॉलर रखी गई थी. हालांकि, ये प्राइस यूएस मार्केट के लिए थीं और भारत में इसकी कोई ऑफिशियल लॉन्च प्राइस तय नहीं की गई थी.
पहला iPhone उस दौर के नॉर्मल यूज होने वाले मोबाइल फोन से काफी अलग था, क्योंकि इसमें कीपैड नहीं था. इसमें टचस्क्रीन इंटरफेस, इंटरनेट ब्राउजिंग और म्यूजिक प्लेयर जैसी फैसिलिटीज को एक डिवाइस में एड किया गया था. इसी वजह से इसे स्मार्टफोन इंडस्ट्री में एक लैंडमार्क चेंज की शुरुआत माना गया.
भारत में क्यों नहीं आया पहला iPhone?
पहले जेनरेशन के iPhone को Apple ने शुरुआत में अमेरिका तक सीमित रखा था और बाद में चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार किया. भारत में उस वक्त एप्पल की मोबाइल मार्केट में मौजूदगी आज जैसी मजबूत नहीं थी. इसके अलावा पहला आई-फोन 3G नेटवर्क सपोर्ट नहीं करता था. उस वक्त भारत में मोबाइल इंटरनेट तेजी से ग्रो कर रहा था और 3G सर्विसेज की मांग बढ़ रही थी. ऐसे बाजार में Apple के लिए नेक्सट जेनरेशन का 3G मॉडल ज्यादा सही विकल्प था.
2008 में इंडिया में एंट्री
Apple ने साल 2008 में भारत में iPhone 3G के साथ ऑफिशियल एंट्री कर ली. कंपनी ने इसे भारती एयरटेल के साथ पार्टनरशिप में पेश किया. इसके 8GB मॉडल की कीमत करीब 31000 रुपये रखी गई थी. इसके बाद iPhone 3GS भी इंडियन मार्केट में आया, जिसकी कीमत तकरीबन 35000 रुपये थी. फिर iPhone 4 की कीमत 34500 रुपये से शुरू हुई, जबकि iPhone 4S के लिए ग्राहकों को करीब 44500 रुपये खर्च करने पड़ते थे.
हिंदुस्तान में आज भी जबरदस्त क्रेज
बदलते वक्त के साथ iPhone की कीमत और फीचर्स दोनों बढ़ते गए. आज जहां प्रीमियम मॉडल की कीमत लाख रुपये के आसपास पहुंच सकती है, वहीं कभी एप्पल का पहला आई-फोन अमेरिकी बाजार में 499 डॉलर से शुरू हुआ था. इंडिया में जब भी कोई नया मॉडल लॉन्च होता है, तब इसको हासिल करने की होड़ लग जाती है. अब देखना होगा कि नए 18 मॉडल भारत में अपने पुराने रिकॉर्ड्स को तोड़ पाएगा या नहीं.