मोबाइल में इंटरनेट धीमा चलता है या बार-बार कॉल ड्रॉप होती है तो अक्सर समझ नहीं आता कि आखिर किस टेलीकॉम कंपनी का नेटवर्क बेहतर है. कई बार लोग इसी परेशानी के चलते अपना सिम कार्ड तक बदल लेते हैं. लेकिन अब किसी कंपनी का नेटवर्क अच्छा है या खराब, इसका पता लगाना आसान होने वाला है. टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने इसके लिए ‘नेटवर्क अनुभव’ नाम से एक नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है. इस वेबसाइट पर यूजर्स अपने इलाके में Jio, Airtel, BSNL और Vodafone-Idea (Vi) के नेटवर्क की परफॉर्मेंस देख सकेंगे. यहां इंटरनेट की डाउनलोड और अपलोड स्पीड के साथ कॉल क्वालिटी की जानकारी भी मिलेगी.
क्या है TRAI का नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म?
TRAI का यह नया प्लेटफॉर्म एक तरह का ऑनलाइन नेटवर्क एनालिसिस डैशबोर्ड है. इसे मैप के आधार पर तैयार किया गया है, जहां अलग-अलग इलाकों में टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क की स्थिति देखी जा सकती है. इसके लिए यूजर्स को anubhav.trai.gov.in वेबसाइट पर जाना होगा. यहां से वे अपने इलाके में Jio, Airtel, BSNL और Vi के नेटवर्क की परफॉर्मेंस चेक कर सकते हैं. इससे लोगों को यह समझने में मदद मिलेगी कि उनके आसपास किस कंपनी का नेटवर्क बेहतर काम कर रहा है.
क्या मिलेगी जानकारी?
नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म पर यूजर्स को सिर्फ नेटवर्क कवरेज ही नहीं, बल्कि इंटरनेट की स्पीड से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी. यहां डाउनलोड और अपलोड स्पीड का डेटा देखा जा सकेगा. इसके अलावा कॉल क्वालिटी और नेटवर्क परफॉर्मेंस की जानकारी भी मिलेगी. यानी अगर आपके इलाके में किसी कंपनी का इंटरनेट धीमा है या कॉलिंग में परेशानी आती है, तो इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध डेटा से दूसरी कंपनियों के नेटवर्क से उसकी तुलना की जा सकेगी.
DND और स्पैम कॉल की शिकायत भी कर सकेंगे
TRAI के इस प्लेटफॉर्म पर DND यानी डू नॉट डिस्टर्ब से जुड़ी सुविधाएं भी दी गई हैं. यूजर्स स्पैम कॉल और अनचाहे मैसेज की शिकायत दर्ज करा सकेंगे. इतना ही नहीं, शिकायत का स्टेटस भी ट्रैक किया जा सकेगा. इसके अलावा लोग खुद अपने मोबाइल नेटवर्क की स्पीड टेस्ट कर सकते हैं. दूसरे यूजर्स की ओर से किए गए स्पीड टेस्ट का डेटा भी मैप पर दिखाई देगा.
टेलीकॉम कंपनियों को भी होगा फायदा
इस प्लेटफॉर्म से सिर्फ मोबाइल यूजर्स को ही नहीं, बल्कि टेलीकॉम कंपनियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. कंपनियां इस डेटा की मदद से उन इलाकों की पहचान कर सकेंगी, जहां इंटरनेट की स्पीड कम है या कॉल बार-बार ड्रॉप होती हैं. इससे उन्हें नेटवर्क की कमियों को समझने और संबंधित इलाकों में सर्विस बेहतर करने में मदद मिलेगी.
नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म से TRAI को भी यह समझने में मदद मिलेगी कि अलग-अलग इलाकों में ग्राहकों को किस तरह की नेटवर्क सर्विस मिल रही है. यूजर्स और TRAI की ओर से किए गए नेटवर्क टेस्ट का डेटा एक जगह उपलब्ध होने से नेटवर्क परफॉर्मेंस को लेकर पारदर्शिता बढ़ेगी. इसके आधार पर नियामक कंपनियों को नेटवर्क सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाने को कह सकेगा.