दिवाली से पहले अगर आप अपने घर के लिए नया Smart TV खरीदने की सोच रहे हैं, तो थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है. कुछ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अगले महीने से 2026 की बड़ी ऑनलाइन सेल शुरू होने वाली है. वहीं कुछ पर अभी सेल चल रहीं हैं. इस दौरान स्मार्ट टीवी पर हजारों रुपये तक की छूट और कई तरह के बैंक ऑफर्स मिल सकते हैं. लेकिन कम कीमत देखकर तुरंत टीवी ऑर्डर करना समझदारी नहीं होगी. कई बार डिस्काउंट के चक्कर में लोग पुराना मॉडल खरीद लेते हैं या डिलीवरी के समय जरूरी जांच करना भूल जाते हैं. ऐसे में टीवी खरीदने से पहले 4 जरूरी बातें जान लेना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
ऑर्डर से लेकर इंस्टॉलेशन तक रखें इन बातों का रखें ध्यान
1. टीवी की मैन्युफैक्चरिंग डेट और मॉडल ईयर जरूर देखें
ऑनलाइन सेल के दौरान कई स्मार्ट टीवी पर भारी डिस्काउंट मिलता है. ऐसे में ज्यादातर ग्राहक सिर्फ कीमत पर ध्यान देते हैं, जबकि टीवी की मैन्युफैक्चरिंग डेट और मॉडल ईयर देखना भी जरूरी है. कई बार ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर पुराने स्टॉक वाले टीवी को कम कीमत पर बेचा जाता है. जैसे 2026 की सेल में आपको 2024 का मॉडव भी काफी कम कीमत में मिल सकता है.
पुराने मॉडल के टीवी में कई बार नई टेक्नोलॉजी और लेटेस्ट फीचर्स नहीं मिलते. इसके अलावा, भविष्य में टीवी खराब होने पर सर्विस या स्पेयर पार्ट्स मिलने में भी परेशानी आ सकती है. इसलिए सिर्फ ज्यादा डिस्काउंट देखकर टीवी न खरीदें. कोशिश करें कि आप लेटेस्ट मॉडल और नई मैन्युफैक्चरिंग वाला टीवी ही चुनें.
2. ई-कॉमर्स साइट पर कीमत की तुलना करें
ऑनलाइन शॉपिंग करते समय कई लोग एक ही वेबसाइट पर टीवी की कीमत देखकर ऑर्डर कर देते हैं. ऐसा करने से आप दूसरे प्लेटफॉर्म पर मिल रहे बेहतर ऑफर का फायदा उठाने से चूक सकते हैं. इसलिए जिस स्मार्ट टीवी को खरीदने की योजना बना रहे हैं, उसकी कीमत अलग-अलग साइट्स पर चेक करें. इसके साथ ही कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी कीमत जरूर देखें.
कई बार टीवी बनाने वाली कंपनियां अपनी वेबसाइट पर बैंक डिस्काउंट, एक्सचेंज ऑफर और दूसरी छूट देती हैं. ऐसे में अलग अलग प्लेटफॉर्म पर कीमत की तुलना करने से आपको सही डील चुनने में मदद मिलेगी. ध्यान रखें कि सिर्फ दिख रही कीमत नहीं, बल्कि बैंक ऑफर और दूसरे डिस्काउंट के बाद मिलने वाली फाइनल कीमत की तुलना करें.
3. Open Box Delivery का ऑप्शन जरूर चुनें
स्मार्ट टीवी महंगा इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट होता है. ऐसे में इसकी डिलीवरी लेते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है. ऑनलाइन ऑर्डर करते समय कोशिश करें कि आपको Open Box Delivery का विकल्प मिले. इस सुविधा में डिलीवरी एजेंट आपके सामने ही टीवी का बॉक्स खोलता है. इससे आप टीवी की स्क्रीन, बॉडी और दूसरे हिस्सों को देखकर जांच सकते हैं कि कहीं कोई टूट फूट या फिजिकल डैमेज तो नहीं है. हालांकि, ऑर्डर करने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपके चुने हुए टीवी पर यह सुविधा उपलब्ध है या नहीं और इसकी क्या शर्तें हैं.
4. टीवी को अनबॉक्स और इंस्टॉलेशन करने से बचें
ऑनलाइन ऑर्डर किया गया टीवी जब घर पहुंचता है, तो उसे तुरंत खोलकर देखने का मन करता है. लेकिन जल्दबाजी में ऐसा करना ठीक नहीं है. कई लोग डिलीवरी मिलते ही खुद टीवी को बॉक्स से बाहर निकाल लेते हैं और टेबल पर रखकर चालू कर देते हैं. ऐसा करने के बजाय कंपनी के अधिकृत सर्विस पार्टनर से ही टीवी का इंस्टॉलेशन करवाना बेहतर है.
आमतौर पर डिलीवरी के 48 से 72 घंटे के अंदर इंस्टॉलेशन की सुविधा मिल सकती है. टेक्नीशियन के सामने ही टीवी चालू करवाएं और उसकी स्क्रीन, साउंड, कनेक्टिविटी समेत सभी जरूरी फीचर्स अच्छी तरह चेक करें. अगर इस दौरान कोई खराबी सामने आती है, तो तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.
खरीदारी से पहले की गई थोड़ी सी जांच आपको गलत प्रोडक्ट खरीदने और बाद में होने वाली परेशानी से बचा सकती है.