iPhone 17e vs iPhone 17: Apple ने अपनी नई iPhone 17 सीरीज के साथ एक किफायती मॉडल iPhone 17e भी लॉन्च किया है. कंपनी ने इसे उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है जो कम कीमत में नया आईफोन खरीदना चाहते हैं और Apple के इकोसिस्टम का हिस्सा बनना चाहते हैं. खास बात यह है कि दोनों फोन में लेटेस्ट A19 चिप और Apple Intelligence जैसे फीचर्स मिलते हैं, लेकिन इसके बावजूद iPhone 17 कई मामलों में ज्यादा प्रीमियम अनुभव देता है. ऐसे में अगर आप इन दोनों में से किसी एक को खरीदने की सोच रहे हैं, तो कीमत से लेकर कैमरा, डिस्प्ले और बैटरी तक का फर्क समझना जरूरी है.

कीमत- दोनों फोन के बीच कितना अंतर

भारत में iPhone 17e की शुरुआती कीमत 64,900 रुपये है, जिसमें 256GB स्टोरेज मिलता है. इसका 512GB वेरिएंट 84,900 रुपये में आता है. फिलहाल यह भारत में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है और 11 मार्च से बिक्री शुरू होगी. दूसरी ओर iPhone 17 की कीमत ज्यादा है. इसका 256GB मॉडल 82,900 रुपये में मिलता है, जबकि 512GB वेरिएंट की कीमत 1,02,900 रुपये तक जाती है. यानी दोनों फोन के बीच करीब 18,000 रुपये का अंतर है.

---विज्ञापन---

डिजाइन- लुक लगभग एक जैसा

डिजाइन के मामले में iPhone 17e और iPhone 17 काफी हद तक एक जैसे दिखते हैं. दोनों में एल्युमिनियम फ्रेम और ग्लास बैक दिया गया है. साथ ही IP68 रेटिंग भी मिलती है, जिससे फोन धूल और पानी से सुरक्षित रहते हैं. साइज की बात करें तो iPhone 17e का डायमेंशन 146.7 x 71.5 x 7.8mm है और इसका वजन 169 ग्राम है. वहीं iPhone 17 थोड़ा बड़ा है, जिसका साइज 149.6 x 71.5 x 7.95mm और वजन 177 ग्राम है. दोनों फोन के फ्रंट में Ceramic Shield 2 प्रोटेक्शन मिलता है. रंगों की बात करें तो iPhone 17e ब्लैक, सॉफ्ट पिंक और व्हाइट में आता है, जबकि iPhone 17 लैवेंडर, मिस्ट ब्लू, सेज, व्हाइट और ब्लैक कलर में उपलब्ध है.

---विज्ञापन---

डिस्प्ले- iPhone 17 में ज्यादा एडवांस स्क्रीन

डिस्प्ले के मामले में दोनों फोन के बीच साफ अंतर देखने को मिलता है. iPhone 17e में 6.1-इंच का Super Retina XDR OLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 1,170 x 2,532 पिक्सल है. इसमें 60Hz रिफ्रेश रेट, True Tone सपोर्ट और 800 निट्स तक ब्राइटनेस मिलती है. दूसरी तरफ iPhone 17 में बड़ा 6.3-इंच Super Retina XDR OLED डिस्प्ले दिया गया है. इसमें ProMotion तकनीक के साथ 120Hz तक रिफ्रेश रेट मिलता है. इसके अलावा इसमें Always-On Display और 3,000 निट्स तक पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट भी मिलता है, जो इसे ज्यादा एडवांस बनाता है.

परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर

परफॉर्मेंस की बात करें तो Apple Inc. ने दोनों फोन में A19 चिपसेट दिया है. इसके साथ 16-कोर Neural Engine मिलता है, जो Apple Intelligence और ऑन-डिवाइस AI फीचर्स को सपोर्ट करता है. iPhone 17e में 8GB रैम और 256GB व 512GB स्टोरेज ऑप्शन मिलते हैं. वहीं iPhone 17 भी 256GB स्टोरेज से शुरू होता है और Apple Intelligence के वही फीचर्स देता है जो कंपनी के Pro मॉडल्स में मिलते हैं. दोनों स्मार्टफोन iOS 26 के साथ आते हैं.

कैमरा- iPhone 17 में ज्यादा वर्सेटाइल सेटअप

कैमरा सेगमेंट में भी दोनों फोन अलग नजर आते हैं. iPhone 17e में 48 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा मिलता है, जिसका अपर्चर f/1.6 है और इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट भी दिया गया है. यह इन-सेंसर क्रॉप के जरिए 2x ऑप्टिकल क्वालिटी जूम भी देता है. सेल्फी के लिए इसमें 12 मेगापिक्सल TrueDepth कैमरा मिलता है. वहीं iPhone 17 में ड्यूल कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 48 मेगापिक्सल Fusion मेन कैमरा के साथ 48 मेगापिक्सल अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है, जो मैक्रो फोटोग्राफी को भी सपोर्ट करता है. फ्रंट में Centre Stage कैमरा दिया गया है, जो वीडियो कॉल के दौरान यूजर को फ्रेम के बीच में बनाए रखता है. दोनों फोन में Action Mode और Cinematic Video जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.

बैटरी लाइफ- iPhone 17 थोड़ा आगे

बैटरी के मामले में iPhone 17e एक बार चार्ज करने पर करीब 26 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है. इसमें 20W वायर्ड चार्जिंग और 15W MagSafe वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट है. वहीं iPhone 17 की बैटरी थोड़ी ज्यादा चलती है और कंपनी के मुताबिक यह 30 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है. इसमें फास्ट चार्जिंग भी बेहतर है और दावा किया गया है कि कुछ ही मिनटों में फोन 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है.

कौन सा फोन खरीदना बेहतर रहेगा

अगर आप कम कीमत में नया आईफोन लेना चाहते हैं और लेटेस्ट A19 चिप के साथ अच्छी परफॉर्मेंस चाहते हैं, तो iPhone 17e एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसमें MagSafe चार्जिंग, Apple Intelligence और अच्छी बैटरी लाइफ जैसे फीचर्स मिलते हैं. लेकिन अगर आप बड़ा और स्मूद 120Hz डिस्प्ले, ज्यादा वर्सेटाइल कैमरा और बेहतर बैटरी बैकअप चाहते हैं, तो iPhone 17 ज्यादा प्रीमियम अनुभव देता है. इसलिए चुनाव पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कम कीमत को प्राथमिकता देते हैं या ज्यादा फीचर्स को.

ये भी पढ़ें- Apple ने लॉन्च किया सबसे सस्ता ‘MacBook Neo’, क्या अब खत्म होगा Windows का दबदबा?