त्योहारों के दौरान घर जाने के लिए ट्रेन की टिकट बुक करना आसान नहीं होता. दिवाली और छठ जैसे मौकों पर ट्रेनों में इतनी भीड़ रहती है कि कई बार महीनों पहले टिकट बुक करने के बाद भी कन्फर्म सीट नहीं मिलती. ऐसे में तत्काल टिकट का ऑप्शन यात्रियों के काम आ सकता है. हालांकि इसके लिए बुकिंग का सही समय पता होना और पहले से तैयारी करना जरूरी है.
एसी और स्लीपर क्लास की बुकिंग अलग-अलग समय पर शुरू होती है. वहीं, टिकट बुक करते समय छोटी सी देरी होने पर हाथ से निकल सकती है. अगर आप भी त्योहारों में घर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो जान लीजिए कि तत्काल टिकट की बुकिंग कब खुलती है और इसे बुक करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
एसी और स्लीपर क्लास के लिए कब खुलती है तत्काल बुकिंग?
तत्काल टिकट बुक करने के लिए सबसे पहले समय का ध्यान रखना जरूरी है. रेलवे के नियमों के मुताबिक, तत्काल कोटे की बुकिंग ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से रवाना होने की तारीख से एक दिन पहले खुलती है. एसी क्लास के लिए बुकिंग सुबह 10 बजे शुरू होती है, जबकि स्लीपर और दूसरी नॉन-एसी क्लास के लिए सुबह 11 बजे से टिकट बुक किए जा सकते हैं.
इसे उदाहरण से समझें तो अगर ट्रेन अपने शुरुआती स्टेशन से 28 अक्टूबर को रवाना हो रही है, तो उसके तत्काल टिकट की बुकिंग 27 अक्टूबर को खुलेगी. एसी टिकट के लिए सुबह 10 बजे और स्लीपर टिकट के लिए सुबह 11 बजे का समय तय रहेगा. इसलिए टिकट बुक करने से पहले ट्रेन की शुरुआत की तारीख जरूर जांच लें.
IRCTC अकाउंट पहले से रखें तैयार
त्योहारों के समय तत्काल टिकट की मांग काफी ज्यादा रहती है. ऐसे में बुकिंग शुरू होने के बाद अकाउंट बनाने या पासवर्ड याद करने में समय गंवाना भारी पड़ सकता है. बेहतर होगा कि आप अपना IRCTC अकाउंट पहले ही लॉगिन करके चेक कर लें. साथ ही, टिकट बुक करने के लिए जरूरी आधार वेरिफिकेशन भी पहले से पूरा रखें.
यात्रा की तारीख, ट्रेन का नाम या नंबर, चढ़ने और उतरने वाले स्टेशन और यात्रा करने वाले लोगों की जानकारी पहले से तैयार रखें. इससे बुकिंग शुरू होते ही आपको सारी जानकारी खोजने में समय नहीं लगाना पड़ेगा.
बुकिंग शुरू होने से पहले लॉगिन करें, इन बातों का रखें ध्यान
तत्काल टिकट बुक करने के लिए एसी क्लास की बुकिंग शुरू होने से पहले सुबह 10 बजे और नॉन एसी क्लास के लिए सुबह 11 बजे से पहले IRCTC अकाउंट में लॉगिन कर लें. बुकिंग खुलते ही अपनी तय ट्रेन, क्लास और तत्काल कोटा चुनें. इसके बाद यात्रियों की जानकारी भरकर पेमेंट की प्रोसेस पूरी करें.
बुकिंग के दौरान नाम, उम्र और दूसरी जानकारियां ध्यान से भरें. पेमेंट में देरी होने पर टिकट बुक करने का मौका निकल सकता है. टिकट बुक होने के बाद PNR नंबर जरूर चेक करें, ताकि बुकिंग का स्टेटस पता चल सके. ध्यान रखें कि पहले से तैयारी करने से समय बच सकता है, लेकिन इससे कन्फर्म टिकट मिलने की गारंटी नहीं होती.
तत्काल टिकट के लिए आधार वेरिफिकेशन है जरूरी
IRCTC की वेबसाइट और ऐप से तत्काल टिकट बुक करने के लिए यूजर का आधार ऑथेंटिकेटेड होना जरूरी है. इसके अलावा, ऑनलाइन तत्काल बुकिंग में आधार आधारित OTP वेरिफिकेशन भी लागू है. इसलिए बुकिंग वाले दिन किसी परेशानी से बचने के लिए अपने अकाउंट का आधार वेरिफिकेशन पहले ही पूरा कर लें.
तत्काल टिकट के चार्ज और रिफंड के नियम जान लें
तत्काल टिकट बुक करते समय सामान्य किराये के अलावा तत्काल चार्ज भी देना होता है. एक PNR पर अधिकतम चार यात्रियों के लिए तत्काल टिकट बुक किया जा सकता है. इसलिए टिकट बुक करने से पहले सभी यात्रियों की जानकारी और यात्रा की तारीख अच्छी तरह जांच लें.
रेलवे के नियमों के मुताबिक, कन्फर्म तत्काल टिकट कैंसिल कराने पर आमतौर पर रिफंड नहीं मिलता. हालांकि, वेटिंग तत्काल टिकट और कुछ विशेष परिस्थितियों में कैंसिलेशन के नियम अलग हो सकते हैं. इसलिए टिकट बुक करने से पहले IRCTC के आधिकारिक नियम देख लें.