Google Fitbit Air vs Fitbit Edge: इन फिटनेस ट्रैकर में आपके लिए कौन-सा बेहतर? एक में स्क्रीन नहीं, दूसरे में GPS और ECG जैसे फीचर्स
Google Fitbit Air और Fitbit Edge में से कौन-सा फिटनेस ट्रैकर खरीदना आपके लिए फायदेमंद रहेगा? इसका जवाब आपको यहां मिल सकता है. यहां जानिए कीमत, फीचर्स और दोनों के बीच क्या है बड़ा अंतर.
Google अलग-अलग यूजर्स को देखते हुए Fitbit Air और Fitbit Edge दो फिटनेस ट्रैकर तैयार किए हैं. (Image Credit-Google)
Google Fitbit Air vs Fitbit Edge: आजकल फिटनेस ट्रैकर सिर्फ स्टेप्स गिनने या हार्ट रेट चेक करने तक सीमित नहीं रह गए हैं. अब इनकी मदद से नींद, ब्लड ऑक्सीजन और वर्कआउट स जुड़ी कई जानकारियां भी मिल जाती है. इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए Google के Fitbit Air और Fitbit Edge जैसे फिटनेस ट्रैकर्स अलग-अलग तरह के यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं. Fitbit Air उन लोगों के लिए है जो बिना स्क्रीन वाला हल्का बैंड पहनना चाहते हैं, जबकि Fitbit Edge में डिस्प्ले, GPS और ECG जैसी अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं. दोनों की बैटरी लाइफ 7 दिन तक होने का दावा है, लेकिन कीमत और फीचर्स के मामले में इनमें काफी अंतर है.
विज्ञापन
Fitbit Air और Fitbit Edge के डिजाइन में क्या है अंतर?
Fitbit Air एक स्क्रीनलेस फिटनेस बैंड है, जिसका वजन स्ट्रैप समेत सिर्फ 12 ग्राम है. इसकी बॉडी में रिसाइकल्ड पॉलीकार्बोनेट और PBT प्लास्टिक का इस्तेमाल किया गया है. इसमें Bluetooth 5.0 कनेक्टिविटी मिलती है. स्क्रीन नहीं होने के कारण हेल्थ और फिटनेस से जुड़ा डेटा देखने के लिए फोन में Google Health ऐप खोलना होगा. दूसरी ओर, Fitbit Edge में 1.34 इंच की कलर AMOLED स्क्रीन और फिजिकल साइड बटन दिया गया है. इसका वजन बिना स्ट्रैप के 17.7 ग्राम है और इसमें रिसाइकल्ड एल्युमीनियम केस मिलता है. यह Bluetooth 5.4 को सपोर्ट करता है.
विज्ञापन
हेल्थ ट्रैकिंग के मामले में कौन आगे?
दोनों फिटनेस ट्रैकर हार्टरेट, ब्लड ऑक्सीजन यानी SpO2, स्किन टेम्परेचर में बदलाव और बॉडी की गतिविधियों को ट्रैक करते हैं. इनमें स्लीप और एक्टिविटी ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलती है. Fitbit Air की खासियत इसका हल्का डिजाइन है, जिसे पूरे दिन पहनना आसान हो सकता है. यह 50 मीटर तक वॉटर रेसिस्टेंट भी है. वहीं, Fitbit Edge में ECG ऐप को सपोर्ट करने वाले इलेक्ट्रिकल सेंसर दिए गए हैं. इसमें अल्टीमीटर भी मिलता है, जो ऊंचाई से जुड़ी जानकारी देने में मदद करता है. हालांकि, ECG जैसी सुविधाओं की उपलब्धता और इस्तेमाल संबंधित क्षेत्र की मंजूरी पर निर्भर कर सकते हैं.
Google Fitbit Air और Fitbit Edge (Image Credit-Google)
Fitbit Edge में ज्यादा वर्कआउट फीचर्स
Fitbit Edge में 40 से ज्यादा एक्सरसाइज मोड दिए गए हैं. यह कुछ गतिविधियों को अपने आप पहचान सकता है और वर्कआउट के आंकड़े सीधे कलाई पर दिखाता है. इसमें बिल्ट-इन GPS और Galileo सपोर्ट भी मिलता है, जिससे आउटडोर वर्कआउट के दौरान फोन पर निर्भर नहीं रहना पड़ता. Google का दावा है कि इसका GPS पिछली जनरेशन के मुकाबले 40 प्रतिशत तक बेहतर एक्यूरेसी देता है. इसके अलावा, Edge में फोन नोटिफिकेशन और मीडिया कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. Fitbit Air में बिल्ट-इन GPS या डिस्प्ले नहीं है, इसलिए यह ज्यादा बेसिक फिटनेस ट्रैकिंग पर फोकस करता है.
विज्ञापन
Fitbit Air या Fitbit Edge बैटरी के मामले में कौन आगे?
बैटरी के मामले में दोनों डिवाइस लगभग एक जैसे हैं. Google के मुताबिक, Fitbit Air और Fitbit Edge दोनों एक बार चार्ज करने पर 7 दिन तक चल सकते हैं. महज 5 मिनट की चार्जिंग से एक दिन तक इस्तेमाल करने लायक बैटरी मिल सकती है. दोनों को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 90 मिनट लगते हैं. Fitbit Edge की एक अतिरिक्त खासियत इसकी यूजर-रिप्लेसेबल बैटरी है, यानी जरूरत पड़ने पर बैटरी बदली जा सकती है.
Fitbit Air और Fitbit Edge की कीमत कीमत?
भारत में Fitbit Air की कीमत 13,999 रुपये है और इसे गूगल के इंडिया स्टोर से खरीदा जा सकता है. वहीं, Fitbit Edge की शुरुआती कीमत अमेरिका में 179.99 डॉलर है, जो भारतीय रुपये में करीब 17,000 होती है. हालांकि, गूगल ने अभी Fitbit Edge की भारत में कीमत और लॉन्च की तारीख का ऐलान नहीं किया है. इसलिए भारत में इसे खरीदने के इच्छुक लोगों को फिलहाल इंतजार करना होगा.
विज्ञापन
आपके लिए कौन-सा फिटनेस ट्रैकर सही रहेगा?
अगर आप रोजाना की एक्टिविटी, हार्ट रेट, नींद और दूसरी बेसिक हेल्थ जानकारियां ट्रैक करना चाहते हैं और कलाई पर स्क्रीन नहीं चाहते, तो Fitbit Air आपकी जरूरत पूरी कर सकता है. वहीं, अगर आप बिना फोन निकाले वर्कआउट के आंकड़े देखना चाहते हैं और GPS, ज्यादा एक्सरसाइज मोड व ECG जैसे अतिरिक्त फीचर्स चाहते हैं, तो Fitbit Edge ज्यादा सुविधाएं देता है. हालांकि, इसकी भारतीय कीमत और उपलब्धता अभी साफ नहीं है. ऐसे में खरीदारी का फैसला अपनी जरूरत, बजट और जरूरी फीचर्स को ध्यान में रखकर करना बेहतर होगा.