Vacation Responder: अगर आप कुछ दिनों के लिए छुट्टी पर जा रहे हैं या किसी वजह से ऑफिस के ईमेल चेक नहीं कर पाएंगे, तो Gmail का एक फीचर आपका काम काफी आसान कर सकता है. इस फीचर की मदद से आपकी गैरमौजूदगी में आने वाले ईमेल का जवाब अपने आप भेजा जा सकता है. यानी हर मेल खोलकर अलग से रिप्लाई करने की जरूरत नहीं होगी. Gmail में इस सुविधा को Vacation Responder कहा जाता है.
इस फीचर में आप पहले से अपनी छुट्टी की तारीख सेट कर सकते हैं. इसके साथ ईमेल का सब्जेक्ट और एक मैसेज भी लिखना होता है. इसके बाद तय अवधि में आने वाले ईमेल पर Gmail अपने आप वही जवाब भेज देगा. अगर आप चाहें तो ऑटो रिप्लाई सिर्फ अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों तक ही सीमित रख सकते हैं.
कंप्यूटर पर Gmail में ऑटो रिप्लाई कैसे लगाएं?
- कंप्यूटर पर Gmail खोलने के बाद राइड साइड में दिए गए Settings आइकन पर क्लिक करें. इसके बाद See all settings पर जाएं.
- अब General टैब में नीचे की तरफ स्क्रॉल करें और Vacation responder सेक्शन खोजें.
- Vacation responder सेक्शन में जाकर Vacation responder on विकल्प चुनें. अब अपनी छुट्टी शुरू होने और खत्म होने की तारीख दर्ज करें.
- इसके बाद ईमेल का Subject और वह Message लिखें, जो लोगों को ऑटोमैटिक रिप्लाई के तौर पर भेजना है.
अगर आप चाहते हैं कि ऑटो रिप्लाई हर व्यक्ति को न जाए, तो Send only to my Contacts से जुड़े चेकबॉक्स को चुन सकते हैं. सारी जानकारी भरने के बाद पेज के सबसे नीचे जाकर Save Changes पर क्लिक करें. इसके बाद Vacation Responder चालू हो जाएगा.
ऑटो रिप्लाई बंद कैसे करें?
छुट्टी खत्म होने के बाद इस फीचर को बंद करना भी आसान है. Gmail में दिखाई देने वाले Vacation responder बैनर पर जाकर End now पर क्लिक कर सकते हैं. इसके बाद ऑटोमैटिक रिप्लाई भेजना बंद हो जाएगा.
Android फोन पर ऐसे चालू करें फीचर
Android फोन पर Gmail ऐप खोलें और ऊपर बाईं ओर दिए गए तीन लाइन वाले Menu आइकन पर टैप करें. इसके बाद Settings में जाएं और अपना ईमेल अकाउंट चुनें. अब Vacation responder विकल्प पर टैप करें.
Vacation responder के सामने दिए गए स्विच को ऑन करें. अब छुट्टी की शुरुआत और खत्म होने की तारीख डालें. इसके बाद Subject और Message लिखें. अगर जरूरी हो तो सिर्फ कॉन्टैक्ट्स को ऑटो रिप्लाई भेजने का विकल्प चुनें. आखिर में Done पर टैप करें.
Android पर ऑटो रिप्लाई कैसे बंद करें?
जब आपको दोबारा ईमेल का जवाब खुद देना हो, तो Gmail ऐप में इसी Vacation responder सेक्शन में जाएं. यहां दिए गए स्विच को ऑफ कर दें. इसके बाद ऑटो रिप्लाई बंद हो जाएगा.
iPhone पर Gmail का ऑटो रिप्लाई कैसे लगाएं?
iPhone या iPad पर भी Gmail ऐप के जरिए Vacation Responder चालू किया जा सकता है. इसके लिए Gmail ऐप खोलें और ऊपर बाईं तरफ Menu पर टैप करें. इसके बाद Settings में जाएं और Compose and Reply सेक्शन के अंदर Vacation responder विकल्प चुनें.
Vacation Responder का स्विच ऑन करने के बाद छुट्टी की तारीख, Subject और Message भरें. अगर आप चाहते हैं कि जवाब सिर्फ सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स को मिले, तो Send only to my Contacts विकल्प चुन सकते हैं. सारी जानकारी भरने के बाद Save पर टैप करें.
iPhone पर फीचर बंद करने का तरीका
ऑटो रिप्लाई की जरूरत खत्म होने पर दोबारा Gmail की इसी सेटिंग में जाएं. यहां Vacation Responder को ऑफ कर दें. इसके बाद आने वाले ईमेल का ऑटोमैटिक जवाब भेजना बंद हो जाएगा.
ऑटो रिप्लाई में क्या मैसेज लिखें?
ऑटो रिप्लाई में अपनी अनुपलब्धता और वापस काम शुरू करने की तारीख साफ तौर पर बताना बेहतर रहता है. इससे सामने वाले को पता चल जाता है कि आपके जवाब में देरी क्यों हो सकती है. उदाहरण के लिए Subject में Out of Office लिख सकते हैं.
मैसेज में आप लिख सकते हैं, ‘नमस्ते, मैं फिलहाल छुट्टी पर हूं और इस दौरान ईमेल का जवाब देने में देरी हो सकती है. मैं [तारीख] से दोबारा उपलब्ध रहूंगा. आपके ईमेल के लिए धन्यवाद.’
सिग्नेचर भी हो सकता है शामिल
Vacation Responder चालू रहने पर आपकी ईमेल सिग्नेचर भी ऑटो रिप्लाई के नीचे दिखाई दे सकती है. इसलिए ऑटो रिप्लाई सेव करने से पहले पूरा मैसेज एक बार जरूर पढ़ लें, ताकि उसमें कोई ऐसी जानकारी न रह जाए जिसे आप सामने वाले के साथ शेयर नहीं करना चाहते.