बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े हालिया फायरिंग मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. हमले में शामिल तीन शूटर्स को कैलिफोर्निया में बैठे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हैंडलर अनिल पंडित के संपर्क में लाने वाले प्रमुख आरोपी समीर को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया गया है. इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक हिरासत में लिए गए कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है.
इससे पहले राजस्थान के कोटा से तीन मुख्य शूटर्स फूल सिंह, रेहान और रितिक कुमार को गिरफ्तार किया गया था. दो अन्य संदिग्धों को भी पकड़ा गया है, जिनमें से एक को महाराष्ट्र-गुजरात सीमा से हिरासत में लिया गया था. कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने में कड़ी सुरक्षा के बीच रखे गए तीनों मुख्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जा रहा है.
35,000 रुपये और विदेश में सेटल होने का लालच
जांच में खुलासा हुआ है कि लॉरेंस गैंग ने शूटर्स को फंसाने के लिए बेहद सुनियोजित तरीका अपनाया था. आरोपी रेहान को महज 35, 000 रुपये नकद और विदेश में बसाने का लालच देकर इस काम के लिए तैयार किया गया था. रेहान पर पहले से ही आर्म्स एक्ट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं. इससे पहले रेहान और फूल सिंह ने अमृतसर में एक व्यापारी पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन तब उनकी पिस्तौल जाम हो गई थी और गोली नहीं चली थी.
रेहान और फूल सिंह करीब एक महीने से मुंबई में रह रहे थे. यहां उनकी मुलाकात रितिक से कराई गई, जो मुंबई की गलियों और रास्तों से अच्छी तरह वाकिफ था. रितिक को भी अच्छी नौकरी और विदेश भेजने का झांसा दिया गया था.
‘जग्गी ऐप’ से चैटिंग और कूड़ेदान में डिलीवरी
पंडित और शूटर्स के बीच पूरी बातचीत सीक्रेट तरीके से चल रही थी. अमेरिका और कनाडा से ऑपरेट कर रहे अनिल पंडित ने शूटर्स से संपर्क साधने के लिए ‘जग्गी ऐप’ का इस्तेमाल किया, जिसमें किसी यूजर आईडी या पहचान पत्र की जरूरत नहीं होती. पंडित तीनों आरोपियों के ऐशो-आराम और खर्चों के लिए ऑनलाइन पैसे भेजता था.
हथियारों की डिलीवरी किसी इंसान के जरिए आमने-सामने नहीं कराई गई. शूटर्स को ऐप पर मैसेज भेजा गया कि हथियार एक तय कूड़ेदान के पास छोड़ दिए गए हैं, जहां से जाकर उन्होंने हथियार उठाए.
कौन है अनिल पंडित?
अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य है और दिल्ली समेत कई राज्यों में रंगदारी और गोलीबारी के मामलों में वांछित है. हमले के बाद सामने आए एक कथित ऑडियो क्लिप में खुद को पंडित बताने वाले शख्स ने हमले की जिम्मेदारी ली है.
ऑडियो में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनी दी गई थी. इसी के चलते रविवार शाम यह हमला किया गया. धमकी दी गई कि फिल्म इंडस्ट्री का जो भी व्यक्ति सलमान खान के साथ काम करेगा या बिश्नोई गैंग के खिलाफ बोलेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस का मानना है कि हरियाणा से पकड़ा गया समीर मुंबई में भी कुछ अन्य लोगों के संपर्क में था. मुंबई पुलिस अब समीर से पूछताछ कर इस पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.