हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: India blocGyanesh KumarBigg Boss 20

'चोट लग गई, फिर भी…', श्रद्धा कपूर ने बताया ‘ईठा’ में लावणी डांस करना था कितना मुश्किल

श्रद्धा कपूर फिल्म ‘ईठा’ में लावणी डांसर का किरदार निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान डांस करते समय उनकी मांसपेशियों में चोट आ गई थी. फिल्म 4 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी.

विज्ञापन
फिल्म ‘ईठा’ में लावणी डांसर के किरदार में नजर आएंगी श्रद्धा कपूर (Photo- Instagram/shraddhakapoor)

बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर जल्द ही फिल्म ‘ईठा’ में नजर आने वाली हैं. इस फिल्म में वह महाराष्ट्र की मशहूर लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं. फिल्म में श्रद्धा एक लावणी डांसर के रूप में दिखाई देंगी. शुक्रवार को मुंबई के दादर स्थित प्लाजा सिनेमा में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया. इस मौके पर श्रद्धा ने फिल्म की शूटिंग और अपने किरदार की तैयारी से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए. श्रद्धा ने बताया कि लावणी डांसर का किरदार निभाना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव था. इसके लिए उन्हें काफी कुछ सीखना पड़ा. उन्होंने इस दौरान कई दिलचस्प लोगों से मुलाकात की और महाराष्ट्र की लोक कला को करीब से समझा. हालांकि, इस किरदार की तैयारी उनके लिए आसान नहीं रही. डांस की प्रैक्टिस के दौरान उन्हें चोट भी लग गई थी.

डांस करते समय श्रद्धा को आई चोट

ट्रेलर लॉन्च के दौरान श्रद्धा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के समय डांस करते हुए उनकी मांसपेशियों में चोट आ गई थी. उन्होंने कहा, ‘मैंने कई दिलचस्प लोगों से मुलाकात की. मैं एक बिल्कुल नई दुनिया में पहुंच गई थी. सेट पर डांस करते समय एक हादसा हो गया और मेरी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया. इसके बाद शूटिंग रोकनी पड़ी. टीम ने मेरा बहुत साथ दिया और मेरा ध्यान रखा. उनकी मदद से मैं ठीक होकर दोबारा शूटिंग पर लौट सकी. लावणी को समझने और सीखने के लिए मुझे काफी प्रैक्टिस करनी पड़ी.’

लावणी सीखने के लिए हुई एक हफ्ते की वर्कशॉप

फिल्म के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने भी बताया कि फिल्म में लावणी को असली अंदाज में दिखाने के लिए खास तैयारी की गई. इसके लिए मशहूर और अनुभवी लावणी डांसर शकुंतला नागरकर को बुलाया गया था. उनके साथ पूरी टीम ने एक हफ्ते की वर्कशॉप की.

विज्ञापन

सिर्फ विठाबाई की कहानी नहीं है ‘ईठा’

जब डायरेक्टर से पूछा गया कि क्या फिल्म बनाने के लिए विठाबाई के परिवार से इजाजत ली गई है, तो उन्होंने साफ किया कि ‘ईठा’ उनकी जिंदगी पर पूरी तरह आधारित बायोपिक नहीं है. फिल्म की कहानी कुछ ऐसी घटनाओं से प्रेरित है, जिनका जिक्र ‘तमाशा: विठाबाईच्या आयुष्याचे’ नाम की किताब में किया गया है. श्रद्धा कपूर ने भी कहा कि यह फिल्म सिर्फ एक कलाकार की कहानी नहीं है. इसमें तमाशा और लावणी से जुड़े हजारों कलाकारों की जिंदगी और उनके संघर्ष को दिखाया जाएगा.

कौन थीं विठाबाई, जिनसे प्रेरित है फिल्म?

विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर का जन्म 1935 में महाराष्ट्र के पंढरपुर में हुआ था. उनका परिवार लोक कला से जुड़ा था. उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही मंच पर प्रस्तुति देना शुरू कर दिया था. आगे चलकर वह महाराष्ट्र की तमाशा और लावणी कला का एक बड़ा नाम बनीं. उनकी जिंदगी में कई बड़ी उपलब्धियां रहीं, लेकिन उन्हें निजी जीवन में कई मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा.

विज्ञापन

फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े कलाकार

‘ईठा’ का निर्माण दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने किया है. फिल्म Maddock Films और Kathputli Creations के बैनर तले बनी है. इस फिल्म के जरिए लक्ष्मण उतेकर एक बार फिर Maddock Films के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दोनों ‘लुका छुपी’, ‘मिमी’, ‘जरा हटके जरा बचके’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं.

वहीं, श्रद्धा कपूर भी ‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी के बाद इस प्रोडक्शन हाउस के साथ फिर से जुड़ी हैं. फिल्म में श्रद्धा के अलावा रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नाना पाटेकर, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी नजर आएंगे. फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है. ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola