कौन हैं Shefali Jariwala के पहले पति हरमीत सिंह, जिससे तलाक के बाद टूट गई थीं एक्ट्रेस
Author: News24 हिंदी
Jun 28, 2025 01:47 PM IST
बॉलीवुड एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। साल 2002 में आए हिट गाने ‘कांटा लगा’ से शेफाली रातों-रात मशहूर हो गई थीं। अभिनेता पराग त्यागी से पहले शेफाली ने 2004 में म्यूजिक डायरेक्टर जोड़ी ‘मीत ब्रदर्स’ में से हरमीत सिंह से शादी की थी, लेकिन ये शादी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और शादी के 5 साल बाद 2009 में दोनों का तलाक हो गया।
कौन हैं हरमीत सिंह ?
हरमीत सिंह ‘मीत ब्रदर्स’ के एक सदस्य हैं। उनका जन्म 25 अगस्त 1980 को हुआ था। हरमीत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल्स जैसे ‘कहानी घर घर की’ और ‘कुसुम’ में एक्टिंग से की थी, लेकिन बाद में उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। ‘मीत ब्रदर्स’ के तौर पर उन्हें बॉलीवुड में कई हिट गानों के लिए जाना जाता है, जैसे ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘बेबी डॉल’ और ‘पार्टी तो बनती’ है।
हरमीत सिंह और शेफाली जरीवाला ने साल 2004 में शादी की थी, लेकिन ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका। शादी के पांच साल बाद 2009 में दोनों अलग हो गए। शेफाली ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने रिश्ते में मानसिक तनाव झेला था। उनका कहना था कि हिंसा सिर्फ शारीरिक नहीं होती, मानसिक हिंसा भी होती है, जब बार-बार आपकी बेइज्जती की जाए और आपकी तारीफ न हो।
पराग त्यागी से दूसरी शादी
हरमीत से तलाक के बाद शेफाली काफी टूट गई थीं। इसी बीच 2010 में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उनकी मुलाकात टीवी एक्टर पराग त्यागी से हुई। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और 2014 में दोनों ने शादी कर ली। शादी को 11 साल हो चुके थे, लेकिन दोनों का कोई बच्चा नहीं था। हालांकि वे बच्चे को गोद लेने की योजना बना रहे थे और इस बारे में खुलकर बात भी कर चुके थे। अब शेफाली की मौत से पराग पूरी तरह से टूट गए हैं। उनके चेहरे पर गहरे दुख की झलक हर किसी को भावुक कर रही है।
ये भी पढ़ें- कौन हैं Shefali Jariwala के पति? Parag Tyagi के साथ कैसा था रिश्ता