Bigg Boss Nomination Task: बिग बॉस ओटीटी 3 में इस बार का वीकेंड का वार काफी मजेदार रहा। घर से एक एग्जिट और एक नई एंट्री हो चुकी है। ऐसे में इक्वेशन लगातार बदल रहे हैं। अब घर में एक नया हंगामा होने वाला है। एक तो वाइल्ड कार्ड की एंट्री से घर का माहौल गरमाया हुआ है, ऊपर से अब नॉमिनेशन टास्क हो गया जिसमें कंटेस्टेंट्स के लव-हेट रिलेशनशिप सामने आ गए। इस बार नॉमिनेशन टास्क में बड़ा ट्विस्ट आएगा।
कौन किसे करेगा नॉमिनेट?
इस बार नॉमिनेशन खुलेआम होगा। यानी जिस भी कंटेस्टेंट को आप नॉमिनेट करना चाहते हैं उसे आपको पूरे घर के सामने नॉमिनेट करना होगा। ऐसे में अब कुछ भी राज नहीं रहेगा और सबके असली चेहरे भी सामने आ जाएंगे। इस नॉमिनेशन टास्क में कई दुश्मनी गहरी होने वाली हैं। मुंह पर फोम लगाकर न सिर्फ कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे को नॉमिनेट करेंगे बल्कि अपनी भड़ास निकालते हुए नफरत भी दर्शाएंगे। तो चलिए जानते हैं कौन-किसे नॉमिनेट करने वाला है।
सना मकबूल और साई के बीच बढ़ा तनाव
इस हफ्ते सना मकबूल और साई केतन राव की दुश्मनी और गहरी होने वाली है। सना मकबूल ने अब एक बार फिर अपने दुश्मन साई को इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेट किया है। सना ने जिस तरह से साई के मुंह पर फोम मारा है उससे ऐसा लग रहा है जैसे वो उन्हें जरा भी पसंद नहीं करतीं। इन दोनों के अलावा सना सुल्तान और लव कटारिया भी एक-दूसरे से भिड़ने वाले हैं। ये दोनों एक-दूसरे को ही घर से बाहर जाने के लिए नॉमिनेट करते नजर आएंगे।
कृतिका ने नॉमिनेशन टास्क में लिया बदला
वहीं, कृतिका भी विशाल और सना मकबूल से अपना बदला लेंगी। विशाल पांडे जिनके एक कमेंट से कृतिका अभी तक उनसे नाराज हैं, दूसरी तरफ सना मकबूल जिनके साथ उनकी कैट फाइट चल रही है, अब कृतिका ने एक साथ दोनों से बदला ले लिया। नैजी भी सना सुल्तान को टारगेट करते दिख रहे हैं। यानी आज का एपिसोड काफी वाइल्ड होने वाला है।