Salman Khan Salim Khan News: बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ के लेटेस्ट वीकेंड का वार एपिसोड में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक खुलासा किया है. एक्टर ने बताया है कि हाल ही में उन्होंने अपने पिता सलीम खान से माफी मांगी है. एक्टर ने माफी मांगने के पीछे का कारण भी फैंस के साथ शेयर किया. सोशल मीडिया पर एक्टर का ये बयान तेजी से वायरल हो रहा है. इसके साथ ही सलमान खान ने ये भी रिवील किया है कि उनके नाना ने उनके पिता से 5 साल तक बात ही नहीं की थी. ‘बिग बॉस 20’ के हालिया एपिसोड में दिए अपने बयान को लेकर सलमान खान चर्चाओं में आ गए हैं. चलिए आपको भी बताते हैं आखिर सलमान खान ने क्या कुछ कहा.
सलमान खान ने क्यों मांगी माफी?
दरअसल ‘बिग बॉस 20’ के लेटेस्ट वीकेंड का वार में सलमान खान ने बताया कि अपने निजी रिश्तों में आए मतभेदों को जल्द से जल्द सुलझा लेना चाहिए. इससे रिश्ते मजबूत रहते हैं और तनाव भी नहीं होता. इसी दौरान सलमान खान ने अपनी लाइफ के किस्सों के बारे में भी बात की. एक्टर ने कहा कि हाल ही में मैंने अपने पिता सलीम खान से माफी मांगी है. सलमान खान ने कहा, ‘हम सभी को कभी ना कभी अपनी गलतियों का पछतावा होता है और फिर हम पश्चाताप भी करते हैं. जैसे कि कुछ दिन पहले मैंने अपने पिता सलीम खान से माफी मांगी है.’
नाना से जुड़ा किस्सा भी किया शेयर
एक्टर ने कहा, ‘मैं और मेरे पिता बैठे हुए आपस में बात कर रहे थे. हम आराम कर रहे थे. इसी दौरान मैंने एक बेटे के तौर पर अपने पिता को कहा कि अगर मैंने कभी गलत किया हो या आपको निराश किया हो, तो उसके लिए आई एम सॉरी.’ इसके बाद सलमान खान ने अपने फैंस को भी सलाह दी कि रिश्तों में आई दरार को सुलझा लेना चाहिए. इसके साथ ही एक्टर ने ये भी कहा कि जब मेरे पिता और मेरी मां की शादी हुई थी तो इस रिश्ते से मेरे नाना काफी खफा थे और उन्होंने मेरे पिता से 5 साल तक बात नहीं की थी, लेकिन बाद में सब सही हो गया.
आसिफ खान को दी सलाह
लेटेस्ट एपिसोड में शो के कंटेस्टेंट आसिफ खान ने अपने निजी रिश्तों के बारे में बात की. आसिफ ने अपने भाई से जुड़ा किस्सा शेयर किया. एक्टर ने कहा कि शराब की लत लगने से पहले उनका भाई घर की जिम्मेदारियां संभालता था. लेकिन एक बड़े झगड़े के दौरान मैंने अपने भाई पर हाथ उठा दिया और हमारी बातचीत बंद हो गई. अब मैं उससे माफी मांगना चाहता हूं. इस पर सलमान खान ने कहा कि अगर आप उसी टाइम बात कर लेते तो तुरंत सभी चीजें सुलझ जाती और आप अपने भाई के साथ ज्यादा टाइम बिता पाते. सलमान खान ने ये भी कहा कि समय को यूं ही बीतने मत दो, अपने रिश्तों में आई दरार को जल्द से जल्द सुलझा लेना चाहिए.