बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने अहमदाबाद विमान हादसे के बाद मुंबई में अपना इवेंट कैंसिल कर दिया है। आज 12 जून को सलमान का मीडिया के संग मुंबई के एक होटल में इवेंट था, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही भाईजान ने इवेंट कैंसिल कर दिया। सूत्रों की मानें तो घटना पर सलमान का कहना है कि इस समय जश्न मनाना ठीक नहीं है क्योंकि ये घटना बहुत गंभीर है और पूरा देश इससे दुखी है।
ईशान लोखंडे ने किया रिएक्ट
दरअसल, सलमान खान और इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग का एक इवेंट होना था, लेकिन अहमदाबाद विमान हादसे के बाद इस इवेंट को कैंसिल कर दिया गया है। इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग के संस्थापक ईशान लोखंडे ने भी इस पर बयान जारी किया है। घटना पर ईशान का कहना है कि आज हमने इस दुखद घटना के बारे में सुना है।
इवेंट किया कैंसिल
ईशान ने कहा कि इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग और सलमान खान इस दुख की घड़ी में देश के साथ खड़े हैं। हमारी सारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। हमने संयुक्त रूप से इस इवेंट को पोस्टपोन किया है और आगे की डेट डिसाइड करने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि आज 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन से जा रहा था, जिसमें 242 लोग सवार थे।
राहत और बचाव कार्य जारी
इस घटना पर पूरा देश बेहद दुखी है और हर कोई पीड़ितों के लिए दुआ कर रहा है। आम से लेकर फिल्मी सितारों ने घटना पर रिएक्ट किया है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री से बात की है और सभी केंद्रीय सहायता का वादा किया है। इस हादसे में अभी ये सामने नहीं आया है कि कितने लोगों की जान गई है, लेकिन आशंका है कि घटना में कई लोगों की मौत हुई है।