Saif Ali Khan Knife Attack Case: अभिनेता सैफ अली खान पर जबसे हमला हुआ है, तबसे ही ये मामला चर्चा में बना हुआ है। पुलिस इस मामले में तेजी से जांच कर रही है और एक आरोपी को पकड़कर कोर्ट में पेश भी किया गया, जिसे पांच दिन के लिए रिमांड पर भेजा गया है। इस बीच अब मामले में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का रिएक्शन भी सामने आया है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा?
उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने क्या कहा?
दरअसल, इस मामले में रिएक्ट करते हुए उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेताओं का कहना है कि अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले की घटना के बाद मुंबई में कानून-व्यवस्था खराब हो गई है, लेकिन सच ये है कि आरोपी बांग्लादेश से आया था। अजित पवार ने कहा कि आरोपी पहले कोलकाता आया और इसके बाद वो मुंबई आया।
उसे नहीं पता कि वो फिल्म स्टार के घर घुसा है- अजित पवार
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि आरोपी नहीं जानता कि जिस घर में वो घुसा है वो किसी फिल्म स्टार का घर है। वो बस लूट के इरादे से घर में घुसा था। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है, जिसका नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम सज्जाद है।
रेस्टोरेंट में करता था काम
आरोपी के बारे में जानकारी मिली है कि वो ठाणे के वाघबील इलाके में हीरानंदानी के पास ब्लेबर ऑल डे रेस्टोरेंट में पहले हाउस कीपिंग का काम करता था। थर्ड पार्टी वेंडर के जरिए उसे होटल ने काम मिला था। आरोपी ने सितंबर 2024 से 15 दिसंबर 2024 तक इस रेस्टोरेंट में काम किया था और उसने अपना नाम बिजॉय दास बताया था।
16 जनवरी को हुआ था हमला
गौरतलब है कि सैफ अली खान पर 16 जनवरी की रात को हमला हुआ था। दरअसल, एक बदमाश चोरी के इरादे से सैफ के घर घुसा था। इस दौरान जब सैफ ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो चोर ने उन्हीं पर हमला कर दिया। इस दौरान सैफ घायल हो गए और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में एडमिट कराया गया था।
पुलिस कर रही जांच
हालांकि, अब सैफ ठीक हैं और रिकवर कर रहे हैं। वहीं, अगर मामले में पुलिस की जांच की बात करें तो पुलिस तेजी से मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक कई अपडेट सामने आ चुके हैं। अब उम्मीद है कि सैफ जल्दी ही ठीक हो जाएंगे। सभी उनके ठीक होने के लिए दुआ भी कर रहे हैं।