AR Rahman on Ramayana Song: रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ का क्रेज ऑडियंस के सिर चढ़कर बोल रहा है. फिल्म अपने गानों की वजह से लगातार चर्चाओं में बनी हुई है. नए गाने ‘मंगल रंग’ के सोशल मीडिया पर खूब चर्चे हो रहे हैं. फिल्म के सभी गानों का म्यूजिक एआर रहमान ने दिया है. वहीं इस गाने की वजह से एआर रहमान को सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया जा रहा है. जहां पहले इस गाने को फैंस ने पसंद किया, वहीं कुछ समय बाद इस गाने को लोग ‘रॉकस्टार’ के हिट गाने ‘कुन फाया कुन’ से कंपेयर करने लगे और इसे कॉपी का टैग दे दिया. वहीं अब एआर रहमान ने इस मुद्दे पर बात करते हुए चुप्पी तोड़ी है. चलिए जानते हैं एआर रहमान ने क्या कुछ कहा है.
क्या बोले एआर रहमान
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में एआर रहमान ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की है. म्यूजिशियन और सिंगर ने कहा, ‘हमारे लिए किसी भी प्रोजेक्ट पर काम करना आसान नहीं होता. हमें हर तरीके से काम करना पड़ता है. कई एक्सपेरिमेंट करने पड़ते हैं और हर प्रोजेक्ट पर जी-जान से मेहनत करनी पड़ती है. वहीं जब हमारा सारा काम पूरा हो जाता है तो हमारे पास सोशल मीडिया पर लोगों के व्यूज पर रिएक्शन देने की भी एनर्जी नहीं बचती. मेरा बेटा मुझे सोशल मीडिया पर होने वाली बातों के बारे में बताता रहता है. मैंने अपना 100 प्रतिशत दिया है और उम्मीद है कि लोगों को काम पसंद आएगा.’
क्यों किया गया एआर रहमान को ट्रोल?
बता दें ‘रामायण’ फिल्म के नए गाने ‘मंगल रंग’ को जब सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया तो ये मिनटों में वायरल हो गया. कुछ लोगों को ये गाना बेहद पसंद आया तो वहीं कुछ लोगों ने इसे कॉपी का टैग दे दिया. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस गाने को ‘रॉकस्टार’ के गाने ‘कुन फाया कुन’ की कॉपी बता दिया. इसके बाद सोशल मीडिया पर एआर रहमान को ट्रोल किया जाने लगा. हालांकि सिंगर के फैंस ने उन्हें सपोर्ट किया और इस गाने को आइकॉनिक बताया.
‘रामायण’ कब होगी रिलीज?
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म में रणबीर कपूर ‘राम’ बनकर ऑडियंस का दिल जीतते नजर आएंगे. वहीं फिल्म में साई पल्लवी ‘सीता’ का किरदार निभा रही हैं. इसके साथ ही यश ‘रावण’ बने हैं और रवि दुबे ‘लक्ष्मण’ बने हुए हैं. फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें लारा दत्ता, अरुण गोविल, शीबा चड्ढा, इंदिरा कृष्णन, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल कपूर, सनी देओल और अनुपम खेर जैसे सितारे अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे.