प्रभास की फिल्म 'फौजी' का टीजर रिलीज, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ दिखेगा आजादी का कनेक्शन
प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ का टीजर उनके जन्मदिन पर रिलीज किया गया. फिल्म में नेताजी सुभाष चंद्र बोस, दूसरे विश्व युद्ध और भारत की आजादी की लड़ाई से जुड़ा घटनाक्रम दिखाया गया है. हनु राघवपुड़ी के निर्देशन में बनी यह फिल्म मार्च 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
प्रभास की फिल्म 'Fauzi' के टीजर में अभिनेता प्रभास और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के किरदार की झलक दिखाई गई है. (Image- X/@TSeries)
साउथ सिनेमा से निकलकर पूरे देश में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता प्रभास के जन्मदिन पर उनकी अपकमिंग फिल्म ‘फौजी’ (Fauzi) का टीजर रिलीज कर दिया गया है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी जोश है. अब 2 मिनट 31 सेकंड के टीजर ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया है. भारत की आजादी की लड़ाई पर बनी इस फिल्म में प्रभास एक ऐसे भारतीय सैनिक की भूमिका में नजर आएंगे, जो अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाता है. टीजर में दूसरे विश्व युद्ध का दौर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जर्मनी के तानाशाह एडॉल्फ हिटलर के बीच बातचीत दिखाई गई है. इसके साथ ही प्रभास के किरदार की झलक भी मिलती है, जिसे अंग्रेजों के लिए सबसे खतरनाक और मोस्ट वॉन्टेड भारतीय सैनिक के रूप में पेश किया गया है.
विज्ञापन
फौजी के टीजर में दिखी नेताजी सुभाष चंद्र बोस और हिटलर की बातचीत
फिल्म के टीजर की शुरुआत 29 मई 1942 से होती है. इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस जर्मनी में एडॉल्फ हिटलर से मिलते हैं. बातचीत के दौरान हिटलर उनसे कहता है कि वह ब्रिटेन को हराने के लिए जर्मनी की मदद चाहते हैं. इस पर बोस जवाब देते हैं कि दोनों का दुश्मन एक ही है और वह ब्रिटेन है. हिटलर भारत पर करीब दो सदियों तक चले ब्रिटिश शासन का जिक्र करते हुए कहता है कि इतनी लंबी गुलामी भारतीयों के खून में बस चुकी है और यह लड़ाई पहले ही हारी जा चुकी है. लेकिन नेताजी उसकी बात से सहमत नहीं होते. वह कहते हैं कि हिटलर भारतीयों के बारे में कुछ नहीं जानता और वह भारत को ब्रिटिश शासन से आजाद कराकर रहेंगे, चाहे जर्मनी उनकी मदद करे या नहीं. जब हिटलर कहता है कि केवल सपनों के सहारे युद्ध नहीं जीते जा सकते, तो बोस जवाब देते हैं कि यह लड़ाई सपनों से नहीं, बल्कि बुद्धि और रणनीति से जीती जाएगी. इसी बातचीत के बाद कहानी में प्रभास के किरदार की एंट्री होती है.
टीजर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस बताते हैं कि जापान ने ब्रिटेन को हराकर सिंगापुर पर कब्जा तो कर लिया था, लेकिन इस जीत के पीछे एक भारतीय की भूमिका को समझना जरूरी है. बोस के मुताबिक, यह भारतीय सैनिक होने के साथ-साथ एक रणनीतिकार और जासूस भी है, जिसने अंग्रेजों को नुकसान पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. फिल्म में दिखाया गया है कि इस सैनिक ने गीता पर आधारित एक ऐसा कोड तैयार किया है, जिसे समझ पाना अंग्रेजों के लिए भी मुश्किल है. ब्रिटिश अधिकारी भी मानते हैं कि इस कोड को तोड़ना आसान नहीं है. जब हिटलर इस सैनिक का नाम पूछता है, तो नेताजी बताते हैं कि उसका असली नाम किसी को नहीं पता. अंग्रेज उसे ‘फौजी’ के नाम से जानते हैं. यह सुनकर हिटलर उससे मिलने की इच्छा जताता है. इस पर बोस कहते हैं कि वह सैनिक कोलकाता में अपने देश की रक्षा कर रहा है. इसके बाद प्रभास के किरदार को भारत के सबसे बड़े विद्रोही सैनिक के रूप में दिखाया जाता है, जो साल 1932 से ही अंग्रेजों की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में है.
‘अबे ओ फिरंगी, मैं तेरा खून लूंगा और आजादी भी’
टीजर के आखिरी हिस्से में प्रभास के किरदार की आवाज सुनाई देती है. वह अंग्रेजों को चुनौती देते हुए कहता है, ‘अबे ओ फिरंगी, मैं तेरा खून लूंगा और आजादी भी.’ इस दमदार डायलॉग के साथ टीजर खत्म होता है. फिल्म की झलक सामने आने के बाद दर्शक प्रभास के किरदार और उनके अंदाज की तारीफ कर रहे हैं. स्वतंत्रता, जासूसी और एक भारतीय सैनिक की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश ने फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा दी है.
विज्ञापन
मार्च 2027 में रिलीज होगी प्रभास की फौजी
प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ मार्च 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी हनु राघवपुड़ी ने संभाली है. फिल्म की कहानी भारत की आजादी की लड़ाई पर आधारित है, जिसमें प्रभास एक ऐसे सैनिक की भूमिका निभा रहे हैं, जो अंग्रेजों के खिलाफ लड़कर देश की आजादी के लिए संघर्ष करता है.