Guess Actor Who Played Ram And Ravana: रामानंद सागर की ‘रामायण’ हो या बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ इन टीवी शो में राम और श्रीकृष्ण बनकर टीवी एक्टर्स ने हमेशा दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ी है। आज हम आपको जिस दिग्गज के बारे में बताने जा रहे हैं, उनका जिक्र दशहरा के मौके पर आना लाजमी है। ये इंडस्ट्री के इकलौते एक्टर हैं, जिन्होंने सिर्फ ‘राम’ बनकर नहीं बल्कि ‘रावण’ भी दर्शकों का दिल जीता है। इतना ही नहीं 17 बार ‘श्रीकृष्ण’ का किरदार भी निभा चुके हैं। हम बात कर रहे हैं नन्दमूरि तारक रामा राव (एनटी रामा राव) की…
17 बार श्रीकृष्ण बन चुके
नन्दमूरि तारक रामाराव (एनटी रामा राव) का नाम सुनकर तो आपको उनका किरदार भी याद आ ही गया होगा। साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर के दादा रामा राव ने 1957 में पहली बार फिल्म ‘माया बाजार’ में पर्दे पर श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई थी।
इसके बाद तो श्रीकृष्ण का किरदार मानो उन्हीं के नाम हो गया था। एनटी रामा राव ने करीब 16 फिल्मों में श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर पॉपुलैरिटी बटोरी।
राम और रावण भी बन चुके
एनटी रामा राव ने भगवान ‘राम’ का किरदार निभाकर भी दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था। इस किरदार में उन्हें खूब पसंद किया गया था। उन्हें साल 1963 में आई फिल्म ‘लव कुश’ और 1974 में आई फिल्म ‘श्री रामंजनेय युद्धम’ में ‘राम’ का किरदार निभाते हुए देखा गया।
इसके अलावा रामा राव ने फिल्म ‘श्री वेंकटेश्वर महात्याम’ में भगवान विष्णु का किरदार निभाया था। यह फिल्म साल 1960 में रिलीज हुई थी।
रावण भी बन चुके हैं रामा राव
आपको बता दें कि एनटी रामा राव की साल 1958 में फिल्म ‘भूकैलास’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उन्होंने रावण का किरदार निभाया था। यह किरदार उन्होंने 1961 में आई फिल्म ‘सीताराम कल्याणम’ में भी निभाया था।
इसके अलावा फिल्म ‘दक्षयाग्नम’ में एनटी राव ने भगवान शिव की भूमिका निभाई थी। बता दें कि यह फिल्म साल 1962 में रिलीज हुई थी।
भगवान की तरह पूजते हैं लोग
अपने करियर में इतने किरदार निभाने के बाद एनटी रामा राव तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार बन गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलम ये हुआ कि लोगों ने उन्हें सच में भगवान का दर्जा देना शुरू कर दिया था। बताया जाता है कि हैदराबाद में स्थित उनके घर को तीर्थ स्थल बनाया गया है। वहीं आंध्र प्रदेश के कई शहरों में उनके नाम पर मंदिर भी हैं। इन मंदिरों में एनटी रामा राव को भगवान ‘राम’ और ‘श्री कृष्ण’ के अवतार में पूजते हैं।