चार दिन पहले गोवा में शमेल बजाते और डांस करते दिखे थे नाना पाटेकर, कहा था- पता नहीं कल रहूंगा या नहीं
नाना पाटेकर की मौत से चार दिन पहले उनका आखिरी कार्यक्रम सामने आया. गोवा में उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ पारंपरिक प्रस्तुति दी और जीवन-मृत्यु को लेकर भावुक बातें कहीं.
नाना पाटेकर ने निधन से चार दिन पहले गोवा में स्थानीय कलाकारों के साथ पारंपरिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. (Image- Youtube/@mirrornow)
दिग्गज एवं मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर का दुनिया से अलविदा के बाद उनका आखिरी पब्लिक अपीयरेंस चर्चा में है. निधन से सिर्फ चार दिन पहले वह गोवा के एक कार्यक्रम में नजर आए थे. इस दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ संगीत और डांस में हिस्सा लिया एवं उन्होंने पारंपरिक वाद्य यंत्र शमेल भी बजाया. इसी कार्यक्रम में थिएटर के लिए अपने प्यार के बारे में बात करते हुए नाना पाटेकर ने जिंदगी और मौत को लेकर कहा था कि उन्हें नहीं पता कि वह अगले दिन यहां होंगे या नहीं. नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर की सुबह गोवा में निधन हो गया. वह 75 साल के थे. डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था.
विज्ञापन
जब आखिरी कार्यक्रम में दिखे थे नाना
नाना पाटेकर 4 अक्टूबर को गोवा के डोना पाउला में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे. वहां उन्होंने स्थानीय कलाकारों से मुलाकात की और उनके साथ मंच पर भी नजर आए. कार्यक्रम में नाना पाटेकर ने मराठी में लोगों को संबोधित किया. उन्होंने अपने थिएटर के शुरुआती दिनों को याद किया और बताया कि किस तरह एक राज्य स्तरीय नाटक प्रतियोगिता में मिली पहचान ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया था. उन्होंने थिएटर से अपने लंबे जुड़ाव को लेकर कहा, ‘अब मुझे और कुछ नहीं करना है. बस यही करते रहना है.’
विज्ञापन
VIDEO | Goa: Veteran actor Nana Patekar passes away at 75. Visuals from the last public event the veteran actor attend in Goa last Sunday.
कार्यक्रम में नाना पाटेकर ने कहा था, ‘हम सभी को एक दिन जाना है. मुझे नहीं पता कि मैं कल यहां रहूंगा या नहीं. हर किसी की जिंदगी में वह समय आता है.’ इसके बाद उन्होंने खुद से यह सवाल करने की बात कही कि क्या वह अपने जीवन में वह सब कर पाए, जो वह करना चाहते थे. उन्होंने यह भी सोचने की बात कही कि उस समय के आने से पहले उन्होंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की या नहीं. उनके इन शब्दों का वीडियो अब उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है.
घर पर मिले बेहोश
नाना पाटेकर गुरुवार सुबह अपने डोना पाउला स्थित घर पर बेहोशी की हालत में मिले. इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया. मणिपाल अस्पताल के डॉक्टर शेखर सालकर के मुताबिक, उन्हें करीब 45 मिनट तक CPR दिया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उन्हें सुबह करीब 5:20 बजे मृत घोषित किया गया.
विज्ञापन
सालकर के मुताबिक, नाना पाटेकर के एक दोस्त ने डॉक्टरों को बताया कि अभिनेता ने रात करीब 3:30 बजे मैसेज किया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है. दोस्त ने करीब 4 बजे वह मैसेज देखा और तुरंत उनके घर पहुंचा. उस समय नाना पाटेकर एक केयरटेकर के साथ थे.
केयरटेकर ने अस्पताल में फोन किया, जिसके बाद एंबुलेंस उनके घर भेजी गई. डॉक्टर के मुताबिक, एंबुलेंस में ही उनका इलाज और CPR शुरू कर दिया गया था. बाद में उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बांबोलिम भेजा गया.