Honey Singh Controversy: रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) एकबार फिर विवादों से घिर गए हैं. हनी सिंह ने अपने कॉन्सर्ट के दौरान इंटीमेसी पर ऐसी बात कह दी थी जिसके बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई और अब महाराष्ट्र साइबर सेल ने 2 घंटे तक हनी से पूछताछ की है. हनी सिंह ने साइबर सेल से 22 अक्टूबर के दिन अपना बयान देने की बात की गई थी जिसे साइबर सेल ने नकार दिया था. यहां जानिए हनी सिंह की कही किस बात पर विवाद हुआ है और पूरा मामला क्या है.
कॉन्सर्ट में कही थी विवादित बात
हनी सिंह ने साल की शुरुआत में दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान इंटीमेसी पर विवादित बयान दिया था. हनी सिंह ने कॉन्सर्ट में दिल्ली की ठंड के दौरान कार में इंटीमेट होने की बात कही थी. हनी सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने इसपर अपनी आपत्ति जताई थी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो पर लोगों ने अपनी आपत्ति जताई थी और कहा था कि इस तरह की अश्लील बातें यूथ आइडल को नहीं करनी चाहिए. हालांकि, कुछ लोगों ने हंसने वाली इमोजी के साथ कॉमेन्ट करके हनी का साथ भी दिया था.
हनी सिंह ने मांगी थी माफी
हनी सिह ने विवाद (Controversy) बढ़ने के बाद माफी मांगी थी. हनी ने कहा, “सुबह से मेरा एक वीडियो इंस्टाग्राम पर बहुत वायरल किया जा रहा है एडिट करके, जो काफी लोगों को काफी आपत्तिजनक लग रहा है. मैं आप लोगों को उसकी पूरी कहानी बताना चाहता हूं. मैं नानकू और करण के शो पर बस एक गेस्ट था और तकरीबन इस शो पर जाने से 2 दिन पहले कुछ गायनेकोलॉजिस्ट और कुछ सेक्शोलॉजिस्ट के साथ मेरा लंच था. उनके साथ मेरा जिक्र चल रहा था और उन्होंने मुझे बताया कि आजकल जो युवा पीढ़ी है वो सेक्शुअली ट्रांसमिटेड डिजीज से बहुत पीड़ित है. यह चीज बहुत ज्यादा चल रही है और बहुत लोग अनसेफ सेक्स कर रहे हैं. मैं जब इस शो पर गया और मैंने जब Gen Z ऑडियंस देखी तो मेरी सोच थी कि मैं एक Gen Z को उन्हीं की भाषा में एक मैसेज दे जाऊं कि आप अनप्रोटेक्टेड सेक्स ना करें, कंडोम का इस्तेमाल करें.”
हनी ने आगे कहा, “मैंने सोचा कि में ओटीटी की भाषा में जिस तरह आजकल ओटीटी और फिल्में जेन जी देख रहा है उस भाषा में बात करुंगा तो इन्हें ज्यादा समझ आएगी. लेकिन, वो भाषा कइयों को बहुत बुरी लगी. मैं आप सब से माफी मांगता हूं जिनको मेरी वो भाषा बुरी लगी. मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का कोई मकसद नहीं था. और इंसान एक गलतियों का पुतला है और मैं कोशिश करुंगा आज के बाद ऐसी गलती दोबारा ना हो. मैं अपनी जुबान पर नियंत्रण रखुंगा जब में कोई बात बोलुंगा या किसको बोलुंगा और किस तरह बोलुंगा. मुझे इस बात का ख्याल रहेगा कि यह बात एडिट होकर गलत तरीके से भी कही जा सकती है.”