लावणी की लय, स्वाभिमान की कहानी! 'ईठा' में श्रद्धा कपूर का दिखेगा अनदेखा अंदाज
Eetha Movie Trailer Release: श्रद्धा कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. फैंस को इस ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार था. वहीं अब इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही तहलका मचा दिया है. श्रद्धा कपूर के लुक की खूब तारीफ की जा रही है.
Eetha Movie Trailer Release: मंच पर थिरकते कदम, चेहरे पर आत्मविश्वास और अपनी पहचान के लिए हर चुनौती से टकराने का जज्बा. श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर कुछ ऐसी ही दमदार दुनिया की झलक पेश करता है. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स की इस फिल्म में अभिनेत्री एक बिल्कुल नए अवतार में नजर आ रही हैं. महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी और तमाशा कला की पृष्ठभूमि पर बुनी गई यह कहानी एक ऐसी कलाकार के सफर को सामने लाती है, जिसके लिए कला महज पेशा नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व और सम्मान की लड़ाई है.
विज्ञापन
श्रद्धा कपूर के लुक ने जीता दिल
फिल्म में श्रद्धा कपूर विठाबाई नारायणगांवकर से प्रेरित किरदार निभाती नजर आ रही हैं. ‘स्त्री 2’ के बाद इस तरह के पीरियड ड्रामा में उनका आना उनके प्रशंसकों के लिए खास है. नौवारी साड़ी, पारंपरिक गहने और लावणी के जोशीले अंदाज में श्रद्धा का लुक काफी प्रभावशाली दिखाई देता है. ट्रेलर में उनके हाव-भाव और मंच पर मौजूदगी से साफ झलकता है कि इस किरदार के लिए उन्होंने एक अलग व्यक्तित्व अपनाया है. उनकी भूमिका एक ऐसी महिला की कहानी कहती है, जो समाज की तय की हुई सीमाओं में बंधकर रहने के बजाय अपनी पहचान खुद बनाना चाहती है.
विज्ञापन
दिलचस्प है फिल्म की कहानी
‘ईठा’ की कहानी की दिलचस्प बात यह है कि इसमें लावणी और तमाशा को सिर्फ मनोरंजन के नजरिए से नहीं दिखाया गया है. फिल्म इस कला से जुड़े कलाकारों की मेहनत, उनके संघर्ष और समाज में उन्हें मिलने वाली पहचान जैसे मुद्दों को भी छूती है. ट्रेलर में पारंपरिक मंच, दर्शकों की भीड़ और रंग-बिरंगी प्रस्तुतियां उस दौर का जीवंत माहौल रचती हैं. इस चमकदार दुनिया के पीछे छिपी चुनौतियां कहानी को एक भावनात्मक गहराई देती हैं.
ट्रेलर का संवाद, “यह सिर्फ कपड़ा नहीं, अभिमान है”, फिल्म के मूल भाव को बखूबी जाहिर करता है. नौवारी साड़ी यहां केवल पारंपरिक पहनावा नहीं, बल्कि संस्कृति, आत्मसम्मान और अपनी जड़ों से जुड़े होने का प्रतीक बनकर उभरती है. फिल्म के सेट, वेशभूषा और माहौल में भी उस दौर की झलक को बारीकी से पेश करने की कोशिश की गई है. यही पहलू ‘ईठा’ को एक सामान्य मनोरंजक फिल्म से अलग पहचान देता है.
विज्ञापन
रणदीप हुड्डा निभाएंगे अहम भूमिका
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अजय-अतुल ने संभाली है, जबकि वैभवी मर्चेंट ने इसकी कोरियोग्राफी की है. ऐसे में लावणी की पारंपरिक धुनों, ऊर्जा से भरे डांस और भव्य प्रस्तुतियों का खास मेल देखने को मिल सकता है. ट्रेलर में रणदीप हुड्डा भी अपने अलग अंदाज में नजर आते हैं. उनके अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
कब रिलीज होगी फिल्म?
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईठा’ को दिनेश विजन, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने प्रोड्यूस किया है. मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले तैयार यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि श्रद्धा कपूर का यह देसी और दमदार अंदाज दर्शकों पर कितना जादू चलाता है.