Nidhi Pal
मैं निधि पाल पिछले पांच साल से मीडिया से जुड़ी हूं और Etv Bharat, Amar Ujala Digital जैसे संस्थानों में काम कर चुकी हूं। अब मैं News24 के साथ जुड़ी हूं।
Read More---विज्ञापन---
NRI Fraud Marriage In Dunki: राजकुमार हिरानी और शाहरुख खान की जोड़ी को थिएटर्स में जनता पसंद कर रही है। पठान और जवान के बाद शाहरुख खान की यह इस साल की तीसरी फिल्म है। दोनों फिल्में तो ब्लॉकबस्टर रही हैं। हालांकि डंकी का पहले दिन का कलेक्शन तो बढ़िया रहा है, लेकिन दूसरे दिन के कलेक्शन में लगभग 30% गिरावट देखने को मिली है। अब देखने वाली बात होगी कि फिल्म वीकएंड में कितना कलेक्शन करती है। खैर कलेक्शन से इतर कहानी की बात करें तो इस फिल्म में पंजाब में रहने वाली लड़कियों की शादी एनआरआई से कराने का भी मुद्दा उठाया गया है। तो चलिए विस्तार से जानते हैं कि आखिर एनआरआई शादी क्या होती है और अब तक लगभग कितनी महिलाएं धोखेबाजी का शिकार हो चुकी हैं।
डंकी में NRI दुल्हन की कहानी
दरअसल डंकी में दिखाया गया है कि विक्की कौशल की गर्लफ्रेंड जस्सी की एनआरआई से शादी हो जाती है और उसका पति अपनी पत्नी को इतना मारता है कि उसके कान का पर्दा फट जाता है। वह विक्की से मदद की गुहार लगाती है और विक्की विदेश जाने में असफल हो जाते हैं, इसके बाद जस्सी आत्महत्या कर लेती है। इस खबर को सुनने के बाद फिल्म में विक्की कौशल भी खुद को आग लगा लेते हैं। विदेश जाकर एनआरआई पति के मारपीट करने का यह मुद्दा फिल्म में भले ही पहली बार उठाया गया हो, लेकिन असल में न जाने ऐसी कितनी जस्सी हैं, जिनके साथ ऐसा हुआ है।
हर साल बढ़ रहा महिलाओं की शिकायत का सिलसिला
साल 2018 की बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार एनआरआई से शादी करके परेशानी झेल रहीं मदद मांगने वाली महिलाओं की संख्या देश में लगातार बढ़ रही है। दिल्ली महिला आयोग के पास साल 2013 में जहां 361 महिलाओं ने शिकायतें दर्ज कराईं तो वहीं साल 2017 में यह आंकड़ा 528 था। दरअसल इनमें दो तरह की शिकायतें शामिल थीं। पहली तो यह कि जिन औरतों के पति शादी करने के बाद भारत में ही छोड़कर चले गए, वहीं दूसरी ऐसी जिनको विदेश में प्रताड़ित किया गया, लेकिन वहां उनकी मदद करने वाला कोई नहीं।
यह भी पढ़ें: आखिर इस रूट का नाम Dunki ही क्यों, कहां तक फैला है यह अवैध धंधा?
शादी के 40 दिन बाद पति ने छोड़ा साथ
ऐसा एक केस चेन्नई की रहने वाली सिंथिया का है। सिंथिया के सिंगापुर में रह रहे पति राफेल ने उसे शादी के 40 दिन बाद ही छोड़ दिया था। सिंथिया की शादी भी मैट्रीमॉनियल साइट के जरिये ही हुई थी। सिंथिया का कहना था कि राफेल ने सिंगापुर में अपने कर्ज चुकाने के लिए उससे शादी की थी। राफेल ने दहेज में पांच लाख रुपये लिए, शादी के बाद उसने और पैसे की मांग की। जब सिंथिया ने पैसे देने से इनकार कर दिया गया तो उसने पत्नी से मारपीट की, सिंगापुर में उसे एक कमरे में बंद रखा गया। एक महीने बाद राफेल को अहसास हुआ कि सिंथिया प्रेग्नेंट है तो उसने सिंथिया को भारत वापस भेज दिया। भारत पहुंचने के बाद उसने सिंथिया से संपर्क नहीं रखा। परिवार ने भी अपनी बहू से कोई संपर्क नहीं किया। कुछ समय के बाद सिंथिया को पता चला कि राफेल उसे बिना तलाक दिए किसी दूसरी महिला के साथ रह रहा था।
क्यों कहते हैं हनीमून ब्राइड
ऐसा केस सिर्फ सिंथिया का ही नहीं, बल्कि ऐसे हजारों मामले हैं, जिसमें एनआरआई पतियों की ओर से या तो पत्नियों को शादी के बाद छोड़ दिया जाता है या फिर उनके साथ मारपीट की जाती है। ऐसी स्थिति में जिन महिलाओं को मदद मिल जाती है वह तो खुशकिस्मत होती हैं, लेकिन जिनको मदद नहीं मिल पाती है, वह या तो ‘जस्सी’ की तरह आत्महत्या कर लेती हैं या फिर न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खाती फिरती हैं। ऐसी पत्नियों को ‘हनीमून ब्राइड’ या ‘हॉलीडे ब्राइड’ भी कहा जाता है। यह शब्द 1990 के दशक में ऐसी महिलाओं के संदर्भ में मशहूर हुआ। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में एनआरआई पतियों के खिलाफ 2,490 शिकायतें दर्ज हुई हैं। देश की एनआरआई बेल्ट के तौर पर पहचाने जाने वाले पंजाब में 2019 में अब तक ऐसे 80 मामले दर्ज हो चुके हैं।
पीड़ित महिलाओं में 50% केस पंजाब से
साल 2018 में बीबीसी की रिपोर्ट में लिखा था कि विदेश मंत्रालय के मुताबिक परेशान पत्नियों में से सबसे ज्यादा पंजाब की हैं। दूसरे और तीसरे नंबर पर तेलंगाना और कर्नाटक की महिलाएं हैं। साल 2018 के विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक एक जनवरी 2015 से 30 नवंबर 2017 के बीच विदेश मंत्रालय के एनआरआई सेल में पति से तंग आई महिलाओं के 3,328 शिकायत भरे फोन कॉल आए। यानी हर 8 घंटे कम से कम एक महिला ने मंत्रालय से फोन कर मदद मांगी।
न्यूज 24 पर पढ़ें एंटरटेनमेंट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।