मनोज कुमार के अंतिम दर्शन करने पहुंचे धर्मेंद्र समेत कई सेलेब्स, किन-किन सितारों ने दी श्रद्धांजलि?

दिवंगत एक्टर और बेहतरीन निर्देशक मनोज कुमार ने दुनिया को अलविदा कह दिया। दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र और प्रेम चोपड़ा समेत कई एक्टर्स उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर पहुंचे हैं। उनके अंतिम दर्शन करने के लिए सितारों का तांता लग गया है।

Dharmendra-Prem Chopra pays Condolences to Manoj Kumar

Dharmendra-Prem Chopra pays Condolences to Manoj Kumar

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के निधन की खबर से पूरा देश शोक में डूब गया है। 7 दशक लंबे करियर में देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके निधन के बाद बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक गलियारों तक शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार कल सुबह जुहू के पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा।

इंडस्ट्री के दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

मनोज कुमार के जाने से फिल्म जगत में गहरा शोक है। कई दिग्गज कलाकार, निर्देशक और निर्माता उनके घर पहुंचे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान ने उन्हें याद करते हुए कहा, ‘मनोज कुमार जी ने ऐसी फिल्में बनाईं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी फिल्मों में देशभक्ति और एकता की भावना कूट-कूट कर भरी हुई थी। वो हमेशा हमारे लिए ‘भारत’ बने रहेंगे।’

सलमान खान ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा, ‘मनोज कुमार जी सच्चे लीजेंड थे। उन्होंने हमें जो अनमोल फिल्में और यादें दी हैं, वो हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी।’

मनोज कुमार के सम्मान में अनूठी श्रद्धांजलि

इस बीच, सोशल मीडिया पर एक अनोखी तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें एक कलाकार मनोज कुमार की एक पेंटिंग को अंतिम रूप दे रहा है। ये तस्वीर फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि मान रहे हैं।

फराह-साजिद खान भी पहुंचे श्रद्धांजलि देने

मनोज कुमार को श्रद्धांजलि देने बॉलीवुड के कई सितारे पहुंचे। निर्देशक साजिद खान ने उनकी यादों को ताजा करते हुए कहा, ‘उनकी फिल्मों ने न सिर्फ हमें प्रेरित किया, बल्कि सिनेमा के कई अहम पहलू सिखाए। ये अध्याय समाप्त हो गया, लेकिन उनकी फिल्में हमें हमेशा कुछ न कुछ सिखाती रहेंगी।’

दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने जताया दुख

मनोज कुमार के निधन पर वरिष्ठ अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने कहा, ‘ये सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के लिए ही नहीं, बल्कि मेरी व्यक्तिगत क्षति भी है। उन्होंने हर फिल्म के जरिए देशभक्ति की भावना को जीवित रखा और समाज को प्रेरित किया। उनका जाना सिनेमा की एक महत्वपूर्ण धरोहर का अंत है।’

रंजीत ने किया अभिनेता को याद

मनोज कुमार के निधन पर दुख प्रकट करते हुए अभिनेता रंजीत ने कहा, ‘मुझे हमेशा अफसोस रहेगा कि मुझे उनके साथ काम करने का मौका नहीं मिला। हालांकि, हम कई मौकों पर मिले और उन्होंने अपने बहुमूल्य अनुभव मुझसे साझा किए। उनका ज्ञान और उनकी सोच सिनेमा के लिए एक विरासत है।’

इसके अलावा मनोज कुमार के करीबी दोस्त रहे दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र भी अपने दोस्त को आखिरी विदाई देने के लिए उनके घर पहुंचे। इस दौरान धर्मेंद्र मीडिया के सामने काफी भावुक लग रहे थे। उन्हें मनोज कुमार के यूं जाने से बड़ा सदमा पहुंचा है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Viral Bhayani (@viralbhayani)

यादगार रहेगा मनोज कुमार का योगदान

मनोज कुमार का योगदान केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था। उन्होंने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कई ऐसी फिल्में दीं, जिन्होंने समाज पर गहरी छाप छोड़ी। ‘शहीद’, ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘क्रांति’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने देशभक्ति की भावना को मजबूत किया। उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनकी फिल्मों और विचारों के माध्यम से वो हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Himanshu Soni

Himanshu Soni

हिमांशु सोनी न्यूज 24 में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। एक एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट के तौर पर टीवी, फिल्म जगत और ओटीटी की कोई खबर हिमांशु की पैनी नजरों से बच नहीं पाती। हिमांशु की एंटरटेनमेंट के अलावा स्पोर्ट्स की खबरों पर भी अच्छी पकड़ है। हिमांशु पिछले 5 साल से मीडिया में हैं। इस दौरान हिमांशु ने नेटवर्क 18 ग्रुप, इंडिया टुडे ग्रुप डिजिटल (ITGD), टीवी 9 ग्रुप जैसे बड़े-बड़े मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। हिमांशु ने डिजीटल पर एंकर और कंटेंट राइटर की भूमिका निभाई है। हिमांशु हरियाणा के यमुनानगर के रहने वाले हैं। इंजीनियरिंग के छात्र रह चुके हिमांशु हिन्दी पत्रकारिता में मास्टर्स और पोस्ट ग्रेजुएशन के दौरान यूनिवर्सिटी के सिल्वर मेडलिस्ट हैं।
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ