बिहार के खुर्दा महोत्सव में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के साथ चौंकाने वाली घटना हुई है. खेसारी लाल यादव जैसे ही स्टेज पर परफॉर्म करने पहुंचे, दर्शकों में से किसी ने उन पर चप्पल फेंककर मारी. यह देख कार्यक्रम में मौजूद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भड़क गए और उनका गुस्सा 7वें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने दर्शकों की क्लास लगा दी. चप्पल फेंकने वाले की पहचान करके कार्रवाई की चेतावनी दे डाली. दोनों घटनाक्रमों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. सियासी गलियारों से लेकर भोजपुरी सिनेमा के गलियारों में घटनाक्रम की खूब चर्चा हो रही है.
खुर्दा महोत्सव में खेसारी लाल की म्यूजिकल नाइट
बता दें कि खुर्दा में वार्षिक मेला लगा है, जिसमें भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की म्यूजिकल नाइट रखी गई थी. बीती रात खेसारी लाल परफॉर्म करने आए और कार्यक्रम के चीफ गेस्ट पूर्णिया सांसद पप्पू यादव थे. खेसारी लाल परफॉर्म कर रहे थे और दर्शक उनके गाने की धुनों पर थिरक रहे थे कि इस बीच दर्शकों में से किसी ने शर्मनाक हरकत कर दी. भीड़ में से किसी ने स्टेज पर खेसारी लाल की तरफ चप्पल उछाली. इस हरकत को देख स्टेज पर मौजूद लोग चौंक गए और सांसद पप्पू यादव भी भड़क गए, लेकिन खेसारी लाल ने परफॉर्मेंस रोककर स्थिति को अपने तरीके से संभाला.
खेसारी लाल यादव ने विरोधी को दिया करारा जवाब
दर्शक के चप्पल फेंकने से खेसारी लाल यादव को बहुत गुस्सा आया और वे नाराज हो गया, लेकिन उन्होंने अपने गुस्से पर काबू रखा. माइक संभाला और चप्पल फेंकने वाले को स्टेज से ही कड़े शब्दों में सुना दिया. खेसारी लाल ने तीखे शब्दों में कहा कि तुमने बहुत अच्छा किया बेटा, आई लव यू, क्या लड़का है, तुम बहुत आगे जाओगे, इतना आगे कि वहां से जमीन नहीं होगी. जो लोग गलत करते हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं, क्योंकि तेरी गलतियों से दुनिया सीखेगी.
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का गुस्सा भी जमकर फूटा
खेसारी लाल यादव पर चप्पल फेंके जाने से पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भड़क गए और उन्होंने चप्पल फेंकने वाले को दो टूक चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि चप्पल फेंकने वाला लड़का CCTV कैमरे में कैद हो चुका है और उसकी पहचान करके उसे 2 दिन के अंदर तलाशकर कानूनी कार्रवाई करेंगे. वहीं कार्यक्रम के दौरान फैंस जान जोखिम में डाल बिजली के खंभों पर चढ़ गए तो सांसद पप्पू यादव फिर भड़क गए और उन्होंने कार्यक्रम बंद करने की चेतावनी दे डाली.
हर साल आयोजित होता है भव्य महोत्सव
बता दें कि खुर्दा महोत्सव वार्षिक आयोजन है और हर साल दुर्गा पूजा के दौरान इसका आयोजन बड़े धूमधाम से किया जाता है. इस महोत्सव के आयोजनकर्ता और प्रबंधक पूर्णिया सांसद पप्पू यादव होते हैं.