Shrutika Arjun Viral Video: ‘बिग बॉस 18’ (Bigg Boss 18) फेम श्रुतिका अर्जुन अब पूरे हिंदुस्तान में मशहूर हो गई हैं। पहले उन्हें सिर्फ साउथ के लोग जानते थे, लेकिन सलमान खान (Salman Khan) के शो का हिस्सा बनने के बाद अब वो घर-घर में मशहूर हो गई हैं। श्रुतिका ने भले ही बिग बॉस की ट्रॉफी नहीं जीती, लेकिन उन्होंने लाखों दिलों में अपनी जगह बनाई है। सभी लोग श्रुतिका अर्जुन की इज्जत करते हैं और उन्होंने शो में जिस तरह से हमेशा सही का साथ दिया, उसके लिए उनकी तारीफ भी करते हैं।
वायरल हुआ श्रुतिका अर्जुन का वीडियो
इसी बीच अब श्रुतिका अर्जुन का एक वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के बाद श्रुतिका फिर चर्चा में आ गई हैं। अब उन्होंने कुछ ऐसा काम किया है कि लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। उनकी नेकी और साफ दिल ने एक बार फिर उनकी वाहवाही करवा दी है। सलमान खान के शो में नर्म दिल दिखाने के बाद बाहर भी श्रुतिका की दरयादिली का नमूना देखने को मिला है। अब हाल ही में श्रुतिका अर्जुन चेन्नई के एक वृद्धाश्रम में पहुंची थीं।
वृद्धाश्रम में प्यार बांटती दिखीं श्रुतिका अर्जुन
उन्होंने इस वृद्धाश्रम में सभी बुजुर्गों से मुलाकात की और वहां ढेर सारा प्यार, सम्मान, अपनापन और खुशियां बांटी। श्रुतिका अर्जुन ने इस दौरान न सिर्फ पैसे दान किए बल्कि वो बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान की वजह भी बनीं। उन लोगों के साथ समय बिताते हुए श्रुतिका ने उन्हें गले लगाया और उनसे ढेर सारी बातें भी कीं। एक वीडियो में श्रुतिका को बेड पर बैठी एक बुजुर्ग महिला से बात करते हुए उनका हाथ पकड़ते हुए और उन्हें गले लगाते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान ये महिला बेहद इमोशनल नजर आ रही है। श्रुतिका से बात करते हुए उनके आंसू छलक रहे हैं।
अपने हाथों से बुजुर्ग महिला को श्रुतिका ने खिलाया खाना
वीडियो में श्रुतिका अर्जुन को अपने हाथों से उस बुजुर्ग महिला को खाना खिलते हुए भी देखा जा सकता है। अब श्रुतिका का ये अपनापन और दूसरों के लिए चिंता देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं। ये वीडियो इंटरनेट पर काफी पसंद किया जा रहा है। श्रुतिका पर अब फैंस का प्यार बरस रहा है। पहले भी कई बार उनके अच्छे कामों के काफी चर्चे हुए हैं। ऐसे में एक बार फिर वो अपने नेक कामों से सबके दिल जीतने में कामयाब हो गई हैं।