falseबदले पर उतरे एआर रहमान, शिकायत दर्ज करवाने वाले पर ठोका 10 करोड़ की मानहानि का मुकदमा, रखी बड़ी मांग
Author: Pushpendra Sharma
2023-10-04 20:19:11
AR Rahman Filed Defamation Case Against Surgeon Association: देश के जाने-माने मशहूर गायक और ऑस्कर विजेता एआर रहमान अपने गानों और सुरों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इन्हीं के बीच 2018 से जुड़े एक मामले को लेकर एक बार फिर से उनकी चर्चाएं तेज हो गई हैं। एआर रहमान ने बुधवार को एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स इंडिया के खिलाफ 10 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
बीते दिनों चेन्नई में एआर रहमान के हुए कॉन्सर्ट में भारी हंगामा हुआ था। घटना के बाद से अभी तक एआर रहमान ने सुर्खियां नहीं छोड़ी हैं। चेन्नई की घटना शांत भी नहीं हुई कि इस बीच एआर रहमान का नाम एक नए विवाद से जुड़ गया। बीते दिनों एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया ने संगीत उस्ताद एआर रहमान के खिलाफ शिकायत दर्ज करके उन पर पैसे ऐंठने का आरोप लगाया था, इस मामले को लेकर एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया को जवाब देते हुए रहमान ने बुधवार को एसोसिएशन के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। इसके साथ ही उन्होंने सर्जन एसोसिएशन से बिना शर्त माफी की मांग की है।
एसोसिएशन ने एआर रहमान पर लगाया था ठगी का आरोप
पिछले हफ्ते सर्जन एसोसिएशन ने एआर रहमान के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें आरोप लगाते हुए बताया था कि रहमान को 2018 में एसोसिएशन के 78वें वार्षिक सम्मेलन में कार्यक्रम करना था, जिसके लिए उन्होंने एसोसिएशन से 29 लाख रुपये लिए थे। शिकायतपत्र में कहा गया था कि कार्यक्रम को लेकर इतनी मोटी रकम लेने के बाद भी एआर रहमान नहीं पहुंचे, जिसके बाद एसोसिएशन ने सिंगर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में ना आने के बाद भी जो पैसे लिए थे, वो वापस नहीं लौटाए। इसके साथ ही एसोसिएशन की ओर से दर्ज की शिकायत में यह भी कहा गया था कि रहमान का एसोसिएशन को दिया चेक बाउंस हो गया, जिसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज करने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें: क्या Komal Pandey ने सर्जरी कराई है? सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने खुद खोला राज
‘सिंगर पर झूठे आरोप लगाकर की जा रही बदनाम करने की कोशिश’
मामले को लेकर एसोसिएशन की ओर से हुई शिकायत के बाद एआर रहमान के वकील ने अपने 4 पन्नों के जवाब में इन आरोपों को खारिज किया है। इसके साथ ही एआर रहमान के वकील की ओर से कोर्ट में सौंपे गए जवाब में यह भी कहा गया है कि रहमान ने एसोसिएशन से किसी भी प्रकार की कोई रकम नहीं ली है। लिहाजा, वो सिंगर पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
रहमान ने 15 दिनों में 10 करोड़ रुपये देने की एसोसिएशन से रखी मांग
एआर रहमान ने वकील के जरिए नोटिस लिखकर सर्जन एसोसिएशन को उनपर इस प्रकार के झूठे आरोप लगाने पर माफी मांगने की बात कही है, इसके साथ ही उन्होने 3 दिन के भीतर शिकायत वापस लेने की चेतावनी भी दी है। एआर रहमान की ओर से जारी हुई नोटिस में यह भी कहा गया है कि 15 दिनों के भीतर उन्हें हर्जाने के तौर पर 10 करोड़ रुपये अदा किए जाएं। इतना ही नहीं, उन्होंने आगे लिखा कि यदि एसोसिएशन एआर रहमान की इन मांगों को पूरा नहीं करता है तो संगीतकार उसके खिलाफ कड़ी व कानूनी कार्रवाई करेंगे।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines