बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लगातार ट्रेंड कर रही हैं। उनके फैंस भी इसके पीछे की वजह जानने के लिए उतावले हो रहे हैं। दरअसल, अनुष्का शर्मा और उनके पति क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) एक बार फिर मम्मी-पापा बनने वाले हैं। इस बात का खुलासा कपल ने नहीं बल्कि विराट के खास दोस्त और क्रिकेटर एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) ने किया है।
एबी डिविलियर्स ने की पुष्टि
अनुष्का शर्मा की दूसरी प्रेग्नेंसी की खबरें पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर थीं, लेकिन इन खबरों पर न तो एक्ट्रेस ने कुछ कहा और न ही विराट कोहली का कोई रिस्पांस आया। हालांकि अब इस बात की पुष्टि हो गई है कि कपल दोबारा पेरेंट्स बनने जा रहा है। हाल ही में विराट कोहली के दोस्त और पूर्व रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के साथ एबी डिविलियर्स ने खुद दस बात की पुष्टि की है।
यूट्यूब लाइव में कही ये बात
एबी डिविलियर्स ने एक यूट्यूब लाइव में विराट कोहली पर बात करते हुए कहा, ‘मुझे इतना ही पता है कि वह ठीक हैं और इन दिनों अपनी फैमिली के साथ समय बिता रहे हैं। इस कारण वह पहले दो टेस्ट मैच नहीं खेल रहे हैं। इसके आगे मैं कुछ कंफर्म नहीं कर सकता।’
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के दोबारा पेरेंट्स बनने की खबर को कंफर्म करते हुए डिविलियर्स ने कहा, ‘हां, उनका दूसरा बच्चा आने वाला है। यह फैमिली का टाइम है और इस समय उनके लिए चीजें अहम हैं। अगर आप खुद के लिए सच्चे नहीं हो सकते तो आपको इस बात का ध्यान नहीं रहता कि आप यहां क्यों हो।’ एबी डिविलियर्स ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि ज्यादातर लोगों की प्रायरिटी उनका परिवार है। आप इसके लिए विराट को जज नहीं कर सकते। हम उन्हें मिस कर रहे हैं लेकिन उन्होंने सही फैसला लिया है।’
लाइमलाइट से दूर अनुष्का
गौरतलब है कि अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की एक बेटी है, जिसका नाम वामिका है। अब कपल अपने दूसरे बच्चे का वेलकम करने जा रहा है। यही वजह है कि अनुष्का शर्मा इन दिनों लाइमलाइट से दूर हैं। वहीं विराट कोहली ने भी टेस्ट मैच से दूरी बनाई हुई है।