Anurag Kashyap के बदले सुर, ब्राह्मणों पर अभद्र टिप्पणी के बाद सरेआम मांगी माफी

अनुराग कश्यप ने ब्राह्मणों से पूरी दुनिया के सामने माफी मांग ली है। अनुराग कश्यप ने अपनी गलती मानते हुए खुद को बदलने की बात की है।

Anurag Kashyap

Anurag Kashyap File Photo

अनुराग कश्यप को लेकर इन दिनों खूब बवाल चल रहा है। पूरे देश में उनके खिलाफ आक्रोश देखा जा सकता है। जातिवाद के आरोप की वजह से फिल्म ‘फुले’ की रिलीज डेट टलने के बाद वो बेहद गुस्से में थे। ऊपर से सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म में बदलाव करवा दिए। ऐसे में अनुराग कश्यप ने ब्राह्मण समुदाय को लेकर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर दी थीं। इसके बाद ना सिर्फ उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, बल्कि देश के अलग-अलग शहरों में उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया।

अनुराग कश्यप ने ब्राह्मणों पर टिप्पणी के बाद लिखा माफीनामा

अब बात काफी आगे बढ़ चुकी है। वहीं, अनुराग कश्यप ने इस कंट्रोवर्सी के बीच अपनी गलती का अहसास कर लिया है। फिल्ममेकर ने अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जो चंद मिनटों में वायरल हो गया। ब्राह्मणों पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद अब अनुराग कश्यप के सुर बदले हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर पब्लिक अपोलॉजी मांगी है। जिस तरह से उन्होंने सबके सामने गलत टिप्पणी की थी, ठीक उसी तरह सबके सामने अपनी गलती भी कबूल कर ली है।

दोस्त, परिवार और समाज हुआ अनुराग कश्यप से खफा

अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक माफीनामा जारी किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मैं गुस्से में किसी को एक जवाब देने में अपनी मर्यादा भूल गया और पूरे ब्राह्मण समाज को बुरा बोल डाला। वो समाज जिसके तमाम लोग मेरी जिंदगी में रहे हैं, आज भी हैं और बहुत कॉन्ट्रीब्यूट करते हैं। आज वो सब मुझसे आहत हैं। मेरा परिवार मुझसे आहत है। बहुत सारे बुद्धिजीवी, जिनकी मैं इज्जत करता हूं मेरे उस गुस्से में, मेरे बोलने के तरीके से आहत हैं। मैंने खुद ही ऐसी बात करके, अपनी ही बात को मुद्दे से भटका दिया।’

अनुराग कश्यप ने तहे दिल से मांगी माफी

अनुराग कश्यप ने आगे लिखा, ‘मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं, इस समाज से जिनको मैं ये नहीं कहना चाह रहा था, लेकिन आवेश में किसी की घटिया टिप्पणी का जवाब देते हुए लिख दिया। मैं माफी मांगता हूं अपने उन तमाम सहयोगी दोस्तों से, परिवार और समाज से, अपने बोलने के तरीके और अभद्र भाषा के लिए।’ अनुराग कश्यप ने खुद को सुधारने का वादा करते हुए कहा, ‘अब आगे से ऐसा ना हो, मैं उस पर और अपने गुस्से पर काम करूंगा और मुद्दे की बात अगर करनी हो तो सही शब्दों का इस्तेमाल करूंगा। आशा है आप मुझे माफ कर देंगे।’

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ