Aishwarya Rai की ताजा फोटो ने फिर दी डाइवोर्स रूमर्स को हवा, अमिताभ की पोस्ट से भी मिले थे संकेत
Author: Jyoti Singh
Sep 10, 2024 07:51 AM IST
Aishwarya-Abhishek Divorce Rumor: बॉलीवुड इंडस्ट्री में गणेश उत्सव का अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। कई सेलिब्रिटीज इस खास मौके पर बप्पा की मूर्ति को अपने घर लेकर आते हैं। वहीं कुछ पंडाल में हिस्सा लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन भी अपनी बेटी आध्या और मां वृंदा राय के साथ जीएसबी गणपति पंडाल में पहुंचीं। इस कार्यक्रम से निकलते हुए उनकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। ऐश्वर्या की इन तस्वीरों ने एक बार फिर अभिषेक बच्चन के साथ उनके तलाक की खबरों को हवा दे दी है।
पंडाल में अकेले पहुंचीं ऐश्वर्या
दरअसल, ऐश्वर्या राय बच्चन गणपति के पंडाल में पहुंचीं तो उनके साथ पति अभिषेक बच्चन दिखाई नहीं दिए। एक्ट्रेस को अकेले देख नेटिजन्स का ध्यान उन पर गया, जिसके बाद से फिर तलाक की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
बॉलीवुड गॉसिप से जुड़ी खबरें शेयर करने वाले वीरेंद्र चावला ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें ऐश्वर्या राय को पिंक और व्हाइट शेड वाले सूट में देखा गया। उनकी मां वृंदा ने ऑरेंज रंग की साड़ी पहनी हुई है, जबकि आराध्या बच्चन यलो रंग के सूट में नजर आ रही हैं।
यह भी पढ़ें: Sohail Khan के साथ मिस्ट्री गर्ल कौन? क्या सलमान के घर दोबारा बजने वाली है शहनाई?
तलाक की खबरों को फिर मिली हवा
गणेश उत्सव के इस खास मौके पर एक्टर अभिषेक बच्चन नदारद दिखे। उनके अलावा बच्चन फैमिली भी उत्सव का हिस्सा नहीं बनी। ऐसे में कयास लगाए जाने लगे हैं कि शायद ऐश्वर्या और अभिषेक के बीच कुछ ठीक नहीं है और एक्ट्रेस बच्चन फैमिली से दूर अपनी मां के साथ रह रही हैं। इससे पहले मुकेश अंबानी के फंक्शन में भी ऐश्वर्या को बच्चन फैमिली से दूर देखा गया था, जिसके बाद से उनके तलाक की चर्चा होनी शुरू हो गई थी।
बिग बी ने शेयर किया क्रिप्टिक पोस्ट
बता दें कि इससे पहले अमिताभ बच्चन की क्रिप्टिक पोस्ट ने नेटिजन्स का ध्यान खींचा। ऐश्वर्या और अभिषेक के तलाक की खबरों के बीच बिग बी ने लिखा, ‘जब शीशा देखा तो हैरान रह गया। यह चेहरा जो अभी है, किसी जमाने में कुछ और था। जिंदगी और स्टारडम की उम्र छोटी होती है। जिंदगी मुरझा जाती है। स्टारडम भी मुरझा जाता है। इन सब में एक समानता है कि अंत में आखिर सब कुछ खत्म हो जाता है।’
बता दें कि अमिताभ बच्चन की क्रिप्टिक पोस्ट का लोग अलग-अलग मतलब निकाल रहे हैं। कुछ लोग इसे ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन के तलाक की खबरों से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ का कहना है कि बिग बी को अपने स्टारडम के खत्म होने का डर सता रहा है। गौरतलब है कि ऐश्वर्या और अभिषेक के तलाक की चर्चा पिछले कई महीनों से चल रही है। पिछले दिनों यह खबर भी आई थी कि दोनों ‘ग्रे तलाक’ ले सकते हैं। हालांकि इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न ही दोनों ने तलाक की खबरों पर अपना रिएक्शन दिया है।