---विज्ञापन---

शिक्षा angle-right

जिस 17 साल के छात्र ने CBSE के OSM सिस्टम में निकालीं खामियां, मिली IIT कानपुर में जॉब

CBSE Class 12 Result Controversy: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के ऑनलाइन मार्किंग सिस्टम में बड़ी सुरक्षा खामियों का खुलासा करने वाले किशोर साइबर एक्सपर्ट निसर्ग अधिकारी को आईआईटी (IIT) कानपुर ने बड़ा इनाम दिया है. संस्थान ने निसर्ग की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें अपने टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब 'C3iHub' में ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) और थ्रेट इंटेलिजेंस इंजीनियर के पद पर नियुक्त किया है.

---विज्ञापन---

CBSE Class 12 Result Controversy: सीबीएसई (CBSE) के डिजिटल कॉपियां जांचने वाले ओएसएम (OSM) सिस्टम में बड़ी कमियां उजागर करने वाले किशोर निसर्ग अधिकारी को आईआईटी कानपुर ने अपने यहां नौकरी दे दी है. निसर्ग ने ब्लॉग लिखकर बताया था कि कैसे इस सिस्टम में मौजूद खामियों का फायदा उठाकर परीक्षकों के अकाउंट हैक किए जा सकते हैं और छात्रों के नंबरों से छेड़छाड़ हो सकती है. इस पूरे खुलासे के बाद मचे हंगामे के चलते सरकार ने सीबीएसई के चेयरमैन और सचिव को पद से हटा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

आईआईटी कानपुर के डायरेक्टर मनिंद्र अग्रवाल ने खुद निसर्ग के ब्लॉग को पढ़ने के बाद उनसे संपर्क किया था. उन्होंने बताया कि निसर्ग को संस्थान की साइबर सिक्योरिटी टीम में इंजीनियर के रूप में शामिल किया गया है. वे निश्चित तौर पर आईआईटी कानपुर की टीम में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के इंजीनियरों में से एक हैं. इस नौकरी को लेकर निसर्ग भी काफी उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि इससे पहले वे सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे, जहां साइबर सिक्योरिटी केवल उनका एक शौक थी, लेकिन पहली बार वे पूरी तरह से सुरक्षा-केंद्रित भूमिका में काम करेंगे.

---विज्ञापन---

क्या था पूरा मामला और विवाद?

दरअसल, सीबीएसई ने इस बार कक्षा 12वीं की परीक्षाओं के मूल्यांकन के लिए पारंपरिक तरीके को बदलकर डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली यानी ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (OSM) सिस्टम को अपनाया था. विवाद तब शुरू हुआ जब कई छात्रों ने शिकायत की कि बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की गई उत्तर पुस्तिकाओं (Answer Sheets) में उनकी लिखावट (Handwriting) मैच नहीं हो रही है.

इसी बीच 22 मई को किशोर साइबर सुरक्षा शोधकर्ता निसर्ग अधिकारी ने एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए दावा किया कि सीबीएसई के ओएसएम पोर्टल में पांच गंभीर सुरक्षा खामियां (Vulnerabilities) हैं. उन्होंने बताया कि इन कमियों का फायदा उठाकर कोई भी हैकर परीक्षकों के अकाउंट पर पूरी तरह कब्जा कर सकता था, जिससे नतीजों को बदला या रोका जा सकता था. निसर्ग ने इस बारे में भारत की कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) को भी सूचित किया था. हालांकि, उस समय सीबीएसई ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि उनका पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित है.

---विज्ञापन---

सरकार ने लिया कड़ा एक्शन, दो बड़े अधिकारी हटाए गए

छात्रों के प्रदर्शन और निसर्ग के खुलासे के बाद सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बेहद सख्त कदम उठाया है. डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में कथित अनियमितताओं के बाद सरकार ने सीबीएसई के तत्कालीन चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है. उनकी जगह वरिष्ठ नौकरशाह लोकहांडे प्रशांत सीताराम को नया चेयरमैन और वरुण भारद्वाज को नया सचिव नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही इस पूरे सिस्टम को लेकर एक उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

First published on: Jun 11, 2026 12:55 PM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

सीनियर न्यूज एडिटर विजय जैन को पत्रकारिता में 23 साल से अधिक का अनुभव है.  न्यूज 24 से पहले विजय दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में अलग-अलग जगहों पर रिपोर्टिंग और टीम लीड कर चुके हैं, हर बीट की गहरी समझ है। खासकर शहर राज्यों की खबरें, देश विदेश, यूटिलिटी और राजनीति के साथ करेंट अफेयर्स और मनोरंजन बीट पर मजबूत पकड़ है. नोएडा के अलावा दिल्ली, गाजियाबाद, गोरखपुर, जयपुर, चंडीगढ़, पंचकूला, पटियाला और जालंधर में काम कर चुके हैं इसलिए वहां के कल्चर, खानपान, व्यवहार, जरूरत आदि की समझ रखते हैं. प्रिंट के कार्यकाल के दौरान इन्हें कई मीडिया अवार्ड और डिजिटल मीडिया में दो नेशनल अवार्ड भी मिले हैं. शिकायत और सुझाव के लिए स्वागत है- Vijay.kumar@bagconvergence.in

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola