अगर आप अपने बच्चे का दाखिला नवोदय विद्यालय (JNV) में कराना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बेहद काम की खबर है. नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में लेटरल एंट्री सेलेक्शन टेस्ट 2027 के जरिए एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है. अब अभिभावक अपने बच्चों के दाखिले के लिए 22 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. जानिये कौन-कौन इसके लिए अप्लाई कर सकता है और फॉर्म भरने का पूरा प्रोसेस क्या है.
कौन कर सकता है आवेदन?
कक्षा 9वीं में एडमिशन के लिए:
छात्र का उसी जिले के किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ रहा होना जरूरी है, जहां नवोदय विद्यालय स्थित है. जो छात्र 8वीं पास कर चुके हैं, वे फॉर्म नहीं भर सकते. बच्चे का जन्म 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना चाहिए.
कक्षा 11वीं में एडमिशन के लिए:
छात्र का वर्तमान सत्र में 10वीं कक्षा में अध्ययनरत होना अनिवार्य है. 10वीं पास कर चुके छात्र इसके पात्र नहीं हैं. छात्र का जन्म 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच हुआ हो.
कोई आवेदन फीस नहीं
नवोदय विद्यालय में एडमिशन के लिए अप्लाई करना बिल्कुल मुफ्त है. किसी भी वर्ग (General, OBC, SC, ST) के अभ्यर्थी से कोई एप्लीकेशन फीस नहीं ली जाएगी.
कब होगी परीक्षा और कैसा होगा पैटर्न?
लेटरल एंट्री सेलेक्शन टेस्ट देशभर के परीक्षा केंद्रों पर 10 अप्रैल 2027 को आयोजित किया जाएगा. परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) सवाल पूछे जाएंगे. क्वेश्चन पेपर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगा और परीक्षा हल करने के लिए कुल 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा.
घर बैठे खुद कैसे भरें ऑनलाइन फॉर्म?
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट navodaya.gov.in पर जाएं.
- होम पेज पर अपनी कक्षा (9वीं या 11वीं) के अनुसार दिए गए रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें.
- अपनी जरूरी डिटेल्स भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- बच्चे की फोटो, अभिभावक व छात्र के हस्ताक्षर आदि दस्तावेज अपलोड करें.
- फॉर्म को ध्यान से चेक करने के बाद सबमिट कर दें और भविष्य के लिए प्रिंटआउट निकालकर रख लें.