22 साल, 26 चोरियां और जेल से छूटते ही 71 लाख का हाथ… 51 तोला सोना उड़ाने वाला शातिर चोर अरेस्ट
पूछताछ में पता चला कि आरोपी अनिल राजभर साल 2004 से चोरी की दुनिया में सक्रिय है.
Written By bhupendra.thakur

Written By bhupendra.thakur

गुजरात के वडोदरा से एक सनसनीखेज खबर आई है, जिसने पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ा दिए. सयाजीगंज इलाके के एक बंद फ्लैट का ताला टूटा और 51 तोला सोना, चांदी और नगदी गायब हो गया. लेकिन जब वडोदरा क्राइम ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच शुरू की, तो जो सच सामने आया, वो किसी क्राइम थ्रिलर मूवी से कम नहीं है.
जब चोरी हुई, तब मकान मालिक बाहर गए हुए थे. तभी मास्क और टोपी पहने एक शख्स लिफ्ट से सीधा 7वीं मंजिल पर पहुंचता है. जब वहां कोई बंद घर नहीं मिला, तो वो सीढ़ियों से नीचे उतरते हुए तीसरी मंजिल पर आता है. शातिर चोर ने पलक झपकते ही बंद फ्लैट का ताला तोड़ा, अलमारी का लॉकर उखाड़ा और उसमें रखे 51 तोला सोने के गहने, 400 ग्राम चांदी की प्लेट और 40 हजार रुपए कैश लेकर रफूचक्कर हो गया. चोरी की इस वारदात की कीमत करीब 71 लाख रुपये बताई गई.
घटना के बाद सयाजीगंज पुलिस और क्राइम ब्रांच एक्टिव हुई. पुलिस की टीमों ने इलाके के 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की खाक छानी. चोर इतना शातिर था कि हर बार चेहरे पर मास्क और टोपी लगाकर ही निकलता था. मुंबई से ट्रेन पकड़कर भरूच आया, फिर अलग-अलग ऑटो रिक्शा बदलकर वडोदरा पहुंचा – ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले. लेकिन पुलिस के ह्यूमन इंटेलिजेंस और मुंबई रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज ने इस शातिर अपराधी का राजफाश कर दिया. चोर उत्तर प्रदेश का रहने वाला अनिल राजभर निकला.
वडोदरा क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाया और पांड्या ब्रिज के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे अनिल राजभर को दबोच लिया. जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए. बैग से करीब 31 तोला सोने के गहने, चांदी और नगदी बरामद हुई. पुलिस ने कुल 34.29 लाख रुपये से ज्यादा का माल जब्त किया. पूछताछ में सामने आया कि चोरी के बाद वो सीधा मुंबई भागा था, जहां उसने करीब 20 तोला सोना बेच भी दिया था.
पूछताछ में पता चला कि आरोपी अनिल राजभर साल 2004 से चोरी की दुनिया में सक्रिय है. मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे, बेलगाम और गुजरात में 26 से अधिक बड़ी चोरियों को अंजाम दे चुका है. हैरानी की बात यह है कि जेल से बेल पर छूटने के महज 10 दिन बाद ही उसने इस 51 तोले की चोरी को अंजाम दे डाला.
फिलहाल वडोदरा पुलिस ने आरोपी अनिल राजभर को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है. पुलिस अब मुंबई में बेचे गए बाकी गहनों को बरामद करने और इसके अन्य साथियों का पता लगाने में जुटी हुई है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: