गाजियाबाद की प्रिया ने जिम ट्रेनर के साथ मिलकर कैसे रची पति की हत्या की साजिश? CCTV में सामने आया सच

Shashank Kantharia Murder Plot: गाजियाबाद में रहने वाले सरकारी कर्मचारी शशांक कंथारिया पर जानलेवा हमले में उसकी वाइफ प्रिया शर्मा और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को आरोपी बनाया गया है. इससे जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

Priya Sharma Shashank Kantharia X

प्रिया शर्मा, शशांक कंथारिया और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह (Photo-PTI)

Ghaziabad Murder Attempt: यूपी के गाजियाबाद में शशांक कंथारिया पर हुए कथित जानलेवा हमले की वारदात सीसीटीवी फुटेज के जरिए सामने आई है. इस मामले में उनकी वाइफ प्रिया शर्मा और उनके कथित साथी, जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक 26 अक्टूबर 2026 को वसुंधरा स्थित अपने किराए के घर में सोते वक्त शशांक पर कम से कम 12 बार चाकू से वार किया गया. फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

विज्ञापन

CCTV फुटेज में दिखी घटना की पूरी कड़ी

फुटेज के मुताबिक सुबह करीब 5:17 बजे प्रिया अपनी कार से वसुंधरा सेक्टर 1 स्थित ‘जागृति रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सोसाइटी’ से बाहर निकलती दिखीं. इसके तकरीबन 3 मिनट बाद, प्रताप को उस रेसिडेंशियल कैंपस में दाखिल होते और दंपति के फ्लैट की तरफ जाते देखा गया. आरोप है कि उसने सोते हुए शशांक पर हमला कर दिया.

विज्ञापन

पीड़ित की चीख-पुकार और दंपति के3 साल के बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी सतर्क हो गए. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5:23 बजे प्रताप को दो चाकू लेकर घर से बाहर निकलते देखा गया. भागने की कोशिश कर रहे प्रताप का पड़ोसियों ने पीछा किया. 2 बाइक सवारों और सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड की मदद से उसे मेन गेट के पास पकड़ लिया गया. करीब 20 मिनट बाद ऊपर के फ्लैट में शशांक मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. पुलिस का आरोप है कि प्रिया ने घर का दरवाजा खुला छोड़कर प्रताप के अंदर आने में मदद की थी.

जिम ट्रेनर के साथ रिलेशनशिप

पुलिस ने बताया कि मूल रूप से झांसी के रहने वाले शशांक ने करीब 4 साल पहले प्रिया से शादी की थी. ये प्रिया की दूसरी शादी थी. दोनों सरकारी नौकरी करते थे और उनके परिवारों को कभी किसी बड़े विवाद का पता नहीं चला. जांचकर्ताओं के मुताबिक करीब 7-8 महीने पहले जब प्रिया ने प्रताप के जिम, ‘फिटनेस हेडक्वार्टर्स’ जाना शुरू किया, तो दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. बताया जा रहा है कि उनके बीच बातचीत व्हाट्सएप के जरिए शुरू हुई थी.

विज्ञापन

पूछताछ के दौरान प्रताप ने पुलिस को बताया कि वो दोनों शादी करना चाहते थे. जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि जब शशांक को उनके रिश्तों के बारे में पता चला, तो उन्होंने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया और दिवाली के बाद कहीं और शिफ्ट होने का प्लान बनाया था. पुलिस ने ये भी बताया कि 25 अक्टूबर 2026 को सुबह दौड़ते समय दोनों ने कथित तौर पर इस योजना पर चर्चा की थी.

पीड़ित की हालत गंभीर

शशांक के भाई रितेश कंठारिया ने बताया कि परिवार को कभी शक नहीं हुआ कि प्रिया किसी गलत काम में शामिल हो सकती है. उन्होंने बताया कि शशांक के सिर, गर्दन और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं, और चाकू के घाव से उसके फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचा है. परिवार का कहना है कि उसे ठीक होने में काफी लंबा समय लग सकता है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ