बेटा झाड़-फूंक करने वाला ओझा ना बने, इसलिए पिता ने ले ली 10 साल के मासूम की जान

अहमदाबाद के साणंद तालुका के विंछिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता पर अपने ही 10 साल के बेटे की हत्या करने का आरोप है

gujarat news

गुजरात के साणंद में पिता ने अपने 10 साल के बेटे की हत्या कर दी. (Photo: AI)

अहमदाबाद के साणंद तालुका के विंछिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता पर अपने ही 10 साल के बेटे की हत्या करने का आरोप है. हैरानी की बात ये है कि हत्या के बाद आरोपी पिता बेटे के शव को खाट पर रखकर उसके पास ही दूसरी खाट पर सो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी नहीं चाहता था कि उसके बाद उसका बेटा परिवार की परंपरा के अनुसार माता का ‘भुवा’ आनी झाड़-फूंक करने वाला ओझा ना बने.

विज्ञापन

क्या है मामला?

मृतक बच्चे की पहचान 10 वर्षीय करण पटेल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम नरेश पटेल बताया गया है. आरोपी का दावा था कि उसके पिता ओझा थे और उनके बाद वो खुद भी वही बना था. वो नहीं चाहता था कि उसके बाद परिवार में कोई दूसरा व्यक्ति ओझा बने. इसी अंधविश्वास के चलते उसने अपने बेटे की हत्या कर दी. मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले नरेश और उसकी पत्नी भारतीबेन के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि इस दौरान नरेश ने पत्नी के साथ मारपीट की थी. इसके बाद भारतीबेन अपने मायके चली गई थीं. लेकिन 1 नवंबर की शाम पड़ोसी का एक फोन आया, जिसने मां की चिंता बढ़ा दी. पड़ोसी ने बताया कि नरेश ने करण को लाठी से पीटा है. यह सुनते ही भारतीबेन अपने परिवार के सदस्यों के साथ विंछिया गांव पहुंचीं.

विज्ञापन

मां ने की शिकायत

रात करीब 9 बजे जब भारतीबेन अपने घर के पास स्थित जोगणी माता की देरी पर पहुंचीं, तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उनका बेटा करण खाट पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था. वहीं दूसरी खाट पर उसका पिता नरेश सो रहा था. आरोपी के कपड़ों पर भी खून के निशान होने की बात सामने आई है. जब भारतीबेन ने पति से बेटे की मौत के बारे में पूछा, तो उसने कथित तौर पर पूरी घटना बताई.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

शिकायत के मुताबिक, नरेश ने बताया कि उसने करण को दोनों पैरों से पकड़कर जोगणी माता की देरी के पास दो-तीन बार पटका और फिर उसके सिर पर लाठी से वार किया. आरोप है कि उसने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वह नहीं चाहता था कि उसके बाद उसका बेटा परिवार में ओझा बने. घटना की जानकारी मिलते ही साणंद पुलिस मौके पर पहुंची. FSL की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया. मृतक की मां भारतीबेन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नरेश पटेल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बाकी सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ