कई परिवार गांव से शहर नौकरी, पढ़ाई या बिजनेस के लिए शिफ्ट हो जाते हैं, लेकिन गांव में पुश्तैनी घर या खेत वहीं का वहीं रह जाता है. और जब कागज मांगते हैं तो पता चलता है- अरे, पट्टा ही नहीं है, खतौनी में नाम ही नहीं चढ़ा. यहीं से शुरू होता है असली झंझट. पट्टे के बिना ना बैंक लोन, ना सरकारी योजना और पड़ोसी कब्जा कर ले तो लड़ाई अलग. तो आज इसी को एकदम आसान शब्दों में समझते हैं कि पट्टा होता क्या है और मिलेगा कैसे?
पट्टा क्या होता है? क्या ये रजिस्ट्री जैसा है?
बहुत लोग सोचते हैं पट्टा मतलब रजिस्ट्री. नहीं भाई. पट्टा एक तरह का सरकारी कागज है जो सरकार या राजस्व विभाग देता है कि ये जमीन तुम इस्तेमाल कर सकते हो. कई बार सरकार गरीबों, भूमिहीनों, SC/ST, कुम्हार, मछुआरा, BPL परिवारों को रहने या खेती के लिए जमीन देती है, उसी कागज को पट्टा बोलते हैं.
ध्यान देने वाली बात ये है कि हर पट्टे पर शर्तें लिखी होती हैं. कई पट्टों पर लिखा होता है – बेच नहीं सकते, गिरवी नहीं रख सकते, सिर्फ रह सकते हो. तो ये फ्रीहोल्ड रजिस्ट्री जैसा नहीं होता. राज्य के हिसाब से इसका मतलब बदल जाता है.
पट्टा लेने से पहले जमीन की कैटेगरी कैसे चेक करें?
फॉर्म भरने से पहले ये क्लियर करो कि आपकी पुश्तैनी निजी जमीन है? सरकारी जमीन है? ग्राम सभा / ग्राम समाज की जमीन है? या लीज वाली जमीन है? अगर जमीन पहले से आपके दादा के नाम है बस विरासत में नाम नहीं चढ़ा, तो आपको नया पट्टा नहीं, म्यूटेशन / दाखिल-खारिज / वरासत कराना होगा. और अगर सरकारी जमीन पर बसे हो तो पट्टा / आवंटन के लिए आवेदन होगा. गलत जगह आवेदन कर दिया तो पैसा और टाइम दोनों बर्बाद
पट्टा मिलता कैसे है? UP का उदाहरण
हर राज्य का प्रोसेस अलग है, लेकिन गांव में मोटा-मोटी यही होता है. UP में जैसे होता है. लेखपाल या ग्राम पंचायत पहले देखती है कि कौन सी जमीन खाली है और कौन पात्र है. फिर गांव में ही जांच होती है, मुनादी या नोटिस लग सकता है कि किसी को आपत्ति तो नहीं. उसके बाद तहसीलदार या SDM लेवल पर फाइल जाती है, जमीन की नाप-जोख, खसरा नंबर, मौके की जांच होती है. सब ठीक रहा तो पट्टा फाइनल. अकेले कब्जा कर लेने से हक नहीं मिलता, सरकारी स्कीम में पात्र होना जरूरी है.
किसे पहले मिलेगा? Priority किसकी है?
सरकार ऐसे ही किसी को भी पट्टा नहीं दे देती. प्राथमिकता आमतौर पर:
भूमिहीन परिवार
अनुसूचित जाति / जनजाति
आर्थिक रूप से कमजोर (EWS)
शहीद जवानों के परिवार, दिव्यांग आदि – ये स्कीम पर निर्भर है
तो अपनी कैटेगरी का सर्टिफिकेट पहले से तैयार रखें.
कौन से कागज लगेंगे?
आधार कार्ड, निवास प्रमाण
फोटो
राशन कार्ड / BPL / जाति प्रमाण पत्र (अगर योजना में जरूरी हो)
जमीन का खसरा नंबर, नक्शा, चौहद्दी, पुरानी रसीद / खतौनी
बिजली-पानी का बिल, हाउस टैक्स रसीद (पुराने कब्जे के सबूत के तौर पर)
शपथ पत्र या एफिडेविट
याद रखें, सिर्फ बिजली का बिल दिखा देने से आप मालिक नहीं बन जाते, फैसला राजस्व रिकॉर्ड से होगा.
ऑफलाइन आवेदन कैसे करें?
सीधे अपनी ग्राम पंचायत, पंचायत सचिव या तहसील में जाओ और पूछें – ये जमीन पट्टे लायक है क्या? वहां से फॉर्म लें, खसरा नंबर, नाम, पता सब साफ-साफ भरें. सारे कागज अटैच करके जमा करें. फिर लेखपाल या पटवारी जांच करने आएगा, जमीन देखेगा. वेरिफिकेशन के बाद ही पट्टा मिलेगा. आपको सलाह है कि दलाल के चक्कर में पैसा मत वेस्ट कीजिएगा.
क्या ऑनलाइन आवेदन हो सकता है?
हां भी और नहीं भी. हर राज्य का अलग पोर्टल है – जैसे UP Bhulekh, MP Bhulekh, Rajasthan E-Dhara, e-District. कई पोर्टल पर आप सिर्फ अपना रिकॉर्ड देख सकते हैं, नया पट्टा अप्लाई नहीं कर सकते. जहां सुविधा है वहां आप – Land Services > Patta / Allotment Application पर जाकर डिटेल भरकर अपलोड कर सकते हैं.
ऐसा करने के बाद आवेदन नंबर संभाल कर रखें और हमेशा अपने राज्य की सरकारी ऑफिशियल वेबसाइट से ही करें.
पट्टा होने का फायदा क्या है?
सरकारी कागज में आपका नाम, तो कब्जे को लेकर झगड़ा कम.
सरकारी योजनाओं में काम आएगा.
बैंक में कुछ केस में लोन के लिए डॉक्यूमेंट के तौर पर देखा जाता है.
लेकिन फिर वही बात – हर पट्टा बेचने या लोन पर रखने लायक नहीं होता, उसकी शर्तें जरूर पढ़ें.
अप्लाई करने से पहले ये जरूर करें
अपनी जमीन की खतौनी या खसरा निकलवाएं, उसमें जमीन का प्रकार, खाता संख्या, रकबा देखें. अगर पुराना पुश्तैनी घर है और दादा के नाम है तो तहसील में पूछें कि विरासत दर्ज करानी है या नया पट्टा. बिना कैटेगरी पता किए फॉर्म मत भरिए.