Veg Thali Price Hike: त्योहारों से पहले घर का खाना हुआ महंगा! प्याज 89% तो कुकिंग ऑयल 12% उछला

Veg Thali Price Hike: क्रिसिल की ताजा रिपोर्ट के अनुसार सितंबर में वेज थाली 10% और नॉन-वेज थाली 6% महंगी हो गई है. जानिए प्याज, कुकिंग ऑयल, चावल और एलपीजी के दामों में आई तेजी का पूरा ब्योरा.

CRISIL Roti Rice Rate Report

वेज थाली 10% महंगी हो गई है. प्याज 53/किलो ब‍िक रहा है. इसी कुक‍िंग ऑयल भी 12 फीसदी महंगा हो गया है. (Photo - AI)

सितंबर के महीने में त्योहारों की शुरुआत से ठीक पहले आम परिवारों की रसोई का बजट एक बार फिर बुरी तरह डगमगा गया है. घर में बनने वाले रोजाना के साधारण खाने पर भी महंगाई की मार साफ दिखने लगी है.

विज्ञापन

रेपुटेड रेटिंग एजेंसी क्रिसिल (CRISIL) की ताजा ‘रोटी राइस रेट’ (Roti Rice Rate) रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में घर में तैयार होने वाली शाकाहारी (Veg) थाली की लागत सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़ गई है. वहीं मांसाहारी (Non-Veg) थाली भी 6 फीसदी महंगी हो गई है.

विज्ञापन

थाली की कीमत में कितना हुआ इजाफा?

क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले इस साल सितंबर में घर के खाने का बिल काफी बढ़ चुका है. पिछले साल सितंबर में जिस वेज थाली को पकाने में 28.1 रुपये का खर्च आता था, अब उसकी लागत बढ़कर 30.8 रुपये हो गई है. महीने-दर-महीने देखें तो अगस्त के मुकाबले सितंबर में 4% बढ़ोतरी हुई है.

नॉन-वेज थाली की कीमत 56 रुपये से बढ़कर 59.5 रुपये पर पहुंच गई है. अगस्त के मुकाबले सितंबर में 3% की बढ़त.

विज्ञापन

आंसू निकाल रहा है प्याज: 89% का भारी उछाल
रसोई के इस बढ़ते खर्च के पीछे सबसे बड़ा कसूरवार प्याज है. सितंबर में प्याज के दाम सालाना आधार पर 89 फीसदी तक उछल गए. पिछले साल सितंबर में जो प्याज 28 रुपये प्रति किलो मिल रहा था, इस साल उसकी कीमत 53 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई.

क्यों बढ़ा प्याज?
रबी सीजन में प्याज के उत्पादन में 5 से 6 फीसदी की गिरावट आई थी, जिससे बाजार में पुराना स्टॉक कम बचा. इसके अलावा जून में सामान्य से 40% कम बारिश होने के कारण खरीफ फसल की बुआई में देरी हुई और मंडियों में नई आवक पिछड़ गई. केवल एक महीने के भीतर ही प्याज 34% महंगा हो गया.

विज्ञापन

तेल, चावल और एलपीजी सिलेंडर ने भी बढ़ाई मुसीबत
केवल प्याज ही नहीं, रसोई में इस्तेमाल होने वाली दूसरी जरूरी चीजों ने भी जेब पर बड़ा बोझ डाला है. ग्लोबल सप्लाई में तनाव और अल नीनो के असर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पादन प्रभावित हुआ, जिससे देश में कुकिंग ऑयल के दाम 12% बढ़ गए.

अंतरराष्ट्रीय सप्लाई में आई दिक्कतों के चलते एलपीजी सिलेंडर के दाम सालाना आधार पर 10% महंगे हुए हैं. धान का रकबा घटने और पैदावार कमजोर रहने के अनुमान से चावल की कीमतों में 8% की तेजी आई है.

विज्ञापन

नॉन-वेज थाली में धीमी रफ्तार क्यों?
शाकाहारी थाली के मुकाबले नॉन-वेज थाली की कीमत उतनी तेजी से नहीं बढ़ी, केवल 6% इजाफा द‍िखा. इसकी मेन वजह यह है कि पूरी नॉन-वेज थाली की कुल लागत में लगभग 50 फीसदी हिस्सा ब्रॉयलर चिकन का होता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, चारे के लिए मक्के की ऊंची कीमतों और सप्लाई में रुकावट के बावजूद सितंबर में ब्रॉयलर चिकन के दाम सालाना और मासिक आधार पर केवल 2 फीसदी ही बढ़े, जिससे नॉन-वेज थाली की महंगाई नियंत्रित रही.

विज्ञापन

त्योहारों के सीजन में आगे क्या रहेगा माहौल?
क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर के पहले 15 दिनों में प्याज की कीमतों में और तेज उछाल देखने को मिल सकता है, क्योंकि त्योहारों की मांग के कारण सप्लाई पर भारी दबाव रहेगा.

राहत की बात ये है क‍ि अक्टूबर के अंत तक जब खरीफ की नई फसल मंडियों में बड़े पैमाने पर पहुंचने लगेगी, तब प्याज के दाम धीरे-धीरे कम होने की पूरी उम्मीद है. तब तक आम लोगों को रसोई के बजट में थोड़ी सख्ती बरतनी होगी.

विज्ञापन

त्योहारी सीजन में खान-पान का खर्च बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन प्याज और कुकिंग ऑयल के बढ़े दाम मध्यमवर्गीय परिवार के मासिक बजट का संतुलन बिगाड़ रहे हैं. जब तक मंडियों में नई आवक पूरी तरह शुरू नहीं होती, तब तक रसोई के बजट को संभालकर चलाना ही समझदारी होगी.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vandana Bharti

Vandana Bharti

वन्‍दना भारती News 24 में बतौर ड‍िप्‍टी न्‍यूज एडिटर कार्यरत हैं और मौजूदा समय में बिजनेस डेस्‍क संभाल रही हैं. वन्दना News 24 के लिए स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, कमोडिटी मार्केट, सरकारी योजनाओं पर खबरें लिखती हैं. वन्‍दना ने अपने करियर की शुरुआत दैन‍िक जागरण अखबार से की. इसके बाद देशबंधु अखबार में उन्होंने ब‍िजनेस रिपोर्टिंग में अपनी विशेषज्ञता विकसित की. साल 2010 में उन्होंने ह‍िन्‍दुस्‍तान अखबार में अपनी सेवाएं दीं, जहां उन्होंने ब‍िजनेस पेज के लिए 6 साल तक काम किया. वन्‍दना, आजतक डिजिटल, India.com और News18.com जैसे न्यूज प्लेटफॉर्म्स में बिजनेस डेस्क से जुड़ी रही हैं. वन्दना ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम किया है. कॉमर्स बैकग्राउंड होने के कारण उनकी बिजनेस की खबरों में अच्छी पकड़ है और इन खबरों को वह आसान भाषा में यूजर्स तक पहुंचाती हैं. कितने साल का अनुभव: 18 साल योग्यता: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम और नई द‍िल्‍ली के YMCA संस्‍थान से पत्रकार‍िता में पीजीडीएमए की डिग्री प्राप्त की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ