दीपावली के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य की जनता के लिए एक के बाद एक कई बड़े और ऐतिहासिक ऐलान किए हैं. आउटसोर्स कर्मचारियों को बोनस और मानदेय का तोहफा देने के बाद अब सरकार ने किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के लिए विशेष सौगातों का पिटारा खोल दिया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद ऐलान किया है कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों और महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए जल्द ही एक विशेष पैकेज लाया जाएगा. इसके साथ ही मंडियों में सस्ते भोजन के लिए अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करने का भी बड़ा फैसला लिया गया है. जानिये सरकार के इस नए ऐलान से यूपी की जनता को क्या-क्या फायदे मिलने वाले हैं.
किसानों और महिलाओं के लिए आने वाला है विशेष पैकेज
किसानों के लिए राहत: सीएम योगी ने घोषणा की है कि प्राकृतिक कारणों या आपदाओं से फसलों में नुकसान झेलने वाले किसानों के लिए जल्द ही एक बड़ा राहत पैकेज लाया जाएगा. इससे प्रदेश के करीब 3 करोड़ किसान परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा.
दूसरी ओर महिलाओं को और अधिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार जल्द ही विशेष योजना और पैकेज लेकर आएगी. लखपति दीदी और बीसी सखी जैसी योजनाओं की सफलता के बाद अब महिलाएं उद्योगों में नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है.
मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भोजनालय
प्रदेश के किसानों और मेहनतकश श्रमिकों को सम्मानजनक और बेहद सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के लिए एक बेहतरीन पहल की शुरुआत की जा रही है. मंडियों में अपनी फसल बेचने आने वाले किसान अब मामूली टोकन मनी देकर सम्मान के साथ भरपेट भोजन कर सकेंगे. निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए बनाए जाने वाले श्रमिक अड्डों पर भी अन्नपूर्णा भोजनालय के जरिए सस्ते और पौष्टिक खाने की व्यवस्था की जाएगी.
1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को दिवाली का तोहफा
मंगलवार को दीपावली के खास मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए बड़ा अभियान शुरू किया. सरकार ने करीब 1,500 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों के बैंक खातों में रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की राशि ट्रांसफर की है. लाभार्थियों को दीपावली के इस अवसर पर गैस सिलेंडर के पैसे रिफंड मिलने से त्योहार की खुशियां और दोगुनी हो गई हैं.
खाद की कालाबाजारी और धान खरीद पर सख्त चेतावनी
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं. जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर नजर रखें. अगर कोई जमाखोरी, कृत्रिम संकट पैदा करने या तय कीमत से ज्यादा पर खाद बेचते पकड़ा गया, तो उस पर तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इसके साथ ही धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और उनकी उपज की तौल पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए.