Nitin Arora
Read More
UIDAI new update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 7 सितंबर को सूचित किया कि उसने दस्तावेजों के मुफ्त आधार अपडेट को 14 सितंबर, 2023 से 3 महीने के लिए बढ़ाकर 14 दिसंबर, 2023 कर दिया है। इस टाइम पीरियड के दौरान आधार धारक फ्री में ही अपने आधार से जुड़े काम कर पाएंगे। पहले दस्तावेज अपडेट करने के लिए पैसे लगते थे। हालांकि, अगर अब भी आप किसी सेंटर में जाकर दस्तावेज अपडेट कराना चाहते हैं तो वहां अब भी पैसे लगेंगे, लेकिन ऑनलाइन मुफ्त में काम हो जाएगा।
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, एक आधिकारिक ज्ञापन में, UIDAI ने कहा, ‘अधिक निवासियों को आधार में अपने दस्तावेज अपडेट करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए, 14 सितंबर तक myAadhaar पोर्टल के माध्यम से आधार में अपने दस्तावेज को निःशुल्क अपडेट करने का प्रावधान प्रदान करने का निर्णय लिया गया। लेकिन निवासियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के आधार पर, इस सुविधा को तीन और महीनों, यानी 15 सितंबर से 14 दिसंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।’
आगे कहा गया, ‘तदनुसार, दस्तावेज अपडेट की सुविधा myAadhaar पोर्टल https://myaadhaar.uidai.gov.in/ के माध्यम से 14 दिसंबर तक निःशुल्क जारी रहेगी।’
इसके अलावा UIDAI ने 10 साल पुराने आधार धारकों से आधार को नवीनतम जानकारी के साथ अपडेट करने के लिए भी कहा है। UIDAI की वेबसाइट के अनुसार, ‘जनसांख्यिकीय जानकारी की सटीकता जारी रखने के लिए कृपया आधार को अपडेट करें। इसे अपडेट करने के लिए, अपनी पहचान का प्रमाण और पते के प्रमाण के दस्तावेज अपलोड करें।’
मांगे गए विवरणों में नाम, पता और विवाह या मृत्यु आदि के मामले में रिश्तेदारों का विवरण शामिल है। इन विवरणों को UIDAI की वेबसाइट पर मुफ्त में अपडेट किया जा सकता है या 25 रुपये का भुगतान करके सामान्य सेवा केंद्रों (CSC) पर भी किया जा सकता है।
न्यूज 24 पर पढ़ें बिजनेस, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।