अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी की हार का असर अब सीधे दुनिया के सबसे बड़े टेक उद्योगपतियों की तिजोरी पर दिखने लगा है. डेमोक्रेटिक पार्टी के अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने के बाद, शेयर बाजार में आई गिरावट ने दुनिया के दिग्गजों की संपत्ति में एक ही दिन में भारी नुकसान करा दिया है. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) में इस उलटफेर से दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की संपत्ति में करीब 7.53 लाख करोड़ रुपये ($79.7 बिलियन) का बड़ा झटका लगा है. वहीं एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेनसेन हुआंग टॉप-10 अमीरों की लिस्ट से ही बाहर हो गए हैं.
800 अरब डॉलर से नीचे आई एलन मस्क की दौलत
इस साल दुनिया के पहले खरबपति बनने का कीर्तिमान रचने वाले एलन मस्क (Elon Musk) का कुल नेटवर्थ अब घटकर 785 अरब डॉलर रह गया है. मस्क की संपत्ति का बड़ा हिस्सा टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के शेयरों से जुड़ा है. गुरुवार को बाजार में मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के शेयरों में 9% की बड़ी गिरावट देखी गई.
जेनसेन हुआंग टॉप-10 से बाहर, जिम वॉल्टन की एंट्री
एआई (AI) चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया के शेयर गुरुवार को 9.3% टूट गए, यह जनवरी 2025 के बाद सबसे बड़ी गिरावट है. इससे हुआंग की संपत्ति में एक दिन में $15.1 बिलियन (करीब 1.43 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ और उनका नेटवर्थ घटकर 150.9 अरब डॉलर रह गया. हुआंग अब 9वें स्थान से खिसककर 13वें स्थान पर आ गए हैं और टॉप-10 की लिस्ट से बाहर हो गए हैं.
वहीं हुआंग की जगह अब 155 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ जिम वॉल्टन (Jim Walton) ने दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है. ओरेकल (Oracle) के को-फाउंडर लैरी एलिसन के शेयर 6.9% गिरे, जिससे उन्हें $10.1 बिलियन (करीब 95,400 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ.
आखिर क्यों गिरे एआई और टेक कंपनियों के शेयर?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, टेक और एआई (AI) शेयरों में गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी संसद में बने नए राजनीतिक समीकरण हैं. डेमोक्रेटिक पार्टी का संसद पर नियंत्रण होने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि एआई (AI) की रीढ़ माने जाने वाले विशाल डेटा सेंटर्स के निर्माण पर सख्त नियम (Regulations) और पर्यावरण से जुड़ी पाबंदियां लागू की जा सकती हैं. एनवीडिया डेटा सेंटर चिप्स बनाती है, स्पेसएक्स अपने डेटा सेंटर्स पर काम कर रहा है और ओरेकल कंपनियों को कंप्यूटिंग पावर देती है—इसलिए इन कंपनियों के शेयरों पर सीधी मार पड़ी.
एक दिन में 500 अरबपतियों के डूबे 17.5 लाख करोड़ रुपये
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के इतिहास में गुरुवार का दिन टेक दिग्गजों के लिए बहुत भारी साबित हुआ. इंडेक्स में शामिल दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति में गुरुवार को 185 अरब डॉलर (करीब 17.48 लाख करोड़ रुपये) की गिरावट आई. 2012 में यह इंडेक्स शुरू होने के बाद से यह एक दिन की 14वीं सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है.